
‘डॉन 3’ को लेकर उठे विवाद ने बॉलीवुड में हलचल मचा दी थी। रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच क्रिएटिव मतभेदों की खबरों ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी, लेकिन अब इस मामले में सलमान खान की एंट्री ने पूरा माहौल बदल दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक़, सलमान ने दोनों पक्षों से सीधे बातचीत कर विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की पहल की है। कहा जा रहा है कि सलमान नहीं चाहते कि यह मामला कानूनी लड़ाई या फिल्म इंडस्ट्री के बड़े विवाद में बदले। खास बात यह है कि उन्होंने रणवीर और फरहान दोनों को भविष्य में साथ काम करने की सलाह भी दी है।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान रणवीर सिंह और अख्तर परिवार दोनों के काफी करीब माने जाते हैं। यही वजह है कि उन्होंने खुद फोन कर दोनों पक्षों से बात की। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा है कि सलमान ने फरहान अख्तर को समझाया कि क्रिएटिव डिफरेंस फिल्म इंडस्ट्री में हमेशा से होते आए हैं और इन्हें विवाद का रूप नहीं देना चाहिए। बताया जा रहा है कि सलमान खान ने रणवीर सिंह का पक्ष भी ध्यान से सुना। उन्होंने रणवीर को समझाया कि मौजूदा माहौल में किसी भी तरह की सार्वजनिक बयानबाजी भविष्य के प्रोजेक्ट्स को नुकसान पहुंचा सकती है। सलमान ने दोनों पक्षों से कहा कि वे किसी तीसरे पक्ष या फिल्म बॉडी को बीच में लाने के बजाय आपसी बातचीत से हल निकालें।
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से आगे लिखा है, सलमान खान नहीं चाहते कि मामला कानूनी मोड़ ले या इंडस्ट्री में किसी तरह का बड़ा टकराव पैदा हो। यही वजह है कि उन्होंने दोनों से मीडिया में बयानबाजी कम करने और शांत तरीके से मुद्दे को खत्म करने की सलाह दी है। कथिततौर पर सलमान खान ने कि इंडस्ट्री को एक परिवार की तरह सोचना चाहिए।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि सलमान खान ने रणवीर सिंह को ‘धुरंधर’ की ऐतिहासिक सफलता का फायदा उठाते हुए जल्द नया प्रोजेक्ट शुरू करने की सलाह दी है। वहीं फरहान अख्तर के नुकसान को लेकर भी सलमान उनके साथ खड़े बताए जा रहे हैं। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इंडस्ट्री में चर्चा है कि सलमान खान की पहल के बाद मामला धीरे-धीरे शांत हो सकता है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि रणवीर सिंह और फरहान अख्तर आने वाले दिनों में क्या फैसला लेते हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।