JNU हिंसा के विरोध में प्रदर्शन के दौरान मुंबई में दिखे 'कश्मीर विरोधी' पोस्टर, मचा बवाल
मुंबई. जेएनयू में रविवार को हुई हिंसा के विरोध में मुंबई के गेट वे ऑफ इंडिया पर प्रदर्शन हुए। इस दौरान कश्मीर विरोधी पोस्टर दिखने के बाद बवाल हो गया। भाजपा ने इसे लेकर शिवसेना पर निशाना साधा। हालांकि, जिस लड़की के हाथ में 'फ्री कश्मीर' लिखा पोस्टर था, उसने सफाई भी दी। उसने कहा कि इसका मतलब प्रतिबंधों से आजादी से था।
Asianet News Hindi | Published : Jan 7, 2020 6:26 AM IST / Updated: Jan 07 2020, 11:57 AM IST
उधर, पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे लेकर उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री ऑफिस से सिर्फ 2 किमी दूर आजादी गैंग फ्री कश्मीर के नारे लगा रही है, क्या उद्धव जी आप इन फ्री कश्मीर भारत विरोधी अभियान को बर्दाश्त कर रहे हैं।
शिवसेना ने दी सफाई: शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने कहा, मैंने समाचार पत्र में पढ़ा है कि जिनके हाथ में फ्री कश्मीर का पोस्टर था, उन्होंने सफाई में कहा है कि वे इंटरनेट, मोबाइल और अन्य सेवाओं को शुरू करने की मांग कर रहे थे। अगर कोई कश्मीर को भारत से आजादी की बात करता है, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
भाजपा ने की शिकायत: भाजपा नेता किरीट सौमेया ने कहा, मैंने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि इसकी जांच की जा रही है।
कौन है वो लड़की: विवाद बढ़ने के बाद लड़की ने खुद वीडियो जारी कर सफाई दी। उसने अपना नाम महक है। वह मुंबई में रहती है और लेखक है। उसने कहा कि मेरे पोस्टर का गलत मतलब निकाला जा रहा है।
उसने बताया कि वह लोकतंत्र के लिए उस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई थी। वहां, कई पोस्टर बन रहे थे। मैं कश्मीर से नहीं हूं। इसी दौरान मैंने सोचा कि हम यहां संविधानिक स्वतंत्रता के लिए इकट्ठा हुए हैं, तो 5 महीने से इंटरनेट बंद क्यों हैं। उन लोगों की आवाज उठाने के लिए मैंने ये पोस्टर उठाया।