
नितेश तिवारी की 'रामायण: पार्ट 1' ने सिनेमाघरों में दस्तक देने के साथ ही दुनियाभर के दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की इस फिल्म को भारत के साथ विदेशी बाजारों में भी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। हालांकि, दूसरे दिन घरेलू कमाई में पहले दिन के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई, लेकिन विदेशों से मिले कारोबार ने फिल्म को 200 करोड़ क्लब में पहुंचा दिया है। अब फिल्म की नजर आने वाले दिनों में दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखने और अपनी कमाई की रफ्तार कायम रखने पर होगी।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' ने रिलीज के शुरुआती दो दिनों में दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 221.05 करोड़ रुपए की ग्रॉस कमाई की है। इसमें भारत से 134.80 करोड़ रुपए की ग्रॉस कमाई और विदेशों से लगभग 86.25 करोड़ रुपए का कारोबार शामिल है। फिल्म ने भारतीय बाजार में दूसरे दिन 48.05 करोड़ रुपए की नेट कमाई की। जबकि विदेशों में दूसरे दिन इसका ग्रॉस कलेक्शन 35 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया।
पहले दिन भारत में 64.85 करोड़ रुपए की शुद्ध कमाई करने वाली फिल्म ने दूसरे दिन करीब 48.05 करोड़ रुपए जुटाए। यानी पहले दिन के मुकाबले कमाई में लगभग 25.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई। दो दिनों का भारतीय शुद्ध कारोबार 112.90 करोड़ रुपए हो गया है। फिल्म ने पहले दिन 25,200 शोज में लगभग 25.26 लाख टिकट बेचे थे। दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंचे, हालांकि शुरुआती दिन जैसा कारोबार नहीं रहा।
दूसरे दिन हिंदी संस्करण सबसे आगे रहा। इसने 35.50 करोड़ रुपए की शुद्ध कमाई की। कन्नड़ संस्करण से 5.15 करोड़ और तेलुगु से 4.75 करोड़ रुपए आए। तमिल संस्करण ने 1.50 करोड़, जबकि मलयालम संस्करण ने 1.15 करोड़ रुपए जुटाए। इस तरह पांचों भाषाओं की कमाई मिलाकर दूसरे दिन भारत का शुद्ध कारोबार 48.05 करोड़ रुपए रहा। घरेलू बाजार में हिंदी संस्करण फिल्म की कमाई का सबसे बड़ा आधार बना हुआ है।
'रामायण: पार्ट 1' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। रवि दुबे लक्ष्मण, सनी देओल हनुमान और अनुपम खेर जटायु को अपनी आवाज दे रहे हैं। नमित मल्होत्रा निर्मित यह फिल्म भारतीय महाकाव्य पर आधारित दो भागों में बनने वाली सिनेमाई प्रस्तुति की पहली कड़ी है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।