पंजाब में लॉकडाउन 14 अप्रैल को खत्म नहीं होगा, बल्कि 1 मई तक रहेगा, अब मास्क पहनना भी जरूरी
नई दिल्ली. ओडिशा के बाद पंजाब में भी लॉकडाउन की तारीख को बढ़ा दिया गया है। पंजाब में 1 मई तक लॉकडाउन रहेगा। शुक्रवार को यह फैसला सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार ने लिया। इतना ही नहीं, पंजाब सरकार ने मास्क पर भी विशेष ध्यान दिया है। कोरोना महामारी को रोकने के लिए राज्य में मास्क पहनना भी गुरुवार से ही अनिवार्य कर दिया है। मुख्यमंत्री ने अपने फैसले की जानकारी देते हुए कहा, पंजाब में अब मास्क पहनना अनिवार्य है। जब भी आप किसी आपात स्थिति में या आवश्यक वस्तुओं के लिए घर से बाहर निकलें तो मास्क जरूर पहनें।
Asianet News Hindi | Published : Apr 10, 2020 12:16 PM IST / Updated: Apr 10 2020, 07:13 PM IST
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पहले ही राज्य में लॉकडाउन को बढ़ाने के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि सरकार लॉकडाउन को बढ़ाने पर विचार कर रही है।
अमरिंदर सिंह ने कहा था कि पाबंदियां हटाने के लिए यह सही समय नहीं है। कोरोना वायरस के खिलाफ केंद्र की ओर से राज्यों के लिए तय 15 हजार करोड़ रुपए का पैकेज नाकाफी है और ऐसे में मोदी सरकार को प्रदेश सरकारों को पर्याप्त वित्तीय मदद देनी चाहिए।
अमरिंदर सिंह ने बताया, अब तक पंजाब में कोरोना के 132 मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें से 11 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक हमारे द्वारा एकत्र किए गए नमूनों की कुल संख्या 2877 है और एक राज्य जिसके पास 28 मिलियन लोग हैं तो यह काफी नहीं है।
अमरिंदर सिंह ने कहा, अब तक हमारे पास 651 लोग हैं जो दिल्ली के निजामुद्दीन से पंजाब आए। हमने उनमें से 636 का पता लगाया है15 का अभी भी पता लगाना हैं और हम उनकी तलाश कर रहे हैं।
ओडिशा के बाद पंजाब ऐसा दूसरा राज्य बन गया है, जहां लॉकडाउन को बढ़ाकर 30 अप्रैल तक कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल से किसानों को फसलों की कटाई के लिए लॉकडाउन में ढील दी जाएगी और इसमें सामाजिक दूरी का ध्यान रखा जाएगा।
पंजाब के 17 जिले अब तक इस जानलेवा वायरस की चपेट में आ चुके हैं। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा घोषित 21 दिन के लॉकडाउन को 1 मई तक बढ़ाने का फैसला किया है।
सरकार का मानना है कि यही एक तरीका है जिससे वायरस के कम्युनिटी ट्रांसमिशन को रोका जा सकता है।
1 मई तक चलने वाले लॉकडाउन के दौरान सरकार जरूरी चीजों की आपूर्ति ऑनलाइन डिलिवरी के माध्यम से सुनिश्चित करेगी।
पंजाब में अब मास्क पहनना अनिवार्य है। इसको लेकर स्वास्थ्य सचिव ने एडवाइजरी जारी की। किसी आपातकालीन/जरूरी वस्तु के लिए घर से बाहर निकलते हैं तो मास्क लगाना जरूरी है।
अमृतसर की सब्जी मंडी में कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए एक डिसइंफेक्शन रूम तैयार किया गया है।