राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर में अचानक आई खराबी, पायलट को करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

Published : Oct 19, 2019, 09:46 AM IST
राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर में अचानक आई खराबी, पायलट को करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

सार

सोशल मीडिया में एक वीडियो भी पोस्ट हुआ है जिसमें कहा गया है कि कॉलेज के मैदान में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के बाद राहुल गांधी ने वहां खेल रहे बच्चों के साथ कुछ देर क्रिकेट भी खेली।

नई दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर की खराब मौसम के कारण शुक्रवार को हरियाणा के रेवाड़ी में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक गांधी हरियाणा के महेंद्रगढ़ में एक चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद दिल्ली वापस लौट रहे थे, लेकिन मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर को रेवाड़ी के एक कॉलेज में उतारना पड़ा।

राहुल गांधी ने बच्चों के साथ खेला क्रिकेट

सूत्रों ने उन खबरों को गलत करार दिया है जिनमें कहा गया था कि तकनीकी खराबी के चलते हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग करानी पड़ी। पार्टी एक सूत्र ने बताया कि हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग हुई और गांधी सड़क मार्ग से दिल्ली रवाना हुए।सोशल मीडिया में एक वीडियो भी पोस्ट हुआ है जिसमें कहा गया है कि कॉलेज के मैदान में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के बाद राहुल गांधी ने वहां खेल रहे बच्चों के साथ कुछ देर क्रिकेट भी खेला।

इससे पहले शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने मोदी पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि उन्हें अर्थव्यवस्था की कोई समझ नहीं है। इस सरकार की ‘विभाजनकारी’ राजनीति के चलते मौजूदा समय में दुनिया भर में भारत का मजाक बन रहा है। उन्होंने हरियाणा के महेंद्रगढ़ में एक चुनावी सभा में यह भी कहा कि अगर देश को बांटा जाएगा तो देश कभी प्रगति नहीं कर सकता। इस सभा को पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी संबोधित करने वाली थीं, लेकिन वायरल बुखार होने के कारण उनकी जगह राहुल गांधी इसमें शामिल हुए।

नोटबंदी और गब्बर सिंह टैक्स ने बर्बाद किया

हरियाणा विधानसभा चुनाव में अपनी दूसरी चुनावी सभा कर रहे गांधी ने दावा किया, ‘‘देश की हालत आपके सामने है, आपसे कुछ छिपाया नहीं जा सकता। 40 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी आज देश में हैं। आप किसी भी प्रदेश में युवाओं से पूछिए कि क्या करते हो तो वे कहते हैं कुछ नहीं। छोटे और मझले कारोबारियों से पूछिए कि आपका काम कैसे चला रहा है तो वो कहेंगे नोटबंदी, नोटबंदी और गब्बर सिंह टैक्स ने हमें बर्बाद कर दिया।’’

गांधी ने कहा, ‘‘मीडिया के लोग 24 घंटे मोदी जी का भाषण दिखाते हैं। कभी आपने देखा कि देश में भयंकर बेरोजगारी के बारे में बात हो रही है? क्या कभी देखा कि किसान आत्महत्या की बात की जा रही है। कभी 370 की बात, कभी जिम कॉर्बेट में फिल्म की शूटिंग और चांद की बात दिखाई जा रही है। लेकिन अर्थव्यवस्था का नष्ट होना और बेरोजगारी के बारे में मीडिया में कुछ नहीं दिखाया जा रहा है।’’

दुनिया में भारत का मजाक बन रहा

गांधी ने दावा किया, ‘‘2004 से 2014 के दौरान संप्रग की सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को पहले स्थान पर पहुंचा दिया था। (अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति) ओबामा कहते थे कि अमेरिका का भारत से मुकाबला है। लेकिन आज दुनिया में उस भारत का मजाक बनाया जा रहा है जिसने पूरी दुनिया को रास्ते दिखाने का काम किया है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आज एक जाति दूसरी जाति से लड़ रही है, एक धर्म के लोग दूसरे धर्म के लोगों से लड़ रहे हैं। यही नहीं, भारत की शान अर्थव्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी गईं।’’ उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए गरीबों के जेब में पैसा डालना होगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ मोदी जी ने संसद में कहा कि मनरेगा से खराब कोई योजना नहीं है। नरेंद्र मोदी को अर्थव्यवस्था की कोई समझ नहीं है। 2014 के बाद कुछ उद्योगपतियों ने मुझसे कहा कि इसके पहले के 10 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था मनरेगा और किसान कर्जमाफी के कारण तेजी से बढ़ी।’’

हरियाणा में गलती मत करिए

गांधी ने कहा कि अभी तो शुरुआत हुई है, आप देखना कि अर्थव्यवस्था और रोजगार का क्या होता है। माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चोकसी को मोदी पैसे दे रहे हैं और वे देश छोड़कर भाग गए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को पंचायतों में 50 फीसदी और सरकारी नौकरियों में 33 फीसदी आरक्षण मिलेगा ।

गांधी ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी बीएसएनएल, एमटीएनएल जैसे पीएसयू का निजीकरण कर रहे हैं। इनमें नौकरियां खत्म कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ अगर न्याय योजना लागू होती तो देश में बेरोजगारी खत्म हो जाती। खैर, मोदी जी कैसे चुनाव जीते, सबको पता है। अब हरियाणा में ये गलती मत करिए। ’’ गौरतलब है कि हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए 21 अक्टूबर को मतदान होगा और 24 अक्टूबर को मतगणना होगी।

PREV

हरियाणा की राजनीति, कृषि-किसान मुद्दे, खेल उपलब्धियां, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स और जिले-वार खबरें अब तुरंत पाएं। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक समेत पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए Haryana News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद खबरें Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

किसान के बेटी की शादी में पहुंचे राहुल गांधी, दुल्हन ने खिलाया चूरमा और बालूशाही-PHOTOS
Gurugram Construction Accident: 60 फीट गहरे बेसमेंट में फंसे मजदूर-7 की मौत-Video