‘महाभारत’ के भीम सौरव गुर्जर पर 29 साल की महिला ने क्या आरोप लगाए, जो सलाखों के पीछे पहुंच गए

Published : Sep 21, 2026, 11:34 AM IST
Saurav Gurjar arrested

सार

टीवी शो ‘महाभारत’ और फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ फेम सौरव गुर्जर कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। एक महिला की शिकायत के बाद अभिनेता के खिलाफ पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है।

टीवी और फिल्मों में अपनी पहचान बना चुके एक्टर और रेसलर सौरव गुर्जर एक मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। टीवी शो ‘महाभारत’ में भीम और रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ में जोर का किरदार निभाने वाले सौरव के खिलाफ 29 साल की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने अपने आरोपों में रिश्ते, शादी के वादे और कथित धोखे से जुड़े कई दावे किए हैं। मामले में पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए अभिनेता के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था। इसके बाद विदेश से लौटने पर उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर रोका गया। आगे की कार्रवाई के बाद उन्हें हैदराबाद ले जाया गया, जहां अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

सौरव गुर्जर पर महिला ने क्या आरोप लगाए?

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने 15 अगस्त को गच्चीबौली पुलिस से संपर्क किया था। शिकायत में उसने बताया कि उसकी सौरव गुर्जर से पहली मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए 2021 में हुई थी। दोनों पहली बार 25 दिसंबर को मिले और इसके बाद उनके बीच रिश्ता शुरू हुआ, जो अमेरिका और भारत के बीच चलता रहा। महिला का आरोप है कि रिश्ते के दौरान सौरव ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा हैं, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ भविष्य में घर बसाने का वादा करते रहे।

शादी का वादा कर रिश्ते में फंसाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, महिला ने कहा, “हमारे रिश्ते के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है। उसने बार-बार मुझे पत्नी जैसे अधिकार देने और आखिरकार मेरे साथ घर बसाने का वादा किया।” महिला का दावा है कि जब भी वह शादी की बात उठाती थी, सौरव कथित तौर पर उससे बातचीत बंद कर देते थे। उसने आरोप लगाया, “वह फोन और सोशल मीडिया पर मुझे ब्लॉक कर देता था और बिना किसी जानकारी के गायब हो जाता था। मुझे मानसिक प्रताड़ना, भावनात्मक तनाव और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा, जिसमें मेरी नौकरी जाना भी शामिल है, क्योंकि मैंने उसके साथ रहने के लिए अमेरिका में अपनी नौकरी छोड़ दी थी।”

अमेरिका की नौकरी छोड़कर हैदराबाद आने का दावा

महिला ने पुलिस को बताया कि सौरव ने उसे अमेरिका की नौकरी छोड़ने के लिए यह कहकर राजी किया कि दोनों भारत में मिलकर बिजनेस शुरू करेंगे। इसके बाद वह हैदराबाद आ गई और दोनों के साथ भविष्य बनाने की उम्मीद में रहने लगी। शिकायत के अनुसार, बाद में बताए गए बिजनेस और साथ रहने के वादे पूरे नहीं हुए। महिला ने यह भी दावा किया कि वह अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक सौरव के साथ रही थी। बाद में बातचीत बंद होने की स्थिति बनी और रिश्ते से जुड़े विवाद जारी रहे। शिकायत में इन्हीं घटनाओं के आधार पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई।

मुंबई एयरपोर्ट पर कैसे पकड़े गए सौरव गुर्जर?

पुलिस ने सौरव गुर्जर के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था। 17 सितंबर की रात जब वह मिडिल ईस्ट से मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे, तो इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद गच्चीबौली पुलिस की टीम उन्हें हैदराबाद लेकर गई और मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया।

किस धारा में दर्ज हुआ मामला?

गच्चीबौली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया है। यह धारा छलपूर्ण तरीकों से यौन संबंध बनाने से संबंधित है। गच्चीबौली इंस्पेक्टर के. सैदुलु ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा, “हमने उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया था। 17 सितंबर की रात मिडिल ईस्ट से आने के बाद मुंबई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। हमारी टीम उन्हें शनिवार को हैदराबाद लेकर आई और रविवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।”

अदालत ने सौरव को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा है। मामले की जांच जारी है और महिला द्वारा लगाए गए आरोप अभी अदालत में साबित नहीं हुए हैं।

PREV

मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

Bigg Boss 20 में शर्ट उतारना सलमान खान का पाखंड? Ex-कंटेस्टेंट ने खोली सुपरस्टार की पोल!
'मिर्ज़ापुर द मूवी' ने तीसरे रविवार फिर पकड़ी रफ़्तार, कमाई पहुंची 300 करोड़ पार