पहली तस्वीर 22 वर्षीय सीमा की है, जो अब इस दुनिया में नहीं रही। इसके पति विक्की जालंधर जिले के आदमपुर में ईंट भट्टे पर काम करते हैं। सीमा गर्भवती थी। 22 मई को दर्द होने पर विक्की उसे लेकर आदमपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने उसे जालंधर रेफर कर दिया। यहां सरकारी अव्यवस्थाओं के चलते उसके कोरोना टेस्ट में विलंब हुआ। नतीजा, बच्चे की गर्भ में ही मौत हो गई। जब सीमा की हालत बिगड़ी, तो यहां के डॉक्टरों ने उसे अमृतसर रेफर कर दिया। वहां भी डॉक्टरों ने सपोर्ट नहीं किया। विक्की अपनी पत्नी को लेकर जालंधर लौट आया। यहां उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां उसे दम तोड़ दिया। विक्की ने बताया कि इस दौरान वो कुछ और अस्पतालों में भी गया, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। वो 4 दिन तक 2 शहरों के 7 अस्पतालों के चक्कर काटता रहा। अब जब मामला तूल पकड़ा, तो जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। विक्की ने कहा कि 5 मई को अल्ट्रासाउंड में सबकुछ ठीक था। लेकिन डॉक्टरों ने ठीक से इलाज नहीं किया। वो गरीब है, इसलिए प्राइवेट अस्पताल नहीं जा सका। दूसरी तस्वीर नई दिल्ली के रेलवे स्टेशन के बाहर की है। जब इस महिला को मालूम चला कि कुछ ट्रेनें कैंसल कर दी गई हैं, तो वो रो पड़ी। वो घर वापसी की उम्मीद में आई थी।