
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म 'रामायण' इन दिनों सिनेमाघरों में दिखाई जा रही है, लेकिन कुछ लोग थिएटर के अंदर इसके दृश्य रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। अब फिल्म के निर्माताओं ने ऐसे लोगों को साफ चेतावनी दी है। टीम ने कानूनी नोटिस जारी करते हुए कहा है कि बिना अनुमति फिल्म की रिकॉर्डिंग करना या उसे ऑनलाइन फैलाना गंभीर अपराध हो सकता है। इसके लिए जेल और जुर्माने तक की कार्रवाई संभव है। मेकर्स ने लीक वीडियो साझा करने वालों से उन्हें तुरंत हटाने को भी कहा है।
फिल्म के आधिकारिक सोशल मीडिया खातों पर जारी नोटिस में निर्माताओं ने बताया कि उन्हें थिएटर में फिल्म के दृश्य रिकॉर्ड किए जाने और अलग-अलग ऑनलाइन मंचों पर फैलाए जाने की जानकारी मिली है। टीम ने साफ किया है कि बिना अनुमति फिल्म का कोई भी हिस्सा रिकॉर्ड करना, अपलोड करना या साझा करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : Ramayana Review: सनी देओल ने देखी रणबीर कपूर की 'रामायण', अपने रिव्यू में कही यह बात
नोटिस में 2 और 6 नवंबर 2026 के बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेशों का हवाला दिया गया है। इसके मुताबिक, कमर्शियल आईपी सूट में अदालत ने सभी ज्ञात और अज्ञात लोगों को बिना अनुमति फिल्म या उसके किसी हिस्से की रिकॉर्डिंग, अपलोडिंग और साझा करने से रोक दिया है।
निर्माताओं ने चेताया है कि ऐसा करना सिर्फ कॉपीराइट का उल्लंघन नहीं, बल्कि आपराधिक अपराध भी हो सकता है। नोटिस में कॉपीराइट एक्ट 1957, सिनेमैटोग्राफ एक्ट 1952, भारतीय न्याय संहिता 2023 और आईटी एक्ट 2000 का उल्लेख है। इसके तहत जेल और जुर्माने की कार्रवाई के साथ अदालत की अवमानना का मामला भी बन सकता है।
टीम ने पहले से वीडियो साझा कर चुके लोगों से उन्हें तुरंत हटाने को कहा है। चेतावनी दी गई है कि ऐसा न करने वालों की शिकायत संबंधित अधिकारियों और उन ऑनलाइन मंचों से की जाएगी, जहां ये वीडियो मौजूद हैं। नोटिस में कहा गया है कि दोषियों के खिलाफ बिना किसी और सूचना के आपराधिक, दीवानी और अदालत की अवमानना से जुड़ी कार्यवाही की जाएगी।
A clear reminder: Unauthorised recording and sharing of the film is prohibited. https://t.co/28fLMDza4N
— The World Of Ramayana (@WorldOfRamayana) November 7, 2026
यह भी पढ़ें : Ramayana BTS: 9 PHOTO में देखें कैसे हुई 'रामायण' की शूटिंग, किसने किए रणबीर कपूर के स्टंट?
हनुमान के रूप में सनी देओल की पोस्ट-क्रेडिट झलक आधिकारिक तौर पर रिलीज के दिन सामने आई थी। इसके अलावा एक कथित अंतरराष्ट्रीय संस्करण का दृश्य भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है। बताया जा रहा है कि यह हिंदी संस्करण में शामिल नहीं है। इसमें शूर्पणखा की नाक कटने के बाद असुरों का राम, लक्ष्मण और सीता के सामने आना और राम का उनसे मुकाबला करना दिखाया गया है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। कलाकारों में रवि दुबे, इंदिरा कृष्णन, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय, सोनल झा, लारा दत्ता, कुणाल कपूर, रकुल प्रीत सिंह और काजल अग्रवाल भी शामिल हैं। फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2028 पर रिलीज होगा।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।