जन्माष्टमी का प्रसाद बच जाए तो क्या करें? फ्रिज में रख सकते हैं या नहीं, जानिए सही तरीका

Published : Sep 04, 2026, 03:31 PM IST
Krishna Janmashtami

सार

Janmashtami Prasad: जन्माष्टमी का पंचामृत, माखन और पंजीरी बच जाए तो क्या क्या करें? क्या भोग को फ्रिज में रख सकते हैं? जानिए बचे प्रसाद को रखने और इस्तेमाल के तरीके।

Krishna Janmashtami Prasad Storage Tips: आज 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम हर घर में दिख रही है। इस दिन घरों में भगवान श्रीकृष्ण को कई तरह के भोग लगाए जाते हैं। माखन-मिश्री, पंजीरी, पंचामृत, दूध से बनी मिठाइयां, फल और कई तरह के पकवान भोग में रखे जाते हैं। पूजा के बाद परिवार और आसपास के लोगों में प्रसाद बांटा जाता है, लेकिन कई बार प्रसाद इतना ज्यादा बन जाता है कि काफी हिस्सा बच जाता है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल होता है कि बचे हुए प्रसाद का क्या करें? इसे फ्रिज में रख सकते हैं या नहीं? कितनी देर तक इसे खाना ठीक है और किस प्रसाद को फ्रिज में रखना चाहिए? अगर आपके घर में भी जन्माष्टमी का प्रसाद बच गया है तो इसे लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान और सही तरीके अपनाकर आप इस पावन प्रसाद का सम्मान भी रख सकते हैं और इसे खराब होने से भी बचा सकते हैं।

प्रसाद को फ्रिज में रख सकते हैं या नहीं?

हां, बिल्कुल रख सकते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भोग लगाने के बाद प्रसाद को पवित्र और सुरक्षित रखना ही सबसे बड़ा नियम है, ताकि वह जूठा या खराब न हो।

पंचामृत और चरणामृत

दूध, दही और शहद से बना पंचामृत गर्मी में जल्दी खट्टा हो जाता है। पूजा खत्म होते ही इसे किसी साफ कांच या स्टील के बर्तन में ढककर सीधे फ्रिज में रख दें। इसे 24 से 36 घंटे के अंदर खत्म कर लेना बेहतर होता है।

माखन-मिश्री

ताजा मक्खन बाहर रहने पर पिघलने और महकने लगता है। इसे एयरटाइट डिब्बे में बंद करके फ्रिज में रखें। इससे ये बाद में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

धनिया पंजीरी और मेवे की पाग

अगर पंजीरी अच्छी तरह भुनी हुई है और उसमें ऐसी चीजें नहीं हैं जो जल्दी खराब हो सकती हैं, तो इसे एयरटाइट डिब्बे में रखकर ठंडी या सूखी जगह पर रखा जा सकता है और हफ्तों इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन अगर पंजीरी में ज्यादा मात्रा में घी, खोया, दूध या कोई दूसरी जल्दी खराब होने वाली चीज डाली गई है, तो उसे फ्रिज में रखना ज्यादा अच्छा है।

कृष्ण जन्माष्टमी पर बचे हुए प्रसाद का क्या करें?

आस-पड़ोस और दोस्तों में बांटें

बचे हुए भोग को फेंकने या बर्बाद करने की गलती न करें। प्रसाद जितना बंटे, उतना अच्छा माना जाता है। अगर मात्रा ज्यादा है, तो डिब्बे में पैक करके अपने पड़ोसियों, काम करने वालों या रिश्तेदारों में बांट दें।

अगले दिन के नाश्ते में शामिल करें

धनिया पंजीरी सेहत के लिए बहुत अच्छी होती है। सुबह की चाय या दूध के साथ परिवार के सभी लोग 2-2 चम्मच खाकर इसे आसानी से खत्म कर सकते हैं।

मीठे पकवानों में करें इस्तेमाल

अगर मेवे की खीर या पंजीरी बच गई है, तो पंजीरी को आप सामान्य आटे के हलवे या आटे के लड्डू बनाते समय उसमें मिला सकते हैं। इससे नया स्वाद भी मिलेगा और प्रसाद की बर्बादी भी नहीं होगी।

गौमाता को खिलाएं

अगर फल या माखन काफी मात्रा में बच गया है और घर में कोई खाने वाला नहीं है, तो सबसे सही तरीका है कि आप इसे किसी गाय को खिला दें। शास्त्रों में इसे बहुत शुभ माना गया है।

जन्माष्टमी प्रसाद को लेकर ये गलतियां न करें

  • प्रसाद को कभी भी बिना ढके खुला न छोड़ें।
  • जूठे हाथों या गीले चम्मच से प्रसाद न निकालें, इससे वह तुरंत फंगस पकड़ लेता है।
  • अगर पंचामृत में से खट्टी महक आने लगे, तो उसे नाली में बहाने के बजाय किसी पौधे की जड़ (तुलसी को छोड़कर) में डाल दें।

PREV
Welcome to the Asianet News Hindi General Knowledge (GK) Hub, your go-to destination for amazing facts, interesting information, everyday science explainers, "Did You Know?" stories, curiosity-driven content, and answers to intriguing "Aisa Kyu?" questions. Explore fascinating insights about science, nature, history, technology, space, health, and the world around you—all explained in a simple and engaging way.
Read more Articles on

Recommended Stories

Janmashtami 2026: लड्डू गोपाल खरीदने जा रहे हैं? ऑनलाइन शॉपिंग में असली-नकली पहचानने के 8 तरीके
Quiz: तिहरा शतक-सप्तर्षि और सुनीता विलियम्स...इन सवालों का जवाब देकर खुद को करें टेस्ट, कई सवाल हैं बेहद रोचक