
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की जिंदगी अब फिल्मी पर्दे पर दिखाई जा सकती है। उनकी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' पर आधारित तेलुगु फिल्म बनाने की तैयारी की जा रही है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने संगारेड्डी में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान इस प्रोजेक्ट का ऐलान किया। उन्होंने फिल्म के लिए आर्थिक सहयोग मांगा है और शुरुआती तैयारियों की निगरानी के लिए समिति बनाने का प्रस्ताव रखा है। फिल्म में सोनिया गांधी के निजी जीवन से लेकर उनके राजनीतिक सफर के अहम पड़ाव दिखाए जाने की उम्मीद है।
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने गुरुवार को संगारेड्डी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में इस फिल्म की जानकारी दी। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से फिल्म निर्माण के लिए आर्थिक मदद देने की अपील की। संगारेड्डी के कांग्रेस संयोजक जुलाकांति अंजनयेलु ने इस प्रोजेक्ट के लिए 2 करोड़ रुपये देने का वादा किया है।
जग्गा रेड्डी ने फिल्म की शुरुआती तैयारियों के लिए 50 सदस्यों की समिति बनाने का प्रस्ताव रखा है। गांधी भवन के जनसंपर्क अधिकारी हरिप्रसाद इस समिति के कामकाज की निगरानी करेंगे। रेड्डी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से बजट जुटाने और अच्छे निर्देशक का चयन करने की अपील करते हुए कहा, "आप चुनावों पर खर्च करते हैं, है ना? इसे भी वैसा ही खर्च समझिए। आइए, बजट जुटाते हैं और एक अच्छे निर्देशक का चयन करते हैं।"
#WATCH | Vijayawada, Andhra Pradesh | APCC Vice President V. Gurunadham says, "Our Congress leader Jagga Reddy, a renowned personality in Telangana politics, has announced that he is going to make a film based on the content and narrative of the love story of Sonia Gandhi and Rajiv Gandhi... The Andhra Pradesh Congress Committee is applauding and praising him for taking such a tremendous decision, which will be a huge asset to the Congress party in the future all over the country. The APCC requests that he take the consent of Sonia Gandhi and make the film in an attractive manner to help the Congress party throughout India as well... It should be completed in a short timeframe and released before the 2027 elections."
— ANI (@ANI) November 12, 2026
उन्होंने बताया कि तैयारियां पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को फिल्म की शूटिंग का औपचारिक शुभारंभ करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच सोनिया गांधी की आत्मकथा की प्रतियां भी बांटी जाएंगी, ताकि वे उनके जीवन और अनुभवों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
प्रस्तावित फिल्म में सोनिया गांधी के इटली से भारत आने, गांधी परिवार से जुड़ने और देश की प्रमुख राजनीतिक हस्तियों में अपनी पहचान बनाने तक का सफर दिखाए जाने की उम्मीद है। इसमें इंदिरा गांधी की बहू, राजीव गांधी की पत्नी और राहुल गांधी-प्रियंका गांधी की मां के रूप में उनकी जिंदगी के पहलू शामिल हो सकते हैं। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद के मुश्किल दौर, बच्चों की परवरिश और राजनीतिक जिम्मेदारियों के बीच उनके संघर्ष को भी दिखाया जा सकता है। जग्गा रेड्डी ने सोनिया गांधी के राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा,
जिस तरह समुद्र गहरा होता है, उसी तरह कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक व्यवस्था भी गहरी है। सोनिया गांधी ने उस राजनीति को समझा और उसका अध्ययन किया।
जग्गा रेड्डी ने सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, राजीव गांधी की हत्या के बाद पी.वी. नरसिम्हा राव प्रधानमंत्री बने, जबकि सोनिया गांधी ने खुद इस पद की दावेदारी नहीं की। बाद में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार बनने के समय भी कांग्रेस नेताओं की इच्छा थी कि सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनें, लेकिन उन्होंने मनमोहन सिंह का नाम आगे बढ़ाया। रेड्डी ने सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को आकार देने में अहम भूमिका निभाने का क्रेडिट भी दिया। उन्होंने अपने संबोधन के अंत में कहा कि लोग गांधी परिवार से एक और प्रधानमंत्री देखना चाहते हैं और सोनिया गांधी की उम्मीद है कि राहुल गांधी देश का शीर्ष राजनीतिक पद संभालें।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।