घरों से उड़तीं छत देख डरे लोग...क्या पश्चिम बंगाल में आए भयानक तूफान अम्फान का है ये वीडियो

दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो ओडिशा के पारादीप का है जहां इस तूफान ने काफी तबाही मचाई है। यह वीडियो फेसबुक पर अलग अलग भाषाओं में साझा किया जा रहा है

Asianet News Hindi | Published : May 22, 2020 1:32 PM IST / Updated: Jun 08 2020, 01:22 PM IST

नई दिल्ली. ओडिशा और पश्चिम बंगाल में आए चक्रवाती तूफान अम्फान ने काफी तबाही मचाई थी। सोशल मीडिया पर इसके वीडियो पर और तस्वीरें सामने आई थीं। खौफनाक वीडियो ने लोगों को डरा दिया था। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसको अम्फान तूफान का बताया जा रहा है। इस वीडियो में घरों की छतें उखड़ती हुई देखी जा सकती हैं। 

फैक्ट चेकिंग में आइए जानते हैं कि क्या वाकई ये पश्चिम बंगाल के अम्फान तूफान की वीडियो है? 

वायरल पोस्ट क्या है? 

फेसबुक पेज "Lallu Ram" ने अपनी ही वे​बसाइट पर प्रकाशित हुए एक आर्टिकल का लिंक डाला जिसमें यह वीडियो भी शामिल था। वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है: "LIVE VIDEO : देखिए सुपर साइक्लोन ‘अम्फान’ तूफान का कहर, किस तरह से बंगाल-ओडिशा में मचा रहा है तबाही"

क्या दावा किया जा रहा है?

दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो ओडिशा के पारादीप का है जहां इस तूफान ने काफी तबाही मचाई है। यह वीडियो फेसबुक पर अलग अलग भाषाओं में साझा किया जा रहा है जिसमें इसे ओडिशा के पारादीप का बताया जा रहा है।

सच क्या है?

वायरल हो वीडियो ओडिशा के पारादीप का नहीं, बल्कि फ्लोरिडा का है जहां अक्टूबर 2018 में माइकल नामक तूफान ने कहर बरपाया था। वीडियो के कीफ्रेम्स काट कर रिवर्स सर्च करने पर हमें यूट्यूब पर यह वीडियो मिल गया। 12 अक्टूबर 2018 को अपलोड किए गए इस वीडियो के साथ मौजूद डिस्क्रिप्शन के अनुसार यह वीडियो फ्लोरिडा के पनामा सिटी बीच का है, जहां माइकल नामक तूफान ने तबाही मचाई थी।

हमने इससे जुड़ी ​मीडिया रिपोर्ट्स सर्च की तो हमें सीएनएन के यूट्यूब चैनल पर 10 अक्टूबर 2018 को अपलोड की गई रिपोर्ट मिल गई जिससे यह पुष्टि होती है कि यह वीडियो फ्लोरिडा का ही है। 

 

ये निकला नतीजा 

पारादीप में आए अम्फान तूफान के नाम वायरल किया जा रहा है वो दो साल पुराना है और फ्लोरिडा का है। लॉकडाउन के बीच लोग ये वीडियो फर्जी दावों के साथ शेयर किया जा रहा है।

Share this article
click me!