
गणेशोत्सव के मौके पर मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दरबार में सितारों का पहुंचना आम बात है। लेकिन इस बार शाहरुख खान की मौजूदगी से ज्यादा एक छोटा-सा वीडियो चर्चा में आ गया। सोमवार, 21 सितंबर को एक्टर पत्नी गौरी खान, बेटी सुहाना खान और अपनी लंबे समय से मैनेजर रहीं पूजा ददलानी के साथ गणपति बप्पा के दर्शन करने पहुंचे। शाम की आरती में शामिल हुए शाहरुख का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। सब कुछ सामान्य था, फिर कैमरे ने एक ऐसा पल कैद कर लिया जिसने नेटिजंस का ध्यान खींच लिया। आखिर ऐसा क्या हुआ कि लोग शाहरुख से एक सीधा-सा सवाल पूछने लगे?
शाहरुख खान सोमवार को परिवार के साथ लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे। नीले रंग का कुर्ता पहने एक्टर भीड़ के बीच परिवार के साथ पंडाल में जाते नजर आए। इसके बाद उन्होंने शाम की आरती में भी हिस्सा लिया। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। चर्चा उस वीडियो के बाद शुरू हुई जिसमें शाहरुख खान अपना चेहरा पूजा ददलानी के दुपट्टे से पोंछते नजर आए। उस वक्त गौरी खान और सुहाना खान भी उनके आसपास मौजूद थीं। बस फिर क्या था, सोशल मीडिया यूजर्स ने इस छोटे से मोमेंट को नोटिस कर लिया और सवालों का सिलसिला शुरू हो गया।
वीडियो पर कुछ यूजर्स ने सवाल करते हुए लिखा, “अपनी वाइफ का क्यों नहीं किया?” वहीं एक अन्य कमेंट में पूछा गया, “अपनी पत्नी या बेटी के दुपट्टे का इस्तेमाल क्यों नहीं किया?” एक और यूजर ने लिखा, “चेहरा पोंछने के लिए उन्होंने अपनी पत्नी का स्कार्फ क्यों नहीं इस्तेमाल किया?” एक यूजर ने लिखा, "अपनी वाइफ का भी ले सकते थे दुपट्टा।" इन कमेंट्स ने वीडियो को और चर्चा में ला दिया।
हालांकि, जहां कुछ लोगों ने इस पल पर सवाल उठाए, वहीं कई फैंस ने शाहरुख का बचाव भी किया। उनका कहना था कि पूजा ददलानी एक्टर की लंबे समय से करीबी प्रोफेशनल सहयोगी हैं और यह एक अचानक हुआ सामान्य पल हो सकता है। कई यूजर्स ने लोगों को इस छोटी-सी घटना का जरूरत से ज्यादा मतलब नहीं निकालने की सलाह भी दी।
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभय वर्मा, राघव जुयाल, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, अरशद वारसी और अनिल कपूर समेत कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।