
Film Certification Meaning: सिनेमा हॉल में लाइट बंद होते ही बड़ी स्क्रीन पर सबसे पहले एक सर्टिफिकेट दिखता है, जिस पर बड़े-बड़े अक्षरों में U, UA या A लिखा होता है। ज्यादातर लोग इसे सिर्फ एक फॉर्मेलिटी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं और पॉपकॉर्न खाने में बिजी हो जाते हैं। लेकिन इन छोटे-छोटे अक्षरों का मतलब काफी बड़ा होता है। इस हफ्ते सिनेमाघरों में भौकाल मचा रही 'मिर्जापुर: द मूवी' (Mirzapur: The Movie) को CBFC ने 'A' सर्टिफिकेट दिया है। तो चलिए जानते हैं आखिर फिल्म शुरू होने से पहले ये U, UA और A आखिर लिखा क्यों आता है, इसका मतलब क्या है और 'मिर्जापुर: द मूवी' को 'A' सर्टिफिकेट ही क्यों मिला है...
कालीनों और कट्टों के शहर की कहानी बड़े पर्दे पर आई है, तो जाहिर है कि मामला सीधा तो नहीं होगा। सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को बिना किसी लाग-लपेट के 'A' (Adults Only) रेटिंग दी है। यानी 18 साल से कम उम्र के दर्शक इसे थिएटर में बिल्कुल नहीं देख सकते हैं। फिल्म के सर्टिफिकेशन के दौरान कुछ इंटीमेट सीन और गालियों में बदलाव भी किए गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 35 सेकंड के इंटीमेट सीन हटाए गए और कुछ आपत्तिजनक शब्दों को म्यूट या बदला गया। हालांकि, हिंसा और खून-खराबे वाले सीन्स में कट नहीं लगाया गया।
जब कोई फिल्म थिएटर में रिलीज होती है तो उसे CBFC (Central Board of Film Certification) से सर्टिफिकेशन लेना होता है। आसान भाषा में कहें तो यह सर्टिफिकेट बताता है कि फिल्म किस तरह के दर्शकों के लिए दिखाई जा सकती है। CBFC के मौजूदा सिस्टम में फिल्मों के लिए U, UA, A और S कैटेगरी हैं। UA के अंदर अब UA 7+, UA 13+ और UA 16+ जैसे मार्कर भी इस्तेमाल होते हैं। इसीलिए फिल्म शुरू होने से पहले कुछ सेकंड के लिए स्क्रीन पर यह सर्टिफिकेट दिखाई देता है। CBFC खुद भी दर्शकों को सलाह देता है कि थिएटर में फिल्म शुरू होने पर सर्टिफिकेट जरूर चेक करें।
U का मतलब Unrestricted है। मतलब ऐसी फिल्म को आम दर्शक देख सकते हैं। इसमें उम्र को लेकर कोई खास रोक नहीं होती। अगर किसी फिल्म को U Certificate मिला है, तो आम तौर पर परिवार के लोग भी उसे साथ बैठकर देख सकते हैं। हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि हर U फिल्म बच्चों के लिए हर लिहाज से एक जैसी होगी, लेकिन CBFC की कैटेगरी के हिसाब से उस पर उम्र की पाबंदी नहीं होती है।
पहले लंबे समय तक लोगों के बीच 'UA' को एक सामान्य कैटेगरी की तरह समझा जाता था। लेकिन अब CBFC की व्यवस्था में UA के साथ उम्र का मार्कर भी जुड़ा है, UA 7+, UA 13+ और UA 16+। इसका मतलब है कि फिल्म बच्चों के लिए पूरी तरह बैन नहीं है, लेकिन कम उम्र के बच्चों के मामले में माता-पिता या गार्जियन को फैसला करना होता है। जैसे अगर फिल्म पर UA 13+ लिखा है, तो 13 साल से कम उम्र के बच्चे के लिए पैरेंट्स को यह देखना होगा कि फिल्म उसके लिए सही है या नहीं। इसी तरह UA 7+ मतलब 7 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए पैरेंट्स की गाइडेंस, UA 16+ का मतलब 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए पैरेंट्स की गाइडेंस।
A यानी Adults Only...इसका मतलब 18 साल से कम उम्र के लोग यह फिल्म थिएटर में नहीं देख सकते हैं। 'A' सर्टिफिकेट का मतलब फिल्म की कहानी, हिंसा, सेक्सुअल कंटेंट, भाषा या दूसरे एडल्ट थीम जैसे कई फैक्टर सर्टिफिकेशन के दौरान देखे जा सकते हैं। CBFC की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, A सर्टिफिकेट वाली फिल्म का पब्लिक एग्जीबिशन एडल्ट्स (Public Exhibition Adults) तक प्रतिबंधित (Restricted) होता है। इसलिए अगर कोई 17 साल का दर्शक 'Mirzapur: The Movie' देखने जाना चाहता है तो सिर्फ पैरेंट्स के साथ होने से भी वो इसे थिएटर में नहीं देख सकता है। A सर्टिफिकेट में उम्र की पाबंदी लागू होती है।
ऐसा दर्शकों को ये बताने के लिए होता है कि फिल्म को किस कैटेगरी में सर्टिफाई (Certify) किया गया है। CBFC की जानकारी के मुताबिक, फिल्म का सर्टिफिकेट शुरुआत में दिखना चाहिए। इसके अलावा U, UA, A या S जैसी कैटेगरी को फिल्म के प्रचार में भी दिखाने का नियम है।
'S' सर्टिफिकेट का इस्तेमाल उन फिल्मों के लिए होता है जो किसी खास प्रोफेशन या खास ग्रुप के दर्शकों के लिए प्रतिबंधित (Restricted) हों। CBFC की आधिकारिक जानकारी में S को स्पेशलाइज्ड ऑडिएंस (Specialized Audience) के लिए बताया गया है। जैसे किसी खास पेशे से जुड़े लोगों के लिए बनाई गई फिल्म को इस कैटेगरी में रखा जा सकता है।