वृष राशिफल 2020: ढय्या देगा गुड न्यूज, जनवरी से दिसंबर तक कुछ यूं होगा इस राशिवालों का 12 महीना

उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पंडित प्रवीण द्विवेदी के अनुसार इस साल वृष राशि वालों की ढय्या समाप्त हो रही है, इसलिए ये साल उनके लिए धनदायक रहेगा। रुका हुआ पैसा इस साल मिल सकता है। राहु के कारण स्वास्थ्य में हल्के-फुल्के उतार-चढ़ाव होंगे, लेकिन कोई बड़ा रोग होने की संभावना नहीं है। इस साल नौकरी और बिजनेस में मेहनत ज्यादा करनी पड़ेगी और फल भी उतना ही मिलेगा। मंगल की स्थिति सप्तम स्थान पर है, जिसके चलते बिजनेस पार्टनर से विवाद हो सकता है। इस साल आपको पारिवारक सुख मिलेगा। हालांकि पति-पत्नी में छोटे-मोटे विवाद होते रहेंगे। बुध के पांचवें स्थान पर होने से प्रेम प्रसंग में विवाद होने के योग बन रहे हैं। आगे विस्तृत रूप से जानिए आपके लिए कैसा रहेगा साल 2020

Asianet News Hindi | Published : Dec 16, 2019 12:07 PM IST / Updated: Dec 24 2019, 04:47 PM IST

112
वृष राशिफल 2020: ढय्या देगा गुड न्यूज, जनवरी से दिसंबर तक कुछ यूं होगा इस राशिवालों का 12 महीना
वृष राशिफल जनवरी 2020: इस महीने में राहु मिथुन राशि का दूसरे भाव में, मंगल वृश्चिक राशि का सातवे भाव में, गुरु, सूर्य, शनि, बुध और केतु धनु राशि का आठवे भाव में, शुक्र मकर राशि का नवे भाव में रहेगा। वृषभ राशि वालों के लिए इस महीने की शुरूआत बहुत अच्छी कही जा सकती है। परिवार के साथ किसी धार्मिक यात्रा पर जा सकते हैं। ऑफिस में बॉस आपके काम से खुश रहेंगे, कोई उपहार भी इस महीने में मिल सकता है। नया वाहन खरीदने के योग भी इस महीने में बन रहे हैं। लव लाइफ के लिए भी ये समय अच्छा रहेगा। बिजनेस में स्थितियां आपके पक्ष में बनती नजर आएंगी। नई योजना और निवेश की भी संभावना है। गोचर में गुरु स्वगृही है, साथ ही विपरीत राजयोग भी बना रहा है, जिससे आप हर स्थिति में सफलता प्राप्त कर पाएंगे। 22 और 23 जनवरी को थोड़ा संभलकर रहें। वाहन सावधानी से चलाएं। इन 2 दिनों में विद्यार्थियों का मन पढ़ाई से भटक सकता है। महीने के अंत में धर्म और अध्यात्म में रूचि बढ़ेगी।
212
वृष राशिफल फरवरी 2020: इस महीने राहु मिथुन राशि का दूसरे भाव में, मंगल वृश्चिक राशि का सातवे भाव में, केतु व गुरु धनु राशि का अष्ठम भाव में, सूर्य, शनि मकर राशि का नवम भाव में और बुध, शुक्र कुंभ राशि का दसवे भाव में रहेंगे। महीने की शुरूआत में धन हानि के योग बन रहे हैं। किसी भी दस्तावेज पर साइन करने से पहले जरूर पढ़ें। बिजनेस में आंख मूंदकर किसी पर भरोसा न करें। 5 फरवरी के बाद समय आपके पक्ष में होता नजर जाएगा। इस दौरान आप मानसिक शांति महसूस करेंगे। माता-पिता से जुड़ाव बढ़ेगा। ऑफिस में आपकी छबि पहले से बेहतर होगी। बिजनेस में किसी परिचित के माध्यम से कोई बड़ा आर्डर मिल सकता है। 10 और 11 फरवरी को हेल्थ से जुड़ी छोटी-मोटी समस्या हो सकती है। महीने के बीच में कोई शुभ समाचार मिल सकता है। नई संस्थाओं से जुड़ने का मौका मिल सकता है। 20 से 25 के बीच किसी से विवाद हो सकता है। अपनी वाणी पर नियंत्रण रखेंगे तो बेहतर रहेगा। इस दौरान विरोधी आपको परेशान कर सकते हैं। कामों में रुकावट आने से मन बैचेन रहेगा।
312
वृष राशिफल मार्च 2020: इस महीने राहु मिथुन राशि का दूसरे भाव में, मंगल, गुरु व केतु धनि राशि का आठवे भाव में, शनि मकर राशि का नवम भाव में, सूर्य, बुध कुंभ राशि का दसवे भाव में, शुक्र और चंद्रमा मेश राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में आप धन, उन्नति और शक्ति में संपन्न रहेंगे। बड़े बुजुर्गों की सलाह आपके लिए फायदेमंद साबित होगी। धर्म की ओर आपका रूझान बढ़ेगा। प्रेम प्रसंग की शुरूआत इस महीने हो सकती है। 6 और 7 मार्च को धन लाभ के योग बन रहे हैं। नया निवेश करने से भी फायदा होगा। महीने के मध्य में सेहत बिगड़ सकती है। खर्च भी बढ़ सकता है। जमा पूंजी खर्च होगी। दुर्घटना के योग भी इस समय पर बन रहे हैं। महिलाओं को भी इस समय थोड़ा संभलकर रहना होगा, कोई अनहोनी घटना इस दौरान हो सकती है। महीने के अंतिम सप्ताह में आप बहुत व्यस्त रहेंगे। पारिवारिक विवादों के कारण मन उदास रहेगा। हालांकि इस दौरान जीवन साथी का सहयोग आपको मिलता रहेगा।
412
वृष राशिफल अप्रैल 2020: इस महीने शुक्र वृषभ राशि के लग्न में, चंद्रमा, राहु मिथुन राशि का दूसरे भाव में, केतु धनु राशि का आठवें भाव में, मंगल, गुरु, शनि मकर राशि का नवे भाव में, बुध कुंभ राशि का दसवें भाव में, सूर्य मीन राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। इस महीने आपको इंटरव्यू में सफलता मिल सकती है। सरकारी काम में किसी की मदद मिलेगी। ऑफिस में अधीनस्थ कर्मचारी आपका सहयोग करेंगे। पुराना वाहन अगर खरीदें तो टेस्ट ड्राइव जरूर लें। 7 से 10 अप्रैल के बीच आप कोई महत्वपूर्ण फैसला ले सकते हैं। इस समय कोई नया सदस्य भी आपके परिवार में आ सकता है। पेट और छाती से संबंधित बीमारियां इस महीने हो सकती हैं। मसालेदार खाना न खाएं। शुगर और बीपी की जांच भी नियमित रूप से करवाएं। करियर में युवा वर्ग को संघर्ष करना पड़ेगा। वहीं नौकरी में काम का अतिरिक्त दबाव हो सकता है। बिजनेस में नई योजनाओं पर अमल करेंगे। विद्यार्थियों को अधिक मेहनत करनी होगी, परीक्षा परिणाम पक्ष में आएंगे। महीने के अंत में किसी विशेष व्यक्ति से आपकी मुलाकात हो सकती है, जिससे भविष्य में आपको फायदा मिलेगा।
512
वृष राशिफल मई 2020: इस महीने शुक्र वृष राशि का लग्न में, राहु मिथुन राशि का दूसरे भाव में, चंद्रमा कर्क राशि का तीसरे भाव में, केतु धुन राशि का आठवे भाव में, गुरु, मंगल व शनि मकर राशि का नवे भाव में, सूर्य व बुध मेष राशि का बारहवें भाव में रहेगा। इस महीने की शुरूआत में आप बिजनेस और ऑफिस में अपने पराक्रम से लाभ और सफलता प्राप्त करेंगे। आज की हुई मेहनत भविष्य में फायदा पहुंचाएगी। इस महीने आपको रक्त से संबंधित बीमारी हो सकती है। कोई गंभीर रोग होने के योग बन रहे हैं। ये महीना दांपत्य सुख के लिए भी ठीक नहीं है। प्रेम संबंध विच्छेद होने के योग भी इस महीने बन रहे हैं। 8 व 9 मई को सप्तम चंद्रमा शांति प्रदान करेगा। 10 मई के बाद दैनिक कार्यगति ठीक होगी। महीने के तीसरे सप्ताह में और संतुष्टि का अनुभव करेंगे। आपकी कहीं गई बात से किसी के मन को ठेस लग सकती है। इसलिए वाणी पर नियंत्रण रखना बहुत जरूरी है। महीने के अंत कोई बड़ा सौदा आपके हाथ लग सकता है। किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
612
वृष राशिफल जून 2020: महीने की शुरूआत में सूर्य, शुक्र वृषभ राशि का लग्न में, बुध, राहु मिथुन राशि का दूसरे भाव में, चंद्रमा कन्या राशि का पंचम भाव में, केतु धनु राशि का आठवे भाव में, गुरु, शनि मकर राशि का नवे भाव में, मंगल कुंभ राशि का दसवे भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में आपके काम की तारीफ होगी। इस महीने विदेश यात्रा का योग भी बन रहा है। 3 और 4 जून को अचानक धन लाभ हो सकता है। प्रेम प्रसंगों में सफलता मिल सकती है। इस समय कुछ नया सीखने को मिल सकता है। 7 जून के बाद समय थोड़ा कष्टकारी रहेगा। परिश्रम ज्यादा और लाभ कम मिलने वाली स्थिति बनेगी। पैतृक संपत्ति को लेकर भाइयों से विवाद हो सकता है। 14 और 15 को चंद्रमा की ग्यारहवें भाव में गति लाभ दिला सकती है। कोई शुभ समाचार भी मिल सकता है। नौकरी में बदलाव इस महीने हो सकता है। लॉटरी, शेयर में नुकसान हो सकता है। कोर्ट-कचहरी के मामलों में आंशिक सफलता मिल सकती है।
712
वृष राशिफल जुलाई 2020: इस महीने शुक्र वृषभ राशि का लग्न में, सूर्य, बुध, राहु मिथुन राशि का दूसरे भाव में, चंद्रमा तुला राशि का छठे भाव में, गुरु व केतु धनु राशि का आठवें भाव में, शनि मकर राशि का नवे भाव में, मंगल मीन राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। 2 और 3 जुलाई को सप्तम चंद्रमा फायदा पहुंचाएगा। बिजनेस में कोई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकते हैं। परिवार से भी पूरा सहयोग मिलेगा। आत्मविश्वास बढ़ेगा और शांति से किसी बात पर निर्णय ले पाएंगे। संतान पक्ष से भी फायदा होगा। महीने की शुरूआत में रुके हुए काम गति पकड़ सकते हैं। प्रमोशन और इंक्रीमेंट के योग भी इस महीने में बन रहे हैं। विदेश जाने वालों को नया पद मिल सकता है। 14 और 15 जुलाई का समय परेशान करने वाला रहेगा। आप लक्ष्य से भटक सकते हैं। मेडिटेशन करें और किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें। महीने के अंत में कोई जोखिम भरा निर्णय ले सकते हैं। 21 और 22 जुलाई को तीसरा चंद्रमा जीवन में खुशियां लाएगा। इस महीने वाहन और मशीनरी का उपयोग सावधानी से करें।
812
वृष राशिफल अगस्त 2020: इस महीने शुक्र, बुध और राहु मिथुन का दूसरे भाव में, सूर्य कर्क राशि का तीसरे भाव में, चंद्रमा, केतु व गुरु धनु राशि का आठवे भाव में, शनि मकर राशि का नवम भाव में और मंगल मीन राशि क ग्यारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में किसी बात पर आपका मूड खराब हो सकता है। आंखों से संबंधित कोई रोग भी इस महीने हो सकता है। किसी रिश्तेदार या संबंधित से जुड़ा अशुभ समाचार मिल सकता है। 5 अगस्त के बाद समय थोड़ा आपके फेवर में होगा। उधार दिया पैसा आपको मिल सकता है। कारोबार में अटका पैसा भी इस महीने मिल सकता है। लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान इस महीने हो सकता है। महीने के बीच कोई मंहगी वस्तु चोरी या गुम हो सकती है। प्रेम संबंधों में मधुरता आएगी। ऑफिस में अधिकारी आपके काम से खुश होंगे। परिवार में प्रेम बना रहेगा। 19-20 अगस्त को अचानक कोई परेशानी आ सकती है। परिवार में किसी व्यक्ति का गिरता हुआ स्वास्थ्य चिंता का कारण बन सकता है। 28-29 अगस्त को ग्रहों की विपरीत चाल के कारण नई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
912
वृष राशिफल सितंबर 2020: इस महीने राहु मिथुन राशि का दूसरे भाव में, शुक्र कर्क राशि का तीसरे भाव में, सूर्य, बुध सिंह राशि का चौथे भाव में, गुरु, केतु धनु राशि का आठवें भाव में, शनि मकर राशि का नवें भाव में, चंद्रमा कुंभ राशि का दसवें भाव में रहेगा। इस महीने आप काम को नया रूप देने के लिए अधिक क्रिेएटिव होंगे, इससे आप अधिक प्रोजेक्टिव होंगे। 4-5 सितंबर को धन लाभ के योग बन रहे हैं। इस महीने आप ससुराल पक्ष से परेशान हो सकते हैं। परिवार के बड़े बुजुर्गों की सेहत चिंता का कारण बन सकती है। 14-15 सितंबर को लाभदायक यात्रा का योग बन रहा है। इस महीने आप लेन-देन में विशेष सावधानी रखें, उधार देने से बचें। अति आत्मविश्वास आपके लिए घातक साबित हो सकता है। पति-पत्नी एक-दूसरे की भावनाओं को समझेंगे। महीने के अंत में समय मिश्रित फल देने वाला रहेगा। आप स्वयं को संकटों से घिरा महसूस करेंगे, लेकिन उचित मार्गदर्शन से मुश्किल हालात को संभाल लेंगे।
1012
वृष राशिफल अक्टूबर 2020: इस महीने में राहु वृषभ राशि का लग्न में, शुक्र सिंह राशि का चौथे भाव में, सूर्य कन्या राशि का पंचम भाव में, बुध तुला राशि का छठे भाव में, केतु वृश्चिक राशि का सातवें भाव में, शनि मकर राशि का नौवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में आप किसी बड़ी मुसीबत में फंस सकते हैं। भयंकर मानसिक तनाव का सामना करना पड़ सकता है। ऑफिस में किसी से विवाद हो सकता है। महीने के दूसरे सप्ताह में स्थितियां आपके पक्ष में बनने लगेगी। इस समय आपके धन, वैभव व ऐश्वर्य में वृद्धि होगी। दोस्तों की मदद उलझे हुए काम निपट जाएंगे। काम गति पकड़ेंगे, लव लाइफ में मधुरता बनी रहेगी। इस महीने आप अतिरिक्त आय प्राप्त करेंगे। बेरोजगारों को रोजगार की प्राप्ति होगी। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। मित्र-परिजन मददगार साबित होंगे। बिजनेस में आ रही समस्याओं का समधान हो सकता है। नजदीकी रिश्तेदारों के साथ अच्छा समय बीतेगा। 21 और 22 अक्टूबर का समय थोड़ा तनाव वाला रहेगा। टारगेट पूरा न होने के कारण बॉस से विवाद हो सकता है।
1112
वृष राशिफल नवंबर 2020: इस महीने राहु वृषभ राशि का लग्न में, शुक्र कन्या राशि का पांचवें भाव में, सूर्य-बुध तुला राशि का छठे भाव में, केतु वृश्चिक राशि का सातवें भाव में, गुरु धनु राशि का आठवें भाव में, शनि मकर राशि का नवें भाव में, मंगल मीन राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में आप लगातार होने वाली हानि से परेशान रहेंगे। इस समय कहीं से कोई अशुभ समाचार मिल सकता है। महीने का दूसरा सप्ताह थोड़ा सुखद रहेगा। आपकी योग्यता उभरकर सामने आएगी। 7 नवंबर को यात्रा हो सकती है, जो कि सफलता देने वाली रहेगी। कढ़ी मेहनत से एक के बाद एक उपलब्धि हासिल करेंगे। महीने के मध्य में सम्मान में कमी आ सकती है। आप अपनी बुद्धि से संकट को दूर करेंगे। 14-15 को किसी समारोह में शामिल हो सकते हैं। संपत्ति में इजाफा होगा। 18-19 को समय ठीक नहीं है, किसी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। 20-21 को गृह स्थितियां पुन: पक्ष में आएंगी। शनि मकर राशि का स्वगृही होकर भाग्य में गोचर में परिभ्रमण भाग्य के द्वार खोल देगा।
1212
वृष राशिफल दिसंबर 2020: इस महीने में चंद्रमा राहु वृषभ राशि का लग्न में, शुक्र तुला राशि का छठे भाव में, सूर्य-केतु-बुध वृश्चिक राशि का सातवें भाव में, शनि-गुरु-मकर राशि का नवें भाव में, मंगल मीन राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में सन्मुख चंद्रमा लाभकारी रहेगा। हालांकि बिजनेस में कढ़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। अचानक उत्तम लाभ की प्राप्ति होने के योग बन रहे हैं। सामाजिक और पारिवारिक कामों में व्यस्त रहेंगे। सरकारी नौकरी वालों को इस समय विशेष फायदा होने के योग बन रहे हैं। यात्राएं सार्थक होंगी। सभी काम आराम से पूरे होंगे। परिवार में नया सदस्य आ सकता है। महीने के मध्य में कुछ जरूरी काम अधूरे रह सकते हैं, जिनकी वजह से मन में तनाव रहेगा। इस दौरान किसी से विवाद भी हो सकता है। 19 से 22 से बीच अपनी प्रतिभा का पूरा उपयोग कर पाएंगे। दांपत्य जीवन सुखमय रहेगा। जमीन, मकान खरीद सकते हैं। संतान की ओर से कोई शुभ समाचार भी मिल सकता है। परिवार के साथ किसी धार्मिक यात्रा पर जा सकते हैं।
Share this Photo Gallery
click me!
Recommended Photos