सड़क पर मणिपुर की लड़की को देख चिल्लाया शख्स- यही कोरोना है, फिर मुंह पर थूक दिया गुटका
हटके डेस्क: पूरी दुनिया कोरोना वायरस से लड़ने के लिए एकजुट हो रही है। इस महामारी ने भीषण रूप ले लिया है। अगर समय रहते अब इसपर काबू नहीं किया गया तो मामला हाथ से निकल सकता है। इस बीच लोग एक-दूसरे की मदद करते दिखे। लेकिन कुछ ऐसे भी लोग हैं जो इस महामारी की स्थिति में भी शर्मनाक हरकत करने से बाज नहीं आ रहे। भारत की राजधानी दिल्ली से ऐसा ही एक मामला सामने आया। यहां रहने वाली मणिपुर की एक लड़की के ऊपर शख्स ने गुटका थूकते हुए उसे कोरोना कह डाला। लड़की के साथ हुई इस शर्मनाक घटना की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है....
Asianet News Hindi | Published : Mar 24, 2020 3:41 AM IST / Updated: Mar 24 2020, 12:07 PM IST
भारत में कोरोना वायरस के कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 500 को पार कर चुकी है। साथ ही मरने वालों की संख्या भी 10 हो चुकी है।
भारत के कई राज्यों को पूरी तरह लॉकडाउन किया जा चुका है। इस वायरस को रोकने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक लड़की के साथ हुई शर्मनाक घटना की तस्वीर वायरल हो रही है। मामला 22 मार्च का है।
उत्तरी दिल्ली में रहने वाली मणिपुर की एक लड़की पर रात के साढ़े 9 बजे शख्स ने गुटका थूकते हुए उसे कोरोना कहकर चिढ़ाया।
मामला तब सामने आया जब लड़की ने इसकी शिकायत थाने में की। विजयनगर इलाके में रहने वाली इस लड़की को उसके लुक के कारण इस शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ा।
अपनी शिकायत में लड़की ने कहा कि स्कूटी पर सवार उस शख्स ने पहले लड़की को उसके लुक के कारण कोरोना कहा। फिर उसपर गुटका थूक दिया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
लड़की दिल्ली यूनिवर्सिटी से एमफिल कर रही है। घटना के दिन वो अपने पीजी से दूर राशन लेने जा रही थी क्योंकि आसपास की दुकानें बंद थीं। इसी दौरान ये शर्मनाक घटना हुई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने आईपीएस की धारा 509 के तहत शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर लड़की के साथ हुई इस घटना की तस्वीरें वायरल हो रही है। कई लोग, जिसमें सेलेब्स भी शामिल हैं, लड़की के समर्थन में और उसे न्याय दिलाने के लिए सामने आए हैं।
बता दें कि भारत में नार्थ ईस्टन स्टेटस में रहने वाले लोगों को इन दिनों भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। लोग इन्हें भारतीय होने के बावजूद चीन का बता रहे हैं।
कोरोना वायरस की शुरुआत चीन से हुई, इस कारण भारत के लोग नार्थ-ईस्टर्न स्टेटस के लोगों को कोरोना बुलाकर चिढ़ा रहे हैं। इसे लेकर कई लोगों ने सोशल मीडिया पर ऐसा ना करने की गुहार भी लगाई। फिलहाल, दिल्ली के इस नए मामले ने सभी को हैरान कर दिया है।