कृष्ण की उम्र कितनी थी जब महाभारत का युद्ध हुआ? जानिए अलग-अलग परंपराओं में क्या मिलता है

Published : Sep 04, 2026, 08:00 AM IST
Lord Krishna

सार

Janmashtami 2026 Krishna Life Facts: कुरुक्षेत्र के मैदान में अर्जुन का सारथी बनते वक्त कितने साल के थे कृष्ण? जन्माष्टमी पर जानिए भगवान की आयु का पौराणिक गणित।

Krishna Age in Mahabharata War: आज, 4 सितंबर को जब पूरा देश जन्माष्टमी मना रहा है, तब भगवान श्रीकृष्ण की जीवन लीला की चर्चा हो रही है। कहीं कीर्तन हो रहा है, तो कहीं भागवत कथा सुनी जा रही है। देशभर में कान्हा के आधी रात को जन्म की झांकी सज चुकी है, मंदिरों में भजन हो रहे हैं और घर-घर में लड्डू गोपाल का विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। जब भी हम कुरुक्षेत्र के मैदान में अर्जुन को गीता का उपदेश देते श्रीकृष्ण की छवि देखते हैं, तो मन में एक तेजस्वी, युवा और ऊर्जा से भरे सारथी का चेहरा उभरता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस वक्त महाभारत का युद्ध लड़ा जा रहा था, उस समय श्रीकृष्ण की उम्र असल में कितनी थी? टीवी सीरियल्स को देखकर कई लोगों को लगता है कि युद्ध के समय वे 30 या 40 साल के रहे होंगे। लेकिन जब आप प्राचीन ग्रंथों, खगोलीय गणनाओं और पारंपरिक स्रोतों के पन्ने पलटेंगे, तो सामने आने वाला सच आपको हैरान कर देगा।

महाभारत युद्ध के समय श्रीकृष्ण की उम्र कितनी थी?

श्रीकृष्ण के उम्र का पहला संकेत

वैदिक शोधकर्ताओं, खगोलविदों और प्राचीन पंचांगों के गणित के अनुसार, महाभारत युद्ध के समय भगवान श्रीकृष्ण युवा नहीं, बल्कि 80 से 89 वर्ष के बीच थे। इस गणना को प्रमुख भारतीय परंपराओं और ग्रंथों के आधार पर आसानी से समझा जा सकता है। श्रीमद्भागवत पुराण के स्कंध 11, अध्याय 6 और विष्णु पुराण के अनुसार, श्रीकृष्ण इस धरती पर 125 साल तक सशरीर उपस्थित रहे। भागवत 11.6.25 में भगवान ब्रह्मा, श्रीकृष्ण से कहते हैं कि यदुवंश में अवतार लेने के बाद 125 शरद ऋतुएं बीत चुकी हैं। यानी कृष्ण की पृथ्वी पर लीला के 125 वर्ष पूरे होने का उल्लेख मिलता है।

श्रीकृष्ण के उम्र का दूसरा संकेत

दूसरा संकेत महाभारत के मौसल पर्व में मिलता है। मौसल पर्व की शुरुआत में बताया गया है कि महान युद्ध के 36वें वर्ष में युधिष्ठिर को कई अशुभ संकेत दिखाई देने लगे। आगे यादव वंश के विनाश और कृष्ण के अंतिम समय की घटनाएं आती हैं। कुरुक्षेत्र के युद्ध के ठीक 36 साल बाद द्वारका में यदुवंश का संहार हुआ और भगवान ने अपने परम धाम को प्रस्थान किया। इन दोनों गणनाओं के हिसाब से...

कुल उम्र 125 साल- उम्र के बाद का समय 36 साल= 89 साल होगा।

यानी जब श्रीकृष्ण अर्जुन के रथ की बागडोर थामे 'गीता' का उपदेश दे रहे थे, तब वे करीब 83 से 89 साल के उम्र के थे।

क्या भगवान श्रीकृष्ण के 89 साल की उम्र महाभारत में लिखी है?

नहीं, महाभारत के मूल युद्ध वर्णन में हमें ऐसा सीधा वाक्य नहीं मिलता कि 'युद्ध के समय कृष्ण की उम्र 89 साल थी।' 89 वर्ष का आंकड़ा मुख्य रूप से कालक्रम की गणना से निकाला जाता है। एक वैदिक अध्ययन संस्था से पूछे गए इसी सवाल के जवाब में भी यही तरीका बताया गया है कि भागवत में 125 साल और महाभारत के मौसल पर्व में युद्ध के 36 साल बाद की घटना को आधार बनाकर युद्ध के समय उम्र करीब 89 साल निकाली जाती है।

कृष्ण की उम्र को लेकर अलग-अलग परंपराओं और शोधों का क्या मत है?

आधुनिक खगोलीय शोध (Astronomical Dating)

आधुनिक खगोलविदों ने जब महाभारत में दर्ज सूर्यग्रहण, चंद्रग्रहण और ग्रहों की स्थिति को प्लेनेटेरियम सॉफ्टवेयर से परखा, तो पाया कि युद्ध 3139 ईसा पूर्व के आसपास हुआ था। इस गणना के अनुसार, युद्ध के पहले दिन श्रीकृष्ण की सटीक उम्र करीब 83 साल 5 महीने बैठती है।

दक्षिण भारतीय और वैष्णव संप्रदायों की मान्यता

कुछ दक्षिण भारतीय पंचांगों और परंपराओं में माना जाता है कि कृष्ण जी पांडवों में सबसे बड़े युधिष्ठिर से कुछ महीने छोटे और अर्जुन से कुछ महीने बड़े थे। जब पांडव 12 साल का वनवास और 1 साल का अज्ञातवास काटकर लौटे, तब तक सभी प्रमुख पात्र 70 साल की आयु पार कर चुके थे। इस परंपरा के हिसाब से भी कृष्ण की उम्र युद्ध के समय 80 वर्ष से ज्यादा रही होगी।

जैन परंपरा में क्या कहा गया है?

जैन धर्मग्रंथों में श्रीकृष्ण को 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ का चचेरा भाई और नौवां 'वासुदेव' माना गया है। जैन ग्रंथों में भी महाभारत (कुरुक्षेत्र युद्ध) के समय नारायण श्रीकृष्ण को एक अत्यंत परिपक्व, दीर्घायु और कूटनीति के शिखर पर पहुंचे राजनेता के रूप में दर्ज किया गया है।

80 पार की उम्र में भी कृष्ण में 'युवा' जैसा तेज कैसे?

अब सवाल उठता है कि अगर कृष्ण करीब 89 साल के थे, तो युद्धभूमि में वे बुजुर्गों की तरह क्यों नहीं दिखे? शास्त्रों में श्रीकृष्ण को 'नित्य नवयुवा' (सदा नवीन रहने वाला) कहा गया है। ब्रह्मवैवर्त पुराण और वैष्णव दर्शन के अनुसार, भगवान का शरीर पंचतत्वों का सामान्य नश्वर शरीर नहीं, बल्कि 'सच्चिदानंद' स्वरूप था। इसके अलावा, योगेश्वर होने के कारण योग विद्या के बल पर उनका तेज, फुर्ती और शारीरिक सौंदर्य ताउम्र एक 30 साल के नौजवान जैसा ही बना रहा।

PREV
Welcome to the Asianet News Hindi General Knowledge (GK) Hub, your go-to destination for amazing facts, interesting information, everyday science explainers, "Did You Know?" stories, curiosity-driven content, and answers to intriguing "Aisa Kyu?" questions. Explore fascinating insights about science, nature, history, technology, space, health, and the world around you—all explained in a simple and engaging way.
Read more Articles on

Recommended Stories

Krishna Janmashtami: कृष्ण का रंग नीला या काला? जानें तस्वीरों में कान्हा को नीला क्यों दिखाया जाता है?
जन्माष्टमी पर कान्हा को पीले कपड़े ही क्यों पहनाते हैं? श्रीकृष्ण को क्यों प्रिय है पीतांबर