
सूरज बड़जात्या की फिल्मों से दर्शकों को हमेशा बड़े फैमिली एंटरटेनमेंट और शानदार ओपनिंग की उम्मीद रहती है। लेकिन इस बार आयुष्मान खुराना और शरवरी की जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर वैसी शुरुआत नहीं कर पाई, जैसी ट्रेड सर्कल्स को उम्मीद थी। फिल्म को लेकर रिलीज से पहले अच्छी चर्चा थी और शुरुआती अनुमान भी काफी मजबूत थे। इसके बावजूद पहले दिन सिनेमाघरों में दर्शकों की मौजूदगी उम्मीद से कम रही। हालांकि, इमरान हाशमी की 'गनमास्टर G9' के साथ मुकाबले में फिल्म थोड़ा आगे निकल गई। अब सवाल है कि क्या शनिवार और रविवार को इसकी किस्मत बदलेगी?
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी 'ये प्रेम मोल लिया' ने 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक दी। Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन भारत में करीब ₹4 करोड़ नेट का कलेक्शन किया है। वहीं इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन ₹4.70 करोड़ रहा। पहले दिन फिल्म देशभर में 7,251 शोज में दिखाई गई। दिलचस्प बात यह है कि रिलीज से पहले फिल्म की ओपनिंग करीब ₹7 करोड़ नेट रहने का अनुमान लगाया जा रहा था। ऐसे में वास्तविक कलेक्शन उम्मीद से कम रहा।
27 नवंबर को बॉक्स ऑफिस पर 'ये प्रेम मोल लिया' का मुकाबला इमरान हाशमी की एक्शन एंटरटेनर 'गनमास्टर G9' से भी हुआ। दोनों फिल्मों के पहले दिन के आंकड़ों पर नजर डालें तो आयुष्मान की फिल्म ने मामूली बढ़त हासिल की। 'ये प्रेम मोल लिया' ने जहां ₹4 करोड़ नेट कमाए, वहीं 'गनमास्टर G9' का पहले दिन का इंडिया नेट कलेक्शन करीब ₹3.65 करोड़ रहा। इमरान की फिल्म का इंडिया ग्रॉस ₹4.30 करोड़ दर्ज किया गया। यानी नेट कलेक्शन में आयुष्मान की फिल्म करीब 35 लाख रुपये आगे रही। हालांकि, दोनों फिल्मों की ओपनिंग में बहुत बड़ा अंतर नहीं है।
इसी शुक्रवार रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की 'रामायण' भी सिनेमाघरों में चल रही थी। फिल्म पहले ही तीन हफ्तों का सफर पूरा कर चुकी है और 27 नवंबर यानी 23वें दिन इसने करीब ₹8.45 करोड़ नेट कमाए। इस तरह शुक्रवार के कलेक्शन में 'रामायण' बाकी दोनों नई फिल्मों से आगे रही।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।