
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' का टीजर लॉन्च होने के बाद से यह फिल्म लगातार चर्चा में है। फिल्म में भगवान राम के किरदार के लिए रणबीर कपूर की कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया और फिल्म जगत में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग मानते हैं कि रणबीर कपूर पहले ही संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'एनिमल' में एक विवादित किरदार निभा चुके हैं, इसलिए उन्हें भगवान राम के रूप में स्वीकार करना दर्शकों के लिए आसान नहीं होगा। इसी मुद्दे पर बीआर चोपड़ा की मशहूर टीवी सीरीज 'महाभारत' में युधिष्ठिर का किरदार निभाने वाले एक्टर गजेंद्र चौहान ने अपनी राय रखी है।
'हिंदी रश' से बातचीत में गजेंद्र चौहान ने कहा कि पौराणिक किरदार निभाने वाले कलाकारों की कोई मजबूत सार्वजनिक छवि पहले से नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा,"जब आप कोई पौराणिक किरदार निभाते हैं, तो आपकी पहले से बनी हुई इमेज नहीं होनी चाहिए। हालांकि, उस दौर में 'रामायण' और 'महाभारत' में काम करने वाले कलाकार पहले भी अभिनय कर चुके थे, लेकिन वे बहुत बड़े स्टार नहीं थे।" उन्होंने आगे कहा कि इस बार 'रामायण' में बड़े फिल्मी सितारे पौराणिक भूमिकाएं निभा रहे हैं, इसलिए दर्शकों के लिए उन्हें उन किरदारों में स्वीकार करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
गजेंद्र चौहान ने बताया कि 'महाभारत' में युधिष्ठिर का किरदार निभाने से पहले उनकी कोई बड़ी स्टार इमेज नहीं थी। उन्होंने कहा, "युधिष्ठिर का रोल मिलने से पहले मुझे कौन जानता था? मैंने करीब 25 टीवी सीरियल्स में काम किया था, लेकिन मुझे उस तरह की लोकप्रियता नहीं मिली थी। शायद यही वजह थी कि लोग मुझे युधिष्ठिर के रूप में आसानी से स्वीकार कर पाए।"
गजेंद्र चौहान ने एक समय चर्चा में रही बड़े सितारों वाली 'महाभारत' की योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "एक समय ऐसी चर्चा थी कि अमिताभ बच्चन भीष्म, ऋतिक रोशन कर्ण और आमिर खान श्रीकृष्ण का किरदार निभाएंगे। लेकिन वह 'महाभारत' कभी बन ही नहीं पाई।"
हालांकि गजेंद्र चौहान ने रणबीर कपूर के भगवान राम वाले लुक की तारीफ की। उन्होंने कहा, "रणबीर कपूर इस किरदार में अच्छे लग रहे हैं। हमारी कल्पना में भगवान राम का जैसा स्वरूप है, उनका लुक काफी हद तक वैसा ही दिखाई देता है। लेकिन उनकी एक्टिंग पर मैं फिल्म रिलीज होने के बाद ही कुछ कहूंगा।"
फिल्म के टीजर में सबसे पहले रावण की झलक दिखाई गई है, जिसका चेहरा शॉल से ढका हुआ नजर आता है। फिल्म में रावण का रूप भव्य और अलग अंदाज में पेश किया गया है। टीजर में दिखाया गया है कि जब रावण तीनों लोकों—स्वर्ग, पृथ्वी और पाताल पर अपना शासन स्थापित करने का संकल्प लेता है, तब भगवान राम का जन्म मानवता को उसके अत्याचारों से बचाने के लिए होता है।
टीजर में भगवान राम के साथ सीता के किरदार में साई पल्लवी और रावण के रूप में यश की झलक भी दिखाई गई है। इसके अलावा फिल्म के कई अन्य प्रमुख किरदार भी सामने आए हैं, जिनमें लारा दत्ता – कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह – शूर्पणखा और विवेक ओबेरॉय – विद्युज्जिह्व (शूर्पणखा के पति) के रोल में दिखे। हालांकि, टीजर में सनी देओल, जो फिल्म में हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं, उनकी झलक नहीं दिखाई गई। टीजर से साफ संकेत मिलता है कि फिल्म में आधुनिक CGI और VFX तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया गया है।
नितेश तिवारी की 'रामायण' दो भागों में रिलीज की जाएगी।
पहला भाग: दिवाली से पहले अक्टूबर 2026 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगा।
दूसरा भाग: दिवाली 2027 पर रिलीज किया जाएगा।
करीब 4000 करोड़ के भारी-भरकम बजट में बनी इस फिल्म में कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनमें रणबीर कपूर के अलावा साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, अरुण गोविल और शीबा चड्ढा हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।