
बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और फिल्म वर्कर्स संगठन FWICE के बीच शुरू हुआ विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदल गया है। ‘डॉन 3’ से रणवीर सिंह के बाहर होने के बाद FWICE ने उनके खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया था, जिसके तहत संगठन के सदस्यों से एक्टर की फिल्मों में काम नहीं करने की अपील की गई थी। अब रणवीर सिंह ने इस कदम को चुनौती देते हुए FWICE को कानूनी नोटिस भेज दिया है। इस पूरे विवाद ने फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। आइए जानते हैं आखिर क्या है पूरा मामला और क्यों आमने-सामने आ गए हैं रणवीर सिंह और FWICE।
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, रणवीर सिंह ने मंगलवार को फिल्म फेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न सिने एम्प्लॉइज यानी FWICE को कानूनी नोटिस भेजा है। यह कदम उस नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव के बाद उठाया गया है, जिसे संगठन ने पिछले सप्ताह जारी किया था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि एक्टर ने नोटिस में क्या मांग रखी है, लेकिन अब FWICE को इसका जवाब देना पड़ सकता है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब ‘डॉन 3’ के निर्देशक और निर्माता फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने FWICE को बताया कि फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर करीब 45 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। FWICE के नोटिस में कहा गया था, "फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने बताया कि फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर लगभग 45 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। ऐसे में प्रोजेक्ट के एडवांस्ड स्टेज में किसी बड़े एक्टर का अचानक फिल्म छोड़ देना प्रोड्यूसर को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है और फिल्म के निष्पादन पर नकारात्मक असर डाल सकता है।"
FWICE अध्यक्ष अशोक पंडित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि संगठन ने रणवीर सिंह को कई नोटिस भेजे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा था, "हमारे किसी भी सदस्य या वर्कर को रणवीर सिंह की किसी प्रोजेक्ट पर काम नहीं करना चाहिए। हमने सभी प्रोड्यूसर्स से भी इस मुद्दे पर एकजुटता दिखाने और स्पष्ट रुख अपनाने की अपील की है।" हालांकि बाद में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसे "बैन" कहना पूरी तरह सही नहीं होगा, बल्कि यह एक नॉन-कोऑपरेशन निर्देश है।
कानूनी विशेषज्ञों के मुताबिक FWICE के पास किसी एक्टर या फिल्मी हस्ती को आधिकारिक रूप से बैन करने का अधिकार नहीं है। साल 2017 में कॉम्पिटीशन कमीशन ऑफ़ इंडिया (CCI) ने एक मामले की सुनवाई करते हुए कहा था कि FWICE किसी निर्माता को केवल अपने सदस्यों के साथ काम करने के लिए बाध्य नहीं कर सकता। आयोग ने इसे प्रतिस्पर्धा कानून के खिलाफ माना था और संगठन को ऐसी गतिविधियों से दूर रहने का निर्देश दिया था।
FWICE के निर्देश के कुछ घंटों बाद रणवीर सिंह के ऑफिशियल ने बयान जारी किया। बयान में कहा गया, "रणवीर सिंह फिल्म बिरादरी और डॉन फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी लोगों का बेहद सम्मान करते हैं। डॉन 3 से जुड़े हालिया घटनाक्रमों पर उन्होंने जानबूझकर चुप्पी बनाए रखी है, क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर चर्चाओं और व्यक्तिगत संबंधों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ संभाला जाना चाहिए।" बयान में यह भी कहा गया कि एक्टर का पूरा ध्यान अपने काम और फ्यूचर कमिटमेंट्स पर है।
‘डॉन 3’ का ऐलान 2023 में किया गया था। फिल्म के टीजर में रणवीर सिंह को प्रतिष्ठित डॉन के किरदार में पेश किया गया था, जिसे पहले अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान निभा चुके हैं। हालांकि शुरुआती ऐलान के बाद फिल्म कई कारणों से टलती रही और 2025 के आखिर में इसका प्री-प्रोडक्शन शुरू हुआ। इसी दौरान रणवीर सिंह के प्रोजेक्ट से बाहर होने की खबरें सामने आईं, जिसके बाद यह विवाद खड़ा हो गया।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।