कैंसर ने बिगाड़ा 'द फैमिली मैन' एक्टर की पत्नी का चेहरा! 5 बार लड़ी, अब छठी बार लौटी बीमारी

Published : Jul 31, 2026, 10:14 AM IST
Sharib Hashmi Wife

सार

'द फैमिली मैन' से मिली सफलता के बीच शारिब हाशमी की पत्नी नसरीन कैंसर से जूझती रहीं। एक्टर ने एक इंटरव्यू में बताया कि पत्नी ने गहने और घर तक बेचकर उनका साथ दिया।

'द फैमिली मैन' फेम एक्टर शारिब हाशमी ने अपनी निजी जिंदगी के सबसे कठिन दौर का भावुक खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि जिस समय उनकी किस्मत वेब सीरीज 'द फैमिली मैन' से बदल रही थी, उसी दौरान उनकी पत्नी नसरीन को ओरल कैंसर का पता चला। आर्थिक तंगी, इलाज का भारी खर्च और लगातार पांच सर्जरी के बावजूद नसरीन ने कभी हिम्मत नहीं हारी। शारिब ने बताया कि संघर्ष के दिनों में पत्नी ने अपने गहने तक बेच दिए और हर मुश्किल में उनका साथ दिया। अब कैंसर छठी बार लौट आया है, लेकिन नसरीन आज भी पूरे परिवार की सबसे बड़ी ताकत बनी हुई हैं।

शारिब हाशमी की पत्नी को कैंसर का पता कब चला?

शारिब हाशमी ने स्क्रीन से बातचीत मे बताया कि साल 2018 में जब उन्होंने 'द फैमिली मैन' की शूटिंग शुरू की, उसी दौरान उनकी पत्नी नसरीन को ओरल कैंसर होने का पता चला। एक्टर ने कहा, "हमने कभी नहीं सोचा था कि हमारे साथ ऐसा होगा। सबसे हैरानी की बात यह थी कि उन्हें ओरल कैंसर हुआ, जबकि उन्होंने कभी तंबाकू जैसी कोई चीज इस्तेमाल नहीं की थी।" एक्टर ने बताया, "उस समय मुझे पैसों की बेहद जरूरत थी। इसलिए मैंने मेकर्स से अनुरोध किया कि मेरी पूरी फीस एडवांस में दे दें। उन्होंने मेरी बात मानी और पूरा भुगतान पहले ही कर दिया।" शारिब के मुताबिक, उसी पैसे से परिवार ने इलाज की शुरुआत की।

'द फैमिली मैन' की सफलता के बीच कैसी रही परिवार की लड़ाई?

शारिब ने कहा, "'द फैमिली मैन' रिलीज हुई और मेरे करियर ने अचानक रफ्तार पकड़ ली। काम के मोर्चे पर सब कुछ बेहतर होने लगा था, लेकिन दूसरी तरफ हम कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। एक ओर करियर को लेकर सुकून था, वहीं दूसरी ओर हमारी पूरी जिंदगी बदल चुकी थी। मेरी पत्नी की अब तक पांच बड़ी सर्जरी हो चुकी हैं और उनका चेहरा पूरी तरह बदल गया है। कई बार वह मुझसे कहती हैं, 'मुझे अपना पुराना चेहरा याद आता है।' अब कैंसर छठी बार लौट आया है। यह फेफड़ों के पास, हड्डियों और किडनी के आसपास तक फैल चुका है। इसके बावजूद वह बेहद बहादुरी से इस लड़ाई का सामना कर रही हैं और इलाज का सकारात्मक असर भी दिख रहा है।"

पत्नी के संघर्ष को लेकर शारिब हाशमी ने क्या कहा?

एक्टर अपनी पत्नी की तारीफ करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा, "वह एक योद्धा हैं, मैं उनके सामने कुछ भी नहीं हूं। संघर्ष के दिनों में उन्होंने अपने गहने बेच दिए। हमें अपना फ्लैट भी बेचना पड़ा। लेकिन उन्होंने कभी मुझसे सवाल नहीं किया कि हम यह सब क्यों कर रहे हैं। आज भी वह हम सभी को यही कहती हैं, 'सब ठीक हो जाएगा, चिंता मत करो।'"

शारिब हाशमी का संघर्ष कितना मुश्किल रहा?

शारिब हाशमी को पहचान मिलने से पहले करीब 700 ऑडिशन देने पड़े। इस दौरान उन्हें आर्थिक परेशानियों, कर्ज, बंद हो चुकी फिल्मों और कई असफलताओं का सामना करना पड़ा। आखिरकार 'द फैमिली मैन' ने उनके करियर को नई पहचान दी, लेकिन इसी दौरान उनकी निजी जिंदगी सबसे कठिन दौर से गुजर रही थी।

PREV

मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

विजय की 'जन नायकन' की उलटी गिनती शुरू! 8वें दिन 4 करोड़ के आंकड़े को भी तरसी
The Traitors 2:'द ट्रेटर्स 2' में दिखेंगी श्वेता तिवारी, धोखेबाजों के लिए बनेंगी 'OG प्रेरणा'