
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी इनदिनों अपनी सेहत को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के सपोर्ट में आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुईं, अभिनेत्री अब H1N1 (स्वाइन फ्लू) से संक्रमित हो गई हैं। इस बात की जानकारी खुद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को दी। अभिनेत्री ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें अगले पांच दिनों तक पूरी तरह आइसोलेशन में रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही उन्होंने उन लोगों के लिए अपना सपोर्ट भी जताया, जो हाल ही में मुंबई में हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
शबाना आजमी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि वह मुंबई में होने वाले विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बनने वाली थीं, लेकिन अचानक H1N1 से संक्रमित होने के कारण उन्हें घर पर ही रहना पड़ रहा है। उन्होंने लिखा कि भले ही वह शारीरिक रूप से वहां मौजूद नहीं हो सकीं, लेकिन उनका समर्थन प्रदर्शन में शामिल सभी लोगों के साथ है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि वह लगातार प्रदर्शन में शामिल युवाओं से जानकारी ले रही हैं और उनकी हिम्मत व कमिटमेंट से बेहद इंस्पायर हैं। इसी दौरान उन्होंने अपने पिता और मशहूर शायर कैफी आजमी की प्रसिद्ध कविता 'नौजवान' भी युवाओं को समर्पित की।
और पढ़ें - Dhamaal 4 Box office Day 13: 150Cr क्लब के करीब पहुंची धमाल-4, जानें 13th डे कलेक्शन
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान शबाना आजमी की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। प्रदर्शन के बीच भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा आंसू गैस छोड़े जाने के बाद उन्हें अस्थमा का अटैक आ गया था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में अभिनेत्री को असहज हालत में पास की एक इमारत की ओर ले जाया जाता हुआ देखा गया था। बाद में उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से अस्थमा की मरीज हैं और आंसू गैस के धुएं की वजह से उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई। हालांकि, उनके पास इनहेलर मौजूद था, जिसकी मदद से उनकी तबीयत में जल्द सुधार हो गया।
75 वर्षीय शबाना आजमी पिछले कुछ दिनों से छात्रों के समर्थन में खुलकर अपनी राय रखती नजर आ रही हैं। उन्होंने सिर्फ सोशल मीडिया के माध्यम से ही नहीं, बल्कि प्रदर्शन स्थलों पर पहुंचकर भी युवाओं का हौसला बढ़ाया। जंतर-मंतर पर उन्होंने छात्रों से बातचीत की, उनकी मांगों का समर्थन किया और प्रशासन से उनकी बात सुनने की अपील भी की। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अपने पिता कैफी आजमी की कविताएं सुनाकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया था। उनकी इस पहल की सोशल मीडिया पर भी काफी सराहना हुई।
और पढ़ें - धुरंधर की एक्ट्रेस हुईं गिरफ्तार, सड़क पर खड़े रहने के लिए मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया
स्वाइन फ्लू की खबर सामने आने के बाद अभिनेत्री के फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। सोशल मीडिया पर लोग उनके लिए शुभकामनाएं भेज रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि वह जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर अपनी सक्रिय दिनचर्या में लौटेंगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।