Ramayana Worldwide Collection: खतरे में 'धुरंधर 2' का रिकॉर्ड! 22 दिन में 'रामायण' ने की इतनी कमाई

Published : Nov 27, 2026, 07:00 AM IST
Ramayana Worldwide Collection

सार

रणबीर कपूर की 'रामायण' ने 22 दिनों में वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ऐसी छलांग लगाई है कि अब टॉप फिल्मों की रैंकिंग बदल गई है। क्या रिकॉर्ड टूटने का अगला नंबर 'धुरंधर 2' का होने वाला है?

रणबीर कपूर और यश की 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर एक के बाद एक नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म की कमाई की रफ्तार भले ही अब पहले जैसी नहीं रही, लेकिन दुनियाभर में इसका दबदबा लगातार बढ़ रहा है। खास बात यह है कि इस बार फिल्म ने एक ऐसी ब्लॉकबस्टर को पीछे छोड़ दिया है, जिसने पहले से ही वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत जगह बना रखी थी। अब इसकी नजर एक और बड़े रिकॉर्ड पर है। लेकिन क्या 'रामायण' अपनी मौजूदा रफ्तार से आगे बढ़कर एक और ऐतिहासिक कारनामा कर पाएगी?

22 दिन में 'रामायण' ने कितने करोड़ कूटे?

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' का बॉक्स ऑफिस सफर चौथे हफ्ते में पहुंच गया है। Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने 22वें दिन यानी चौथे गुरुवार को सभी भाषाओं को मिलाकर भारत में ₹9.65 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। इस दौरान देशभर में फिल्म के करीब 15,418 शोज चले। भाषा के हिसाब से देखें तो हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा ₹6.75 करोड़ कमाए। मलयालम में ₹1 करोड़, कन्नड़ में ₹85 लाख, तमिल में ₹75 लाख और तेलुगु में ₹30 लाख का नेट कलेक्शन हुआ।

भारत में ₹1,000 करोड़ से कितनी दूर 'रामायण'?

भारतीय बॉक्स ऑफिस पर भी 'रामायण' एक बड़े रिकॉर्ड के बिल्कुल करीब है। अब तक फिल्म का कुल इंडिया ग्रॉस कलेक्शन ₹1,185 करोड़ और नेट कलेक्शन ₹992.10 करोड़ पहुंच गया है। इसका मतलब है कि भारत में ₹1,000 करोड़ नेट का आंकड़ा छूने के लिए फिल्म को अब सिर्फ ₹7.90 करोड़ और कमाने हैं। माना जा रहा है कि 23वें दिन फिल्म इस आंकड़े को छू सकती है। हालांकि, नई फिल्मों 'ये प्रेम मोल लिया' और 'गन मास्टर G9' की रिलीज से कमाई प्रभावित हो सकती है।

रामायण वर्ल्डवाइड कलेक्शन में तोड़ेगी 'धुरंधर 2' का रिकॉर्ड?

फिल्म की सबसे बड़ी उपलब्धि इसके वर्ल्डवाइड कलेक्शन में देखने को मिली है। 22वें दिन विदेशों में फिल्म ने करीब ₹10 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसके साथ ही इसका कुल ओवरसीज ग्रॉस ₹592 करोड़ पहुंच गया है। भारत और विदेशों की कमाई मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस अब ₹1,777 करोड़ हो चुका है। अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' के ₹1,742.10 करोड़ के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन को यह पहले ही पीछे छोड़ चुकी है। अगला टार्गेट 'बाहुबली 2' का 1,788.06 करोड़ का आंकड़ा है, जिसे ये 23वें दिन पार कर सकती है और फिर 'धुरंधर 2' का रिकॉर्ड टूटना भी तय माना जा रहा है, जिसने वर्ल्डवाइड ₹1,813.39 करोड़ कमाए। दोनों फिल्मों के बीच फिलहाल सिर्फ ₹36.39 करोड़ का अंतर है। उम्मीद जताई जा रही है कि चौथे वीकेंड में 'रामायण' इस आंकड़े को पार कर देश की दूसरी सबसे कमाऊ फिल्म बन सकती है।

वर्ल्डवाइड 5 सबसे कमाऊ फ़िल्में

दुनियाभर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 फिल्मों की लिस्ट इस प्रकार है:-

रैंकफिल्मवर्ल्डवाइड ग्रॉस
1दंगल₹2,070.30 करोड़
2धुरंधर 2: द रिवेंज₹1,813.39 करोड़
3बाहुबली 2 : द कन्क्लूजन₹1,788.06 करोड़
4रामायण पार्ट 1 ₹1,777 करोड़
5पुष्पा 2 : द रूल₹1,742.10 करोड़

फिलहाल 'रामायण' चौथे नंबर पर है। तीसरे नंबर पर मौजूद 'बाहुबली 2' से इसका अंतर सिर्फ ₹11.06 करोड़ है। वहीं दूसरे नंबर की 'धुरंधर 2' को पछाड़ने के लिए इसे ₹36.39 करोड़ और कमाने होंगे।

PREV

मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

'मोदी सरकार के पास कोई और काम नहीं?', पाकिस्तानी शो बैन होने से तिलमिलाई एक्ट्रेस!
Ye Prem Mol Liya: आयुष्मान खुराना के लिए क्यों खास है प्रेम का किरदार? बोले- 'अच्छाई कभी चलन से बाहर नहीं होती'