INDIA Alliance Meeting: INDIA ब्लॉक के नेता DMK प्रमुख MK स्टालिन से मिलकर केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन बिल का विरोध करने की अपील कर रहे हैं। विपक्षी पार्टियों का आरोप है कि यह बिल BJP को फायदा पहुंचाने के लिए लाया जा रहा है और इससे देश के लोकतांत्रिक ढांचे को गंभीर खतरा है।
Sanjay Singh on Delimitation Bill: केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और समाजवादी पार्टी (SP) समेत विपक्षी दलों ने इस बिल का विरोध शुरू कर दिया है। विपक्ष का आरोप है कि परिसीमन की प्रक्रिया के जरिए चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं में इस तरह बदलाव किया जा सकता है, जिससे भारतीय जनता पार्टी (BJP) को राजनीतिक फायदा मिले और उसे चुनाव में हराना मुश्किल हो जाए।
AAP सांसद संजय सिंह ने प्रस्तावित बिल को 'BJP जिताऊ बिल' करार देते हुए इसे देश के साथ धोखा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के नाम पर निर्वाचन क्षेत्रों का नया ढांचा तैयार किया जाएगा, जिसका सीधा फायदा बीजेपी को मिल सकता है। स्टालिन से समर्थन मांगने चेन्नई पहुंचे INDIA ब्लॉक के नेता प्रस्तावित परिसीमन बिल के खिलाफ विपक्षी एकजुटता मजबूत करने की कोशिशें भी तेज हो गई हैं। INDIA ब्लॉक के वरिष्ठ नेता रविवार को DMK प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करने चेन्नई पहुंचे। संजय सिंह ने कहा कि स्टालिन और उनकी पार्टी से बातचीत की कोशिश होनी चाहिए, लेकिन बिल का समर्थन करना है या विरोध, इसका फैसला DMK नेतृत्व को ही करना है।
उन्होंने कहा कि अगर DMK इस बिल का समर्थन करती है तो यह सही फैसला नहीं होगा। संजय सिंह के मुताबिक, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने की प्रक्रिया बीजेपी के पक्ष में तैयार की जा सकती है, जिससे भविष्य में उसे हराना बेहद मुश्किल हो जाएगा। अधीर रंजन चौधरी बोले- लोकतंत्र पर मंडरा रहा खतरा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास इस विधेयक का विरोध करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है। उनके मुताबिक, अगर यह बिल पास हो जाता है तो देश के लोकतांत्रिक ढांचे को नुकसान पहुंच सकता है।
चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सभी सांसदों से एकजुट होकर इस बिल को रोकने की अपील कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश 'एक पार्टी, एक देश, एक चुनाव' की दिशा में बढ़ रहा है और ऐसी स्थिति लोकतंत्र के लिए खतरनाक हो सकती है। मनोज झा ने 2011 की जनगणना को आधार बनाने पर उठाए सवाल RJD सांसद मनोज झा ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया में 2011 की जनगणना को आधार बनाने के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब नई जनगणना के आंकड़े आने वाले हैं, तो पुराने आंकड़ों के आधार पर प्रतिनिधित्व तय करना समझ से परे है।
मनोज झा ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षण, जाति आधारित जनगणना और परिसीमन पर 25 साल तक रोक लगाने के प्रस्ताव को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के जरिए करीब 300 ऐसे निर्वाचन क्षेत्र तैयार करने की कोशिश हो सकती है, जहां बीजेपी को हराना मुश्किल हो जाए। उन्होंने परिसीमन से जुड़ी समिति की संरचना पर भी सवाल उठाए। मोहिबुल्लाह नदवी ने बताया संवैधानिक ढांचे के लिए खतरा समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने भी प्रस्तावित बिल की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह विधेयक देश के संवैधानिक ढांचे को कमजोर कर सकता है। उनके मुताबिक, इसमें सामाजिक न्याय और सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने का स्पष्ट विजन नहीं है।
नदवी ने दावा किया कि अखिलेश यादव इस बिल का विरोध करने वाले शुरुआती नेताओं में शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के बहाने सत्ता पर पकड़ मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। 30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र दरअसल, राहुल गांधी की ओर से विपक्षी दलों से परिसीमन बिल के खिलाफ एकजुट होने की अपील के बाद INDIA ब्लॉक के नेता एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई पहुंचे हैं। राहुल गांधी ने राष्ट्रीय हित और संविधान की रक्षा के लिए सभी दलों से मिलकर इस बिल को हराने की अपील की थी।
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। इस दौरान केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधायी प्रस्ताव पेश कर सकती है। इसमें संविधान (132वां संशोधन) बिल, 2026, परिसीमन (दूसरा) बिल, 2026 और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में संशोधन शामिल हैं।
प्रस्तावित पैकेज के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। इसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से अधिकतम 35 सदस्य शामिल किए जाने की योजना है। इसी प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव तेज होता दिखाई दे रहा है।
