
Sharad Kapoor Latest News: सोशल मीडिया पर हाल ही में सामने आए एक वीडियो के बाद अभिनेता शरद कपूर ने अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर, सेहत और फिल्मी करियर में वापसी को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि अब उनकी तबीयत पहले से बेहतर है और वह जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर काम पर लौटना चाहते हैं। इस मुश्किल समय में फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग उनके साथ खड़े हैं और उनकी मदद कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने मदद के नाम पर होनेवाली धोखाधड़ी को लेकर लोगों को आगाह भी किया।
NDTV को दिए एक इंटरव्यू में शरद कपूर ने हेमा चौधरी, कुनिका और सोनू सूद का खास तौर पर शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के लोगों का प्यार और सहयोग उन्हें दोबारा खड़े होने की हिम्मत दे रहा है। अभिनेता के मुताबिक, इन लोगों ने खुद आगे आकर उनकी मदद की है। इसके साथ ही उन्होंने शरद कपूर के नाम पर चंदा मांगने वाले लोगों से सावधान रहने को भी कहा है।
इंटरव्यू में शरद कपूर ने उनके नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों को लेकर भी चेतावनी दी। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें किसी तरह की आर्थिक मदद की जरूरत नहीं है। इसलिए अगर कोई व्यक्ति उनके नाम पर चंदा मांगता है, तो उसे पैसे न दें। अभिनेता ने इसे धोखाधड़ी बताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर कोई दान करना चाहता है, तो पहले पूरी जानकारी की जांच करे और फिर अपनी पसंद के किसी अच्छे काम के लिए पैसे दे। लेकिन उनके नाम पर किसी को भी पैसे न दिए जाएं।
अपनी सेहत के बारे में शरद कपूर ने बताया कि उन्हें आगे के इलाज और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल जाना है। उन्होंने कहा कि हेमा जी और दूसरे लोगों के सहयोग से वह जरूरी मेडिकल टेस्ट और इलाज करवाएंगे। उन्हें उम्मीद है कि करीब 10 दिनों में वह पूरी तरह ठीक होकर वापस लौट आएंगे। शरद ने 'बेजुबान' संस्था के काम की भी तारीफ की। उन्होंने लोगों से इस संस्था को सहयोग देने की अपील की। साथ ही सरकार से आग्रह किया कि वह हेमा जी और जानवरों के लिए काम करने वाले अन्य लोगों की मदद के लिए आगे आए। शरद के मुताबिक, संस्था बहुत अच्छा काम कर रही है और ऐसे प्रयासों को समर्थन मिलना चाहिए।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।