हरियाणा में भाजपा की सरकार बनेगी, शपथ ग्रहण में शिअद प्रमुख होंगे विशेष अतिथि- तरूण चुघ

चुघ ने कहा, ‘‘हम हरियाणा में सरकार बनाने जा रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनावों में हम 75 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेंगे। पंजाब में शिअद के साथ गठबंधन होने के कारण शपथ ग्रहण समारोह में सुखबीर सिंह बादल को विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया जाएगा।’’
 

Asianet News Hindi | Published : Oct 14, 2019 1:18 PM IST

चंडीगढ़: भाजपा नेता तरूण चुघ ने कहा है कि विधानसभा चुनावों के बाद उनकी पार्टी हरियाणा में सरकार बनाएगी। सुखबीर सिंह बादल पर तंज कसते हुए कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में शिअद प्रमुख को ‘‘विशेष अतिथि’’ के तौर पर आमंत्रित किया जाएगा। राजग में शामिल शिअद हरियाणा विधानसभा चुनाव अकेले लड़ रहा है। बादल ने भाजपा पर हमला किया और दावा किया कि जो लोग सरकार बनाने की उम्मीद कर रहे हैं, वे विपक्ष में बैठेंगे। चुघ ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भगवा दल 75 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगा।

शिअद का आरोप- वादे से मुकर गई भाजपा

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने इससे पहले भाजपा पर आरोप लगाया था कि हरियाणा विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने के अपने वादों से वह पीछे हट गई। पिछले महीने हरियाणा में कालियांवाली सीट से अकाली दल के विधायक बलकौर सिंह को भाजपा में शामिल करने पर बादल ने कड़ी आपत्ति जताई थी और इसे अनैतिक बताया था। बाद में शिअद ने तीन सीटों पर इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के साथ गठबंधन किया। पंजाब में शिअद और भाजपा के बीच गठबंधन है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

Share this article
click me!