
हेल्थ डेस्क। हर वयस्क व्यक्ति के लिए रोज कम से कम 8-9 गिलास पानी पीना जरूरी है। कम मात्रा में पानी पीने से कई तरह के नुकसान होते हैं। पानी शरीर के लिए सबसे जरूरी है। इससे कई महत्वपूर्ण अंगों की कार्यप्रणाली ठीक रहती है। लेकिन गलत तरीके से पानी पीने से स्वास्थ्य को नुकसान भी पहुंच सकता है। इसलिए यह जानना जरूरी है कि पानी किस तरह से पीना चाहिए। जानते हैं, पानी पीने के दौरान क्या सावधानी बरतनी चाहिए और कब व कैसे पानी पीना चाहिए।
1. एक घूंट में पानी नहीं पिएं
कुछ लोगों की आदत होती है कि वे पानी भरा गिलास लेकर एक ही घूंट में सारा पानी पी जाते हैं। ऐसा नहीं करना चाहिए। पानी धीरे-धीरे पीना चाहिए। धीरे-धीरे पानी पीने से डाइजेस्टिव सिस्टम मजबूत रहता है और मेटाबॉलिज्म पर भी इसका बढ़िया असर होता है।
2. खाने के दौरान कम पानी पिएं
खाना खाने के दौरान ज्यादा पानी नहीं पीना चाहिए। अगर खाने के साथ ज्यादा पानी पीने पर पेट भरा महूसस होने लगता है और जितना जरूरी है, उतना खाना खाया नहीं जाता। खाने के तुरंत बाद या पहले भी ज्यादा पानी नहीं पीना चाहिए। इससे खाना ठीक से पच नहीं पाता है और कब्ज की समस्या भी हो सकती है।
3. सुबह खाली पेट पानी जरूर पिएं
सुबह के समय खाली पेट पानी जरूर पीना चाहिए। रात भर सोने के दौरान लोग पानी नहीं पी पाते हैं, इसलिए सुबह पानी पीने से बॉडी हाइड्रेट रहती है। इससे गैस और कब्ज की समस्या भी नहीं हो पाती। कोशिश करनी चाहिए कि सुबह गुनगुना पानी पिएं।
4. एक्सरसाइज के बाद
एक्सरसाइज करने या जिम में वर्कआउट करने के बाद पानी जरूर पीना चाहिए, क्योंकि इस दौरान काफी पसीना बाहर निकल जाता है। एक्सरसाइज के बाद पानी पीने से शरीर में पानी की कमी नहीं होती है और बॉडी हाइड्रेट रहती है। लेकिन एक्सरसाइज करने के कम से कम 10 मिनट के बाद ही पानी पीना चाहिए।
5. ज्यादा ठंडा पानी नहीं पिएं
गर्मी के दिनों में लोग ठंडा पानी पीना ज्यादा पसंद करते हैं। लेकिन बहुत ठंडा पानी कभी नहीं पीना चाहिए। जब पानी कमरे के तापमान पर आ जाए, तभी उसे पीना चाहिए। ज्यादा ठंडा पानी पीने से गला खराब हो सकता है। इसका डाइजेशन पर भी गलत असर पड़ता है।
Health Tips in Hindi (हेल्थ टिप्स): Read latest fitness tips (फिटनेस टिप्स), health care tips for men and women in Hindi. Get exercise tips, diet plans to keep your body fit and healthy at Asianet New Hindi.