रणबीर कपूर की 'रामायण' को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। अब फिल्म के सेट से आईं कुछ तस्वीरों ने इसकी शूटिंग और एक्शन की तैयारियों की झलक दिखाई है। साथ ही सामने आया है उस शख्स का नाम, जिसने पर्दे पर रणबीर के लिए स्टंट किए।
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' से जुड़ी एक नई जानकारी सामने आई है। फिल्म में रणबीर कपूर के लिए स्टंट करने वाले कलाकार ल्यूक इयोनू ने शूटिंग के दौरान की कुछ तस्वीरें साझा की हैं। उनके इस पोस्ट से फिल्म के पर्दे के पीछे की तैयारियों और बड़े स्तर पर हो रही शूटिंग की झलक मिली है।
29
ल्यूक इयोनू ने बताया कि उन्होंने फिल्म में रणबीर कपूर के स्टंट डबल के तौर पर काम किया है। यानी जिन दृश्यों में रणबीर के किरदार के लिए स्टंट करने की जरूरत थी, वहां ल्यूक ने उनकी जगह यह जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने इस अनुभव को अपने लिए बेहद खास बताया और फिल्म का हिस्सा बनने पर खुशी जताई।
रणबीर के साथ काम करने के अनुभव पर ल्यूक ने उनकी तारीफ भी की। इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “रामायण जैसी महत्वपूर्ण कहानी को पर्दे पर लाने का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद सौभाग्य की बात है। रणबीर कपूर के स्टंट डबल के तौर पर काम करना मेरे लिए यादगार अनुभव रहा। वह उन बेहतरीन कलाकारों में से एक हैं, जिनके साथ काम करने का मुझे मौका मिला है।”
49
ल्यूक ने इस फिल्म में काम करने का अवसर देने के लिए इयान वैन टेम्परली और जी स्टंट अलायंस ग्रुप का भी आभार जताया। उन्होंने शूटिंग के दौरान साथ काम करने वाले कलाकारों और पूरी टीम को धन्यवाद दिया। अपने अनुभव के बारे में उन्होंने आगे लिखा, “यह एक कभी न भूलने वाला सफर रहा और इसका हिस्सा बनना मेरे लिए सचमुच विनम्र कर देने वाला अनुभव है।”
59
ल्यूक की साझा की गई तस्वीरों में फिल्म के कलाकारों के लुक और वेशभूषा की भी झलक दिखाई देती है। एक तस्वीर में रणबीर के पास पारंपरिक सुनहरे-भूरे रंग की पोशाक पहने एक कलाकार नजर आता है। उसके गले में रुद्राक्ष की कई मालाएं हैं और बालों को ऊपर की ओर जूड़े में बांधा गया है।
एक अन्य तस्वीर में फिल्म के एक किरदार की विस्तृत वेशभूषा दिखाई देती है। इसमें चमड़े जैसी बनावट वाला छाती का कवच और मैरून रंग की धोती नजर आती है। तस्वीर के पीछे कृत्रिम चट्टानों जैसी संरचनाएं भी दिखाई दे रही हैं। इन झलकियों से फिल्म के किरदारों और उनके लुक तैयार करने में की गई मेहनत का अंदाजा मिलता है।
79
फिल्म के एक्शन दृश्यों की तैयारी भी तस्वीरों में खास ध्यान खींचती है। एक फोटो में स्टंट कलाकार को एक विशाल यांत्रिक ढांचे पर खड़ा देखा जा सकता है, जिसे किसी पौराणिक जीव जैसा रूप दिया गया है। इस ढांचे को कई तारों की मदद से संभाला गया है और पीछे नीली स्क्रीन लगी हुई है।
89
ल्यूक की तस्वीरों में एक विशाल कैमरा सेटअप भी दिखाई देता है। इससे अंदाजा लगता है कि फिल्म के एक्शन दृश्यों को फिल्माने के लिए बड़े स्तर पर उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ल्यूक इयोनू इससे पहले 'वंडर वुमन', 'वंडर वुमन 1984', 'नो टाइम टू डाई' और 'द बैटमैन' जैसी अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में भी काम कर चुके हैं।
99
ल्यूक के काम में 'हाउस ऑफ द ड्रैगन' जैसी फैंटेसी सीरीज भी शामिल है। वहीं नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में हैं। फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल, इंदिरा कृष्णन और कुणाल कपूर भी नजर आएंगे। इसके दूसरे भाग की रिलीज 2028 के लिए तय की गई है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।