
आमिर खान प्रोडक्शंस की मोस्ट अवैटेड फिल्म 'बंटवारा 1947' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान एक्टर सनी देओल ने पहली बार अपने परिवार से जुड़ा बंटवारे का दर्द साझा किया। उन्होंने बताया कि उनके दादा-दादी (दिवंगत धर्मेंद्र के पैरेंट्स केवल कृष्ण देओल और सतवंत कौर) भी भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान आज के पाकिस्तान से भारत आए थे और उन्होंने बचपन में उनसे कई भावुक किस्से सुने थे। सनी ने कहा कि उस दौर में हालात बेहद भयावह थे, लेकिन कई गांवों में लोग एक-दूसरे की जान बचाने के लिए भी आगे आए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर इंसान इंसानियत को सबसे बड़ा धर्म मान ले, तो दुनिया की कई समस्याएं अपने आप खत्म हो जाएंगी।
ट्रेलर लॉन्च में सनी देओल ने मुस्कुराते हुए कहा, "जैसा आप सब जानते हैं, मैं पढ़ता-लिखता कम हूं। मैंने जो बातें सुनी हैं, वही जानता हूं। हम पंजाब से हैं और बंटवारे के समय मेरे दादा-दादी आज के पाकिस्तान वाले हिस्से में थे। मैंने उनसे कई ऐसे किस्से सुने, जो बेहद भावुक कर देने वाले थे। उन्होंने मुझे बताया था कि अगर किसी गांव में कोई अप्रिय घटना होने की आशंका होती थी तो बाकी गांव वाले मिलकर लोगों को छिपा देते थे और दंगाइयों से उनकी रक्षा करते थे। उस समय माहौल ऐसा था कि कोई अनहोनी न हो, यही सब चाहते थे।"
यह भी पढ़ें :'ग़दर 2 जैसी ग़दर न मचा दे...', सनी देओल 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर देख क्या बोले लोग?
सनी देओल ने आगे कहा, "ऐसी कई घटनाएं हैं, जिन पर मैं विस्तार से बात नहीं करना चाहता। बचपन से पंजाब में समय बिताने का मौका मिला, इसलिए वहां की मिट्टी, लोगों और कहानियों से मेरा गहरा जुड़ाव है।"
जब एक पत्रकार ने पूछा कि आजादी के इतने सालों बाद भी पद और राजनीति के नाम पर समाज क्यों बंटता है, तो सनी देओल ने जवाब दिया, "वजह इंसान ही है, और कौन? जिस दिन इंसान समझ जाएगा, ये सब खत्म हो जाएगा। मैं किसी पद या कुर्सी को सबसे बड़ा नहीं मानता। चाहे कोई मंत्री हो या पुलिस वाला, आखिर वह इंसान ही होता है। अगर हर व्यक्ति समझ जाए कि इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं है, तो कोई समस्या ही नहीं बचेगी।" सनी के इस जवाब पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनका समर्थन किया।
यह भी पढ़ें :'बंटवारा 1947' के 6 सबसे पावरफुल डायलॉग्स, थिएटर में हर लाइन पर बजेगी सीटी
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी 'बंटवारा 1947' में सनी देओल, शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अभिमन्यु सिंह और अली फजल अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है और 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।