
अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गई है। फिल्म का ट्रेलर 11 जून को लॉन्च होने जा रहा है और इसके लिए मेकर्स ने किसी बड़े अवॉर्ड शो जैसी तैयारी की है। जानकारी के अनुसार, ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर 1.5 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए गए हैं। YRF स्टूडियो में फिल्म की थीम के मुताबिक विशाल जंगल, झरने और एडवेंचर सेटअप तैयार किया गया है। खास बात यह है कि फिल्म की लगभग पूरी 30 सदस्यीय स्टारकास्ट इस इवेंट में शामिल होगी। ऐसे में यह लॉन्च हाल के वर्षों के सबसे चर्चित बॉलीवुड इवेंट्स में से एक बन सकता है।
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक़, 'वेलकम टू द जंगल' के ट्रेलर लॉन्च को यादगार बनाने के लिए मेकर्स ने बड़े स्तर पर तैयारी की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस इवेंट पर 1.5 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए गए हैं। फिल्म की एडवेंचर और जंगल थीम को ध्यान में रखते हुए YRF स्टूडियो के अंदर विशाल सेट बनाया गया है, जिसमें आर्टिफिशियल जंगल के साथ झरनों का भी निर्माण किया गया है। मकसद दर्शकों और मीडिया को फिल्म जैसा ही फील देना है।
आमतौर पर फिल्मों के ट्रेलर लॉन्च मल्टीप्लेक्स या सिनेमाघरों में रखे जाते हैं, लेकिन इस बार मेकर्स ने अलग रास्ता चुना है। पूरी स्टूडियो स्पेस को बुक कर एक ऐसा सेटअप तैयार किया गया है जो फिल्म की दुनिया को जीवंत बनाता है। बताया जा रहा है कि पोस्ट-2020 दौर में किसी बॉलीवुड फिल्म के लिए इस स्तर का ट्रेलर लॉन्च बहुत कम देखने को मिला है।
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी विशाल स्टारकास्ट है। ट्रेलर लॉन्च के दौरान लगभग 30 कलाकारों के एक साथ मौजूद रहने की उम्मीद है। यह फिल्म की पहली आधिकारिक प्रमोशनल एक्टिविटी भी होगी, इसलिए इंडस्ट्री और फैंस की नजरें इस इवेंट पर टिकी हुई हैं। गौरतलब है कि'वेलकम टू द जंगल' में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जैकी श्रॉफ, उर्वशी रौतेला, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा और दलेर मेहंदी जैसे कई लोकप्रिय चेहरे नजर आएंगे।
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि 'वेलकम टू दि जंगल' का ट्रेलर 4 मिनट 20 सेकंड का होगा। पिंकविला की रिपोर्ट में अंदरूनी सूत्रों के हवाले से लिखा है कि यह ट्रेलर मस्ती, अफरा-तफरी, कॉमेडी और कन्फ्यूजन से भरपूर होगा। इसकी जान अक्षय कुमार होंगे, लेकिन इसमें पूरी स्टार कास्ट का परिचय कराया जाएगा। आखिरी के 25 सेकंड में अक्षय कुमार, कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा जैसे कलाकारों का शानदार एक्ट देखे को मिलेगा।
यह फिल्म पॉपुलर 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है। फिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया है, जो 'बागी 2', 'बागी 3' और 'हीरोपंती 2' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। मेकर्स को उम्मीद है कि कॉमेडी, एक्शन और मल्टीस्टारर अपील का यह मिश्रण दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रहेगा। 'वेलकम टू द जंगल' को 26 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म को इस साल बॉलीवुड की सबसे बड़ी कॉमेडी फिल्मों में से एक माना जा रहा है और ट्रेड एक्सपर्ट्स की नजरें इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर भी टिकी हुई हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।