
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' से घर-घर में पहचान बनाने वाले शैलेश लोढ़ा के परिवार में हाल ही में खुशियों का बड़ा मौका आया। उनकी बेटी स्वरा लोढ़ा की शादी जोधपुर के ऐतिहासिक उमैद भवन पैलेस में शाही अंदाज में संपन्न हुई। सेरेमनी को निजी रखा गया था, लेकिन अब शादी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल की मौजूदगी सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रही है। शादी के दौरान उनका अपनापन, परिवार के साथ घुलना-मिलना और शैलेश लोढ़ा के प्रति सम्मान दिखाने वाला एक खास पल इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत रहा है।
जोधपुर के उमैद भवन पैलेस में हुई स्वरा लोढ़ा की शादी में विक्की कौशल खास मेहमान के तौर पर पहुंचे। वह सफेद शेरवानी जैकेट और काले ट्राउजर में नजर आए। जैसे ही वह सेरेमनी में पहुंचे, शैलेश लोढ़ा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। शादी के दौरान विक्की पूरे परिवार और मेहमानों के साथ बेहद सहज अंदाज में घुलते-मिलते दिखाई दिए। वायरल वीडियो में एक ऐसा पल भी देखने को मिला जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। विक्की कौशल ने बड़े ही प्यार और सम्मान के साथ शैलेश लोढ़ा की पगड़ी ठीक की। इसके अलावा वह बारातियों का स्वागत करते, दुल्हन स्वरा को गले लगाते और शादी की खुशियों में परिवार के साथ शामिल होते भी नजर आए। उनका यह सादगी भरा व्यवहार सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।
शादी का सबसे खूबसूरत पल स्वरा लोढ़ा और उनके दूल्हे की वरमाला सेरेमनी रही। उमैद भवन पैलेस की भव्य पृष्ठभूमि में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इसके बाद शैलेश लोढ़ा अपनी बेटी को गले लगाते हुए भावुक नजर आए। बाद में नवविवाहित जोड़े ने अपने माता-पिता और दादा-दादी के साथ यादगार तस्वीरें भी खिंचवाईं।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर रिएक्शंस दिए। एक यूजर ने लिखा, "जिस तरह उन्होंने सभी लोगों से मुलाकात की, वह सच में बहुत अच्छा लगा।" एक अन्य फैन ने पूछा, "जेठालाल कहां हैं?" इसके अलावा कई लोगों ने शैलेश लोढ़ा और उनके परिवार को शादी की शुभकामनाएं दीं, जबकि कुछ फैंस ने 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' की बाकी स्टारकास्ट की कमी भी महसूस की।
शैलेश लोढ़ा और विक्की कौशल के बीच अच्छी दोस्ती मानी जाती है। हाल ही में शैलेश ने विक्की के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए उनकी सफलता, मेहनत और विनम्र स्वभाव की दिल से तारीफ की थी। यही वजह है कि शादी में विक्की की मौजूदगी ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। वर्क फ्रंट की बात करें तो शैलेश लोढ़ा हाल ही में टीवी शो 'एडवोकेट अंजलि अवस्थी' में एडवोकेट रमेश पटेल के किरदार में नजर आए थे। यह शो इसी साल मई में एंड हुआ।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।