Shah Rukh Khan on Gauri Khan: शाहरुख ने बताया कि घर में गौरी के नियम चलते हैं और उनकी कोई नहीं सुनता। इसके बाद 'किंग' का धांसू डायलॉग सुनाकर महफिल लूट ली।
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान जब भी मंच पर आते हैं, अपने अंदाज से महफिल लूट लेते हैं। इस बार दुबई के एक कार्यक्रम में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी का ऐसा मजेदार किस्सा सुनाया कि वहां मौजूद लोग हंसने लगे। करण जौहर के साथ बातचीत में शाहरुख ने बताया कि अपने ही घर में उनकी और बच्चों आर्यन-सुहाना की कोई नहीं चलती, क्योंकि घर के हर मामले में गौरी खान के नियम लागू होते हैं। लेकिन घरेलू किस्से सुनाने के बाद अभिनेता ने अचानक अपनी फिल्म 'किंग' का ऐसा दमदार डायलॉग सुनाया कि पूरा माहौल बदल गया।
अपने ही घर में क्यों नहीं चलती शाहरुख खान की मर्जी?
शाहरुख खान दुबई में डेन्यूब के लग्जरी प्रोजेक्ट 'शाहरुख्ज रेजिडेंसेज' के लॉन्च कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां करण जौहर ने उनसे पूछा कि अपने ही घर में ऐसी कौन-सी चीज है, जिसे करने की इजाजत उन्हें नहीं है? इस पर शाहरुख ने मजाकिया अंदाज में कहा कि घर के अंदर उनकी कोई मर्जी नहीं चलती। शाहरुख कहते हैं,
मुझे अपने ही घर में कुछ भी करने की इजाजत नहीं है।
इसके बाद उन्होंने बताया कि गौरी के बनाए घर में वाई-फाई की शिकायत करने से लेकर बिस्तर पर खाना खाने तक की मनाही है। घर के रंग, पेंटिंग, सीढ़ियां, लिफ्ट, छत और लाइटिंग पर भी परिवार का कोई सदस्य अपनी राय नहीं दे सकता। बकौल शाहरुख़,
हमारे घर में हम गौरी के घर को लेकर कुछ नहीं कह सकते। हम वाई-फाई की शिकायत नहीं कर सकते और न ही बिस्तर पर खाना खा सकते हैं। हम घर के रंगों, पेंटिंग्स, सीढ़ियों, लिफ्ट, छत या लाइटिंग पर भी कोई टिप्पणी नहीं कर सकते। हम बस चुपचाप बैठते हैं और घर का आनंद लेते हुए कहते हैं- गौरी, तुमने कितना खूबसूरत घर बनाया है। अब मेरी परेशानी यह है कि जब मैं यहां पेंटहाउस देखने आऊंगा, तो मुझे यही कहना पड़ेगा- गौरी, तुमने कितना शानदार पेंटहाउस बनाया है! घर के बाहर हम आजाद हैं। आर्यन, सुहाना और मैं खूब मस्ती करते हैं, लेकिन घर के अंदर हमारी कुछ नहीं चलती।
डर और दहशत पर क्या बोले शाहरुख खान?
बातचीत के दौरान करण जौहर ने शाहरुख से मजाक में पूछा कि वह कारोबार, बॉक्स ऑफिस या अपनी पत्नी गौरी में से किससे ज्यादा डरते हैं? इस पर अभिनेता ने अपनी आने वाली फिल्म 'किंग' का जिक्र करते हुए करण को उनका फिल्मी डायलॉग याद दिलाया और फिर पूरे जोश में कहा,
हजार मुल्कों में बदनाम और दुनिया ने दिया एक ही नाम। और वो पता है क्यों? क्योंकि मैं डर नहीं, दहशत हूं।
उनका यह डायलॉग सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।
शाहरुख़ खान ने मंच पर डांस और मजेदार जवाब से भी लूटी महफिल
कार्यक्रम में करण जौहर ने शाहरुख को 'किंग खान' कहकर मंच पर बुलाया। अभिनेता ने फिल्म 'किंग' के गाने 'तू मिल जाए' पर अचानक डांस करके प्रशंसकों को खुश कर दिया। इसके अलावा डेन्यूब के साथ बातचीत के दौरान जब उनसे माइक्रोफोन मांगा गया, तो उन्होंने मजाक में कहा, "आप घर बनाते रहिए, माइक हम देते रहेंगे।"
कब रिलीज होगी शाहरुख़ खान की 'किंग'?
काम की बात करें तो शाहरुख खान जल्द ही सिद्धार्थ आनंद की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'किंग' में नजर आएंगे। इसमें उनके साथ दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन और अभय वर्मा भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।












