Ramayana Box Office Report: 'रामायणम्' ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसकी गूंज पूरी इंडस्ट्री में है। रणबीर कपूर और यश की फिल्म ने अब कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है और महज 8 दिन में 1000 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है।

नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायणम्' ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार से हर किसी को हैरान कर दिया है। रिलीज के शुरुआती दिनों में दिवाली की छुट्टियों की बदौलत फिल्म ने ऐसी छलांग लगाई कि कमाई के नए रिकॉर्ड बन गए। रणबीर कपूर और यश की इस फिल्म ने दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही यह भारतीय सिनेमा की उन चुनिंदा फिल्मों में शामिल हो गई है, जिन्होंने इतनी जल्दी यह मुकाम हासिल किया। खास बात यह है कि रफ्तार के मामले में फिल्म ने कई बड़ी ब्लॉकबस्टर को पीछे छोड़ दिया है।

आठवें दिन 1000 करोड़ क्लब में पहुंची 'रामायणम्' ?

  • 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'रामायणम्' ने पहले दिन दुनियाभर में करीब 128 करोड़ रुपए का कारोबार किया था।
  • शुरुआत अच्छी रही, लेकिन दिवाली के त्योहार की वजह से घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कमाई कुछ प्रभावित हुई। इसके बावजूद चार दिनों के शुरुआती वीकेंड में फिल्म ने 507 करोड़ रुपए का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर लिया।
  • असली तेजी सोमवार से देखने को मिली। गोवर्धन पूजा और भाई दूज की छुट्टियों का फायदा उठाते हुए फिल्म ने लगातार दो दिन 150 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की।
  • सात दिनों में इसका दुनियाभर का ग्रॉस कलेक्शन करीब 935 करोड़ रुपए पहुंच गया।
  • गुरुवार के लिए भारत में एडवांस बुकिंग से करीब 29 करोड़ रुपए और विदेशों में लगभग 15 लाख डॉलर की कमाई का अनुमान था। ट्रेड अनुमानों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर बाद स्पॉट बुकिंग के दम पर फिल्म ने दुनियाभर में1000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया।

सबसे तेज 1000 करोड़ कमाने वाली फिल्मों में कहां है रामायणम्?

  • 'रामायणम्' दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन पार करने वाली 11वीं भारतीय फिल्म बन गई है।
  • रफ्तार के मामले में 'रामायणम्' तीसरे स्थान पर है। फिल्म ने यह उपलब्धि महज आठ दिनों में हासिल की।
  • इससे पहले 'बाहुबली 2' को इस आंकड़े तक पहुंचने में 10 दिन लगे थे, जबकि 'आरआरआर' ने 16 और 'केजीएफ चैप्टर 2' ने 18 दिन लिए थे।
  • वहीं अल्लू अर्जुन स्टारर 'पुष्पा 2' और रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर 2' लिस्ट में सबसे आगे हैं, जो सिर्फ 7 दिन में 1000 करोड़ क्लब में पहुंच गई थीं।

1000 करोड़ क्लब में सबसे तेजी से पहुंचने वाली फ़िल्में

रैंकफिल्म1000 करोड़ तक पहुंचने में लगे दिनफाइनल वर्ल्डवाइड ग्रॉस
1पुष्पा 2: द रूल71742 करोड़ रुपए
2धुरंधर: द रिवेंज71853 करोड़ रुपए
3रामायणम् पार्ट 181000 करोड़ रुपए से ज्यादा
4बाहुबली: द कन्क्लूजन101788 करोड़ रुपए
5आरआरआर161230 करोड़ रुपए
6केजीएफ चैप्टर 2181204 करोड़ रुपए
7जवान181148 करोड़ रुपए

'रामायणम्' में कौन-कौन है और कब आएगा दूसरा पार्ट?

'रामायणम्' का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। यह दो हिस्सों में बनने वाली फिल्म का पहला भाग है, जो फिलहाल सिनेमाघरों में चल रहा है। इसका दूसरा भाग दिवाली 2028 पर रिलीज किया जाएगा।