सिनेमाघरों में लंबी पारी खेलने वाली 'हनुमान अंश' अब OTT पर दस्तक देने जा रही है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बॉक्स ऑफिस पर कमाई का तूफ़ान लाने वाली इस फिल्म की OTT डील कितने करोड़ रुपए में हुई है।

बॉक्स ऑफिस पर पहले धीमी शुरुआत करने वाली फिल्म 'हनुमान अंश' ने बाद में ऐसी रफ्तार पकड़ी कि ट्रेड से लेकर इंडस्ट्री तक हर कोई हैरान रह गया। मामूली बजट में बनी इस भक्ति फिल्म ने सिनेमाघरों में 342.83 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार किया। अब थिएटर में लंबी पारी खेलने के बाद फिल्म ओटीटी पर दस्तक देने जा रही है। खास बात यह है कि इसके डिजिटल और टेलीविजन राइट्स के लिए निर्माताओं को मोटी रकम मिली है। वहीं, फिल्म की सफलता का जश्न भी कुछ अलग अंदाज में मनाया जाएगा।

OTT पर कब और कहां आएगी 'हनुमान अंश'?

7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'हनुमान अंश' अब आखिरकार ओटीटी पर आने के लिए तैयार है। शोभिनव सत्य स्टारर और डॉ. विशाल चतुर्वेदी के नित्देशन में बनी यह फिल्म 27 नवंबर को सोनीलिव पर स्ट्रीम होगी। इसके बाद जल्द ही इसका टेलीविजन प्रीमियर सोनी मैक्स पर भी किया जाएगा। आमतौर पर फिल्में थिएटर रिलीज के करीब आठ सप्ताह बाद ओटीटी पर आ जाती हैं, लेकिन 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर लंबी पारी खेली। इसी वजह से मेकर्स ने इसकी डिजिटल रिलीज में जल्दबाजी नहीं की।

कितने करोड़ में हुई 'हनुमान अंश' की OTT डील?

'बॉलीवुड हंगामा' की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के पोस्ट-थिएट्रिकल राइट्स के लिए निर्माताओं को शानदार रकम मिली है। रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से बताया गया है, "सोनी ने 'हनुमान अंश' के डिजिटल और टेलीविजन राइट्स 63 करोड़ रुपए में खरीदे हैं। यह बहुत बड़ी रकम है। अगर फिल्म के बजट के लिहाज से देखें तो 'हनुमान अंश' को इससे 35 गुना ज्यादा रकम सिर्फ पोस्ट थिएट्रिकल राइट्स से मिले हैं। लेकिन 'हनुमान अंश' भी कोई छोटी फिल्म नहीं है। इसे देशभर के दर्शकों ने पसंद किया। सिंगल स्क्रीन से लेकर मल्टीप्लेक्स तक और बड़े शहरों से लेकर छोटे-छोटे गांवों तक, फिल्म को दर्शक मिले। दर्शकों का एक बड़ा वर्ग अभी भी ऐसा है, जिसने यह फिल्म नहीं देखी है, जबकि कई लोग इसे दोबारा देखना चाहेंगे। इसलिए सोनी की टीम को भरोसा है कि डिजिटल और सैटेलाइट, दोनों माध्यमों पर फिल्म को शानदार दर्शक मिलेंगे। यही वजह है कि उन्हें इस कीमत पर राइट्स खरीदना सही लगा।"

अब मुंबई के होगी 'हनुमान अंश' की सक्सेस पार्टी?

बॉक्स ऑफिस पर मिली सफलता के बाद फिल्म की पूरी टीम मुंबई में जश्न मनाने की तैयारी कर रही है। यह पार्टी वीकेंड पर आयोजित होगी। इसमें निर्माता, निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और फिल्म की पूरी स्टार कास्ट शामिल होगी। फिल्म को सिनेमाघरों तक पहुंचाने वाली वितरण कंपनी सिनेपोलिस इंडिया के प्रतिनिधि भी इस जश्न का हिस्सा बनेंगे। सूत्र के मुताबिक, फिल्म को सही तरीके से थिएटर में रिलीज कराने में सिनेपोलिस इंडिया की अहम भूमिका रही है।

'हनुमान अंश' की सक्सेस पार्टी आम फिल्मी पार्टियों से काफी अलग होने वाली है। सूत्र ने बताया, "हालांकि, यह फिल्म की कोई आम सक्सेस पार्टी नहीं होगी। दिलचस्प बात यह है कि पार्टी में न तो शराब परोसी जाएगी और न ही नॉनवेज खाना। इसके बजाय मेहमानों को पूरी तरह शाकाहारी और सात्विक भोजन परोसा जाएगा। यह फिल्म की टीम की मान्यताओं और 'हनुमान अंश' की आध्यात्मिक थीम के अनुरूप होगा। मेकर्स चाहते हैं कि यह जश्न फिल्म से जुड़े मूल्यों और भावनाओं को भी दर्शाए।"