
रणवीर सिंह का ‘डॉन 3’ से अचानक बाहर होना अब बॉलीवुड के सबसे चर्चित विवादों में शामिल हो गया है। फिल्म इंडस्ट्री की बड़ी संस्था FWICE ने एक्टर के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन निर्देश जारी करते हुए इंडस्ट्री से उनके साथ काम नहीं करने की अपील की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर ने फिल्म की शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले प्रोजेक्ट छोड़ दिया, जिससे निर्माता पक्ष को भारी नुकसान हुआ। इसी मुद्दे पर FWICE ने सख्त रुख अपनाते हुए इसे इंडस्ट्री के लिए खतरनाक ट्रेंड बताया है। अब यह मामला सिर्फ एक फिल्म विवाद नहीं, बल्कि पूरी इंडस्ट्री में प्रोफेशनल कमिटमेंट पर बहस का बड़ा मुद्दा बन गया है।
रणवीर सिंह और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच बढ़ते विवाद के बाद FWICE ने मामले में दखल दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक्टर ने फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की फिल्म ‘Don 3’ शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले छोड़ दी। सोमवार को फेडरेशन ने मीडिया के सामने अपना फैसला सुनाते हुए रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन निर्देश जारी कर दिया। इसके तहत इंडस्ट्री से एक्टर के साथ काम नहीं करने के निर्देश दिए गए है।
FWICE के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने मामले को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा, “यह बहुत गंभीर मामला है और यह ट्रेंड बिल्कुल गलत है। आप शूटिंग शुरू होने से 10 दिन पहले किसी प्रोजेक्ट से बाहर नहीं हो सकते। हम पहले आंतरिक बैठक कर रहे हैं और फिर फैसला ले रहे हैं।” जब उनसे पूछा गया कि फैसला किस दिशा में जा सकता है, तो उन्होंने कहा, “हम वही करेंगे जो इस समय सही होगा। हम इंडस्ट्री को बर्बाद नहीं होने देंगे। कल कोई भी फिल्म छोड़कर जा सकता है। जो भी करेंगे, इंडस्ट्री के हित में करेंगे।”
रिपोर्ट्स के मुताबिक, FWICE अध्यक्ष बीएन तिवारी, चीफ एडवाइजर अशोक पंडित, मानद महासचिव अशोक दुबे और कोषाध्यक्ष गंगेश्वरलाल श्रीवास्तव ने इस मामले पर अहम बैठक की। बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फेडरेशन के फैसले की जानकारी दी गई। माना जा रहा है कि फिल्म की देरी और बढ़ते नुकसान ने इंडस्ट्री संगठनों की चिंता बढ़ा दी है।
‘Don 3’ विवाद पहले प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया तक भी पहुंच चुका है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कई वरिष्ठ निर्माताओं ने दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश की। बताया गया कि एक्सेल एंटरटेनमेंट ने फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर भारी रकम खर्च कर दी थी और कई बड़े प्लान लॉक किए जा चुके थे। हालांकि, सेटलमेंट को लेकर अब तक अंतिम फैसला नहीं हो सका है।
रणवीर सिंह हाल ही में आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में नजर आए थे। फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, संजय दत्त, मानव गोहिल और गौरव गेरा भी दिखाई दिए थे। इस फ्रेंचाइजी की दोनों फिल्मों ने मिलकर दुनियाभर में 3100 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।