
नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायणम्’ में साई पल्लवी के सीता के योद्धा रूप ने दर्शकों के बीच नई बहस छेड़ दी है। फिल्म के एक दृश्य में सीता तलवार थामे राक्षसों से मुकाबला करती दिखती हैं। इस पर कौशल्या का किरदार निभाने वाली इंदिरा कृष्णन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने माना कि बचपन में देखी रामायण में उन्होंने सीता को कभी योद्धा के रूप में नहीं देखा था, लेकिन फिल्म में इस दृश्य के पीछे मेकर्स की सोच भी समझाई। साथ ही उन्होंने बताया कि फिल्म में महिलाओं को किस तरह मजबूत दिखाया गया है।
न्यूज18 से बातचीत में इंदिरा कृष्णन ने माना कि नितेश तिवारी की 'रामायणम्' में सीता को तलवार चलाते देखना उन्हें भी समझ नहीं आया। उन्होंने कहा, “मैं भी दर्शकों की बात से सहमत हूं। बचपन में जब मैंने रामायण देखी थी, तब मैंने कभी सीता को योद्धा के रूप में नहीं देखा था। मैं इस हिस्से को पुराने टीवी शो में देखी गई रामायण से जोड़ नहीं पाई।” हालांकि, उन्होंने फिल्म में इस दृश्य को शामिल करने के पीछे मेकर्स की सोच का बचाव भी किया। इंदिरा ने कहा, “मेकर्स दिखाना चाहते थे कि सीता कमजोर नहीं थीं। वह योद्धाओं के परिवार से थीं, जहां यह सुनिश्चित किया जाता था कि बेटियों को भी तलवार चलाने की कला सिखाई जाए। इस दृश्य के जरिए उन्होंने सीता के शौर्य को दिखाया है, जबकि उनका स्वभाव बेहद कोमल था।”
फिल्म में महिलाओं के मजबूत चित्रण पर इंदिरा ने कहा, “हमारी फिल्म में हर महिला की अपनी ताकत है। जब उन्होंने मुझे कौशल्या के किरदार के लिए चुना, तो वे उदास चेहरे वाली मां नहीं चाहते थे। वह भावुक होने के साथ मजबूत और आत्मविश्वासी भी हैं। कैकसी के मामले में भी ऐसा ही है। पुरानी रामायण में उन्हें ज्यादा नहीं दिखाया गया था। लोग नहीं जानते थे कि रावण की मां खुद एक योद्धा थीं। इस बात ने सभी को हैरान कर दिया।”
शोभना के अभिनय की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, “लोग कैकसी के रूप में शोभना को बहुत पसंद कर रहे हैं। उन्होंने शानदार काम किया है। यही बात शूर्पणखा के लिए भी कही जा सकती है। उसे रावण की बहन होने पर बहुत गर्व था। वह सिर्फ राम को देखकर कमजोर पड़ी थी। लेकिन हमारी फिल्म में कोई भी महिला कमजोर नहीं दिखाई गई है। मेकर्स ने इतिहास या पौराणिक कथाओं को नहीं बदला, उन्होंने बस यह दिखाया है कि एक महिला कैसी होनी चाहिए।”
कौशल्या के किरदार और स्क्रीन टाइम पर इंदिरा ने कहा, “कौशल्या के बिना राम नहीं हैं। कुछ दृश्यों में उन्हें ‘कौशल्या नंदन राम’ कहकर भी संबोधित किया गया है। जिन दृश्यों में वह मौजूद नहीं हैं, वहां भी उनकी उपस्थिति महसूस होती है। उदाहरण के लिए कैकयी और मंथरा के बीच के दृश्य में भी ऐसा ही है। पूरी फिल्म में कौशल्या का चित्रण बिल्कुल वैसा ही है, जैसा होना चाहिए था।” उन्होंने आगे कहा, “हां, एक कलाकार के तौर पर हमेशा लगता है कि कुछ और दृश्य मिल सकते थे। लेकिन मैं खुश हूं कि मेरा कोई भी दृश्य फिल्म से नहीं हटाया गया। नितेश सर ने मुझसे साफ कहा था कि वह कौशल्या को इतना ही दिखाना चाहते हैं और राम के अयोध्या छोड़ने तक उन्हें हर फ्रेम में मौजूद रखना चाहते हैं। उन्होंने अपना वादा निभाया।”
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।