
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी जबरदस्त चर्चा है। रणबीर कपूर के भगवान राम, यश के रावण और साई पल्लवी की सीता के लुक को खूब सराहा गया। लेकिन इन सबके बीच ट्रेलर में कुछ सेकेंड के लिए नजर आई एक नई एक्ट्रेस ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। ट्रेलर में सीता के साथ चल रही उनकी बहन को देखकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि आखिर यह अभिनेत्री कौन है? अब इस मिस्ट्री पर से पर्दा उठ गया है।
शुरुआत में कई लोगों ने अंदाजा लगाया कि ट्रेलर में दिख रही अभिनेत्री सुरभि दास हैं। हालांकि बाद में साफ हो गया कि सीता की बहन मांडवी का किरदार रिया कपूर निभा रही हैं। सुरभि दास ने भी सोशल मीडिया पर इस बात की पुष्टि की कि ट्रेलर में नजर आने वाली अभिनेत्री रिया कपूर ही हैं।
और पढ़ें - 4 साल लिव-इन में रहीं परवीन बाबी, फिर क्यों डैनी डेन्जोंगपा संग टूटा रिश्ता?
रिया कपूर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का नया चेहरा हैं। उन्होंने इससे पहले तेलुगु फिल्म 'MissTerious' में काम किया था। इसके अलावा वह स्टार प्लस के टीवी शो 'संपूर्णा' में नैना के किरदार में नजर आ चुकी हैं। हालांकि शो खत्म होने से पहले ही उनके किरदार की कहानी समाप्त हो गई थी। टीवी और फिल्मों के अलावा रिया कई म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी मौजूदगी है, जहां वह अक्सर अपने रील्स और ग्लैमरस तस्वीरें साझा करती रहती हैं।
रामायण में मांडवी एक बेहद अहम किरदार है। वह राजा कुशध्वज और रानी चंद्रभागा की पुत्री तथा माता सीता की चचेरी बहन हैं। मांडवी का विवाह भगवान राम के छोटे भाई भरत से होता है, जो माता कैकेयी के पुत्र हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, मांडवी को देवी लक्ष्मी के शंख का अवतार माना जाता है। भरत और मांडवी के दो पुत्र तक्ष और पुष्कल बताए जाते हैं।
और पढ़ें - डेढ़ साल पहले रचाई गुपचुप शादी, अब TV एक्ट्रेस अदिति शर्मा ने कराई FIR, जानें क्यों?
नितेश तिवारी की 'रामायण' में सीता की दूसरी बहन उर्मिला का किरदार सोनिया बालानी निभा रही हैं, जबकि श्रुतकीर्ति के रोल में सुरभि दास नजर आएंगी। फिल्म में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर, माता सीता के रूप में साई पल्लवी और रावण के रूप में यश दिखाई देंगे। इसके अलावा फिल्म में सनी देओल, रवि दुबे, लारा दत्ता, अरुण गोविल, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, सौरभ सचदेवा, फैसल मलिक, मुकेश तिवारी समेत कई बड़े कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म को दो भागों में बनाया जा रहा है। पहला भाग इस साल दिवाली के मौके पर रिलीज करने की योजना है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 तक सिनेमाघरों में लाने की तैयारी चल रही है। हालांकि मेकर्स की ओर से रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।