
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने अपने करीबी दोस्त सुशील कुमार के निधन पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर कर फैंस को इमोशनल कर दिया। देर रात इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस पोस्ट में उन्होंने 42 साल पुराने रिश्ते को याद किया और बताया कि कैसे सुशील हर मुश्किल में भी मुस्कुराते रहते थे। सलमान के शब्दों में दर्द के साथ-साथ दोस्त के लिए गर्व भी साफ झलकता है। उन्होंने न सिर्फ अपनी यादें साझा कीं, बल्कि जिंदगी और मौत को लेकर भी गहरी बातें कहीं। यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सलमान खान ने अपने पोस्ट में लिखा, "यह शख्स 42 साल से मेरा भाई था, सबसे अच्छा, सबसे दयालु, सबसे मददगार। जब वो खुद मुश्किल में होता था, तब भी मुस्कुराता रहता था, डांस करता था और सबसे खराब हालात में भी कोई दर्द, कोई तनाव नहीं दिखाता था। चाहे आर्थिक, भावनात्मक या शारीरिक परेशानी हो, वो हमेशा कहता था ‘फर्क नहीं पड़ता, सब ठीक हो जाएगा।’ सुशील कुमार उसका नाम है… या यूं कहूं, अभी 5 मिनट पहले तक था। अलविदा भाई, तुमने एक असली इंसान की तरह जिंदगी जी और एक हेवीवेट चैंपियन की तरह मौत से लड़े।”
सलमान ने अपने दोस्त को याद करते हुए आगे लिखा, "तुम्हारे लिए कोई आंसू नहीं, सिर्फ यादें और हंसी। मेरा भाई चेहरे पर मुस्कान लेकर गया। कोई पहले जाएगा, कोई बाद में… सबको जाना है, कब और कैसे पता नहीं, इसलिए कुछ करके जाओ।” उन्होंने मजाकिया लहजे में लिखा, “अब अपनी सिगरेट और व्हिस्की का मजा लो, चीयर्स भाई… लगता है मैं तुम्हें थोड़ा मिस करूंगा।” इस पोस्ट में सलमान ने दुख के बीच दोस्त की जिंदगी को सेलिब्रेट करने का नजरिया दिखाया।
एक अन्य पोस्ट में सलमान खान ने लिखा, “लोग ‘RIP’ लिख रहे हैं, लेकिन मैं तुम्हें बॉडी नहीं कहूंगा… तुम सुशील कुमार ही रहोगे। ‘रेस्ट इन पीस’ नहीं… उठ जाओ यार!” उन्होंने आगे कहा, “मैं गुस्सा करना चाहता हूं, रोना चाहता हूं… लेकिन तुम्हारे लिए एक आंसू भी नहीं। तुमने इस दुनिया को छोड़ दिया, लेकिन अपनी यादें छोड़ गए।” सलमान के इन शब्दों में दोस्त के लिए गहरा प्यार, सम्मान और एक अलग ही अंदाज की विदाई देखने को मिली, जिसने फैंस को बेहद भावुक कर दिया।
हालांकि सुशील कुमार और सलमान खान के रिश्ते की सटीक जानकारी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है, लेकिन सुपरस्टार द्वारा शेयर किए गए ट्रिब्यूट से साफ होता है कि वह खान परिवार के बेहद करीब थे। सलमान के शब्दों में झलकता है कि यह रिश्ता सिर्फ दोस्ती तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें वर्षों का गहरा जुड़ाव, अपनापन और एक-दूसरे के लिए हर हाल में खड़े रहने की भावना शामिल थी। यह बॉन्डिंग इतनी मजबूत थी कि सलमान ने उन्हें “भाई” कहकर याद किया और उनके जाने को अपनी निजी जिंदगी का बड़ा नुकसान बताया।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।