पहले बता देते हैं कि चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प में भारत का क्या रुख है। भारतीय विदेश मंत्रालय चीन को लेकर अपने रुख पर कायम है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा, गलवान घाटी में चीन की ओर से सुनियोजित तरीके से यह हरकत की गई। इसी वजह से यह हिंसा हुई। इस हिंसा में दोनों तरफ के लोग हताहत हुए हैं। भारत ने अपनी सभी गतिविधियां अपनी सीमा के अंदर की हैं। हमें चीन से ऐसी उम्मीद नहीं थी।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, ईस्टर्न लद्दाख में राजनयिक और सैन्य स्तर पर तनाव कम करने के लिए बातचीत चल रही थी। 6 जून को भी बैठक हुई थी। 15 जून की रात को चीन ने गलवान वैली में यथास्थिति बदलने की कोशिश की। इसके बाद यह झड़प हुई। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने यह भी साफ कर दिया है कि भारत का कोई भी जवान लापता नहीं है।