
दुनिया के सबसे बड़े ब्यूटी पेजेंट में शुमार मिस यूनिवर्स के मंच पर भारत की 19 साल की काजिया लिज मेजो ने अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास और प्रतिभा से लोगों का ध्यान खींचा। 75वें मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने पहुंचीं काजिया ने टॉप-30 में जगह बनाई, लेकिन वह टॉप-12 में पहुंचने से चूक गईं। भले ही उनका सफर ताज तक नहीं पहुंच पाया, लेकिन महज 19 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने की उनकी कहानी खास है।
काजिया लिज मेजो मूल रूप से केरलम के अलप्पुझा जिले के मावेलिक्कारा की रहने वाली हैं। उन्होंने इस साल मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। वह केरलम की पहली महिला बनीं, जिन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब अपने नाम किया। अगस्त 2026 में जयपुर में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने 52 प्रतियोगियों को पीछे छोड़कर यह ताज हासिल किया था।
काजिया सिर्फ मॉडलिंग ही नहीं, पढ़ाई में भी आगे हैं। वह मणिपाल लॉ स्कूल, बेंगलुरु में लॉ की पढ़ाई कर रही हैं। उनका बचपन अबू धाबी में बीता है। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें क्लासिकल डांस, संगीत और अभिनय में भी दिलचस्पी है। वह करीब 12 साल तक शास्त्रीय नृत्य की ट्रेनिंग ले चुकी हैं। उन्हें गाना पसंद है और वह वायलिन तथा ड्रम भी बजा सकती हैं।
काजिया का ब्यूटी पेजेंट का सफर मिस यूनिवर्स इंडिया से शुरू नहीं हुआ। साल 2024 में उन्होंने मिस टीन दिवा का खिताब जीता था। इसके बाद 2025 में मिस टीन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया और फर्स्ट रनर-अप बनीं। साल 2026 में मिस यूनिवर्स केरला का खिताब जीतने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।