
सुपरस्टार थलापति विजय के फैंस उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म Jana Nayagan की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पिछले करीब 7 महीनों से फिल्म की रिलीज को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक ये बड़े पर्दे पर नहीं पहुंच सकी है। इसी बीच फिल्म की रिलीज को लेकर नया अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स की मानें तो मेकर्स मूवी रिलीज प्लान को लेकर अंतिम तैयारियों में जुटे हैं और जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। ये फिल्म इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि ये विजय के करियर की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है और उनकी आखिरी फिल्म है। दमदार स्टारकास्ट, बड़े बजट और हाई-ऑक्टेन एक्शन के चलते Jana Nayagan लंबे समय से सुर्खियों में है। अब हर किसी की नजर इस बात पर है कि आखिर फिल्म किस तारीख को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म जन नायकन के मेकर्स ने आखिरकार तमिलनाडु के सीएम जोसेफ विजय की मूवी के सेंसर बोर्ड सर्टिफिकेशन पर चुप्पी तोड़ी है। ये फिल्म तब से चर्चा में है जब पिछले हफ्ते ऐसी खबरें आईं कि CBFC ने इसे कुछ कट के साथ ए सर्टिफिकेट दिया है। अब प्रोड्यूसर केवीएन प्रोडक्शंस ने पुष्टि की है कि ये खबरें गलत हैं और फिल्म को अभी सर्टिफिकेशन मिलना बाकी है। एच विनोथ के निर्देशन में बनी विजय की जन नायकन को जनवरी 2026 से सेंसर की आपत्तियों, कानूनी विवाद और पायरेसी लीक के कारण कई बार देरी का सामना करना पड़ा है। सर्टिफिकेशन प्रोसेस की मौजूदा स्थिति के बारे में बताते हुए प्रोड्यूसर ने कहा कि CBFC ने समीक्षा कर ली है, लेकिन उन्होंने ऑफिशियल सर्टिफिकेट जारी करने से पहले कुछ और बदलाव करने को कहा है। उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, "जो तस्वीर शेयर की जा रही है, वो फेक है। CBFC ने अपनी समीक्षा पूरी कर ली है और हमें बदलावों की फाइनल लिस्ट भेज दी है। जब हम बदलाव पूरे कर लेंगे, तो हमें सर्टिफिकेशन मिलने और फिल्म को थिएटर में लाने की उम्मीद है।"
बताया जा रहा है कि जन नायकन को सर्टिफिकेशन मिलना अभी बाकी। हालांकि, फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी चल रही है। इंडस्ट्री के सूत्रों का कहना है कि तमिलनाडु के थिएटर मालिकों ने रिलीज की योजना बनानी शुरू कर दी है, क्योंकि उन्हें उम्मीद है कि सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया जल्द ही पूरी हो जाएगी। खबरों की मानें तो जन नायकन के मेकर्स इसे जुलाई के आखिरी वीक या अगस्त के पहले हफ्ते में सिनेमाघरों में रिलीज करने की सोच रहे हैं। ये इस बात पर भी निर्भर करेगा कि CBFC कब अपनी अंतिम मंजूरी देता है। सर्टिफिकेशन की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद रिलीज की आधिकारिक तारीख की घोषणा की जाएगी।
जन नायकन तमिल भाषा की पॉलिटिकल एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसे एच विनोथ ने डायरेक्ट किया है और KVN प्रोडक्शंस ने प्रोड्यूस किया है। इसमें विजय, पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और ममिता बैजू के साथ गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, नारायण और प्रियामणि भी हैं। ये 2023 की तेलुगु फुल्म भगवंत केसरी का रीमेक है। ये विजय की राजनीति में आने से पहले उनकी आखिरी फिल्म होगी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के बाद रिलीज होने वाली उनकी पहली फिल्म होगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।