अंबाला में 13 लाख रूपए खर्च कर तैयार हुआ सबसे ऊंचा रावण का पुतला, 1 लाख के इन खास पटाखों से होगा दहन

हरियाणा के अंबाला में सबसे मंहगे रावण के पुतले को बनाया गया है। इस पुतले को 5 बार के लिम्का बुक रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाने वाले तेजिंद्र सिंह चौहान ने बनाया है।

Ujjwal Singh | Published : Oct 5, 2022 6:51 AM IST

अंबाला(Haryana). पूरे देश में दशहरे की धूम है। जगह-जगह रावण के पुतले दहन के लिए बनाए गए हैं। हरियाणा के अंबाला में सबसे मंहगे रावण के पुतले को बनाया गया है। इस पुतले को 5 बार के लिम्का बुक रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाने वाले तेजिंद्र सिंह चौहान ने बनाया है। प्रदूषण को रोकने के लिए रावण दहन में ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल होगा। वहीं इस बार मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले नहीं जलाए जाएंगे।

हरियाणा के अंबाला में दशहरे पर सबसे अधिक लागत से बनाए गए रावण के पुतले का दहन होगा। बराड़ा के दशहरा मैदान में लगाए गए रावण का यह पुतला 125 फुट ऊंचा है। जिसे बनाने पर 13 लाख रुपए खर्च हुए हैं। रावण दहन में 1 लाख कीमत के ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल होगा। रावण के पुतले का वजन साढ़े 3 टन है। इसे तैयार करने में डेढ़ महीने का समय लगा। रावण दहन के वक्त रंगीन आतिशबाजी भी होगी। यह पुतला राष्ट्र जागरण मंच के विशेष सहयोग से तैयार हुआ है।

पहले से कम की गई रावण के पुतले की ऊंचाई 
दशहरे पर पहले रावण का पुतला 220 फुट का होता था। हालांकि मैदान छोटा पड़ने की वजह से अब इसकी ऊंचाई घटाकर 125 फुट करनी पड़ी। दशहरे के प्रबंधक का कहना है कि रावण दहन देखने आने वाले लोगों की सुरक्षा के दृष्टिगत यह फैसला लिया गया। वहीं रावण दहन पर होने वाली भीड़ और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने भी PCR, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस तैनात कर दी हैं। 

Share this article
click me!