झारखंड विधानसभा चुनाव: PM मोदी और राहुल गांधी की दो दो रैलियां, तीसरे फेज में कुछ ऐसा है सीटों का समीकरण

Published : Dec 09, 2019, 12:09 PM ISTUpdated : Dec 09, 2019, 01:07 PM IST
झारखंड विधानसभा चुनाव: PM मोदी और राहुल गांधी की दो दो रैलियां, तीसरे फेज में कुछ ऐसा है सीटों का समीकरण

सार

झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के चुनावी अभियान को धार देने के लिए कांग्रेस और बीजेपी के दिग्गज नेता जुट गए हैं इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बरही और बोकारो में विशाल जनसभाओं को संबोधित करेंगे

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के चुनावी अभियान को धार देने के लिए कांग्रेस और बीजेपी के दिग्गज नेता जुट गए हैं। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बरही और बोकारो में विशाल जनसभाओं को संबोधित करेंगे। जबकि, राहुल गांधी बड़कागांव और रांची की खिजरी विधानसभा सीट पर पार्टी प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

पीएम मोदी का यह झारखंड में तीसरा चुनावी दौरा है। नरेंद्र मोदी ने इससे पहले पलामू और गुमला तथा दूसरे चरण में खूंटी और जमशेदपुर में बीजेपी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभा की थी। जबकि, राहुल गांधी का दूसरा झारखंड दौरा है। इससे पहले राहुल ने 3 दिसंबर को सिमडेगा में चुनावी सभा की थी।

बरही सीट: बीजेपी बनाम कांग्रेस 

नरेंद्र मोदी सोमवार को बरही सीट पर बीजेपी के प्रत्याशी मनोज यादव के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। मनोज यादव कांग्रेस के टिकट पर बरही सीट से चार बार विधायक रह चुके हैं, लेकिन चुनाव से ऐन पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है। बीजेपी ने टिकट देकर मैदान में उतारा है तो कांग्रेस ने उमाशंकर अकेला को उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। उमाशंकर अकेला पहले बीजेपी में थे और उन्होंने 2009 में कांग्रेस के उम्मीदवार मनोज यादव को हराया था। इस बार दोनों पार्टी ने एक दूसरे के प्रत्याशी पर दांव खेला है। 

बोकारो सीट पर कांटे की टक्कर

पीएम मोदी चौथे चरण की बोकारो सीट पर बीजेपी प्रत्याशी विरंची नारायण के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। बीजेपी के विरंदी नारायण के खिलाफ कांग्रेस ने झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री समरेश सिंह की पुत्रवधु श्वेता सिंह को प्रत्याशी बनाया है। मौजूदा समय में बोकारो सीट पर बीजेपी के विरंची नारायण का कब्जा है। उन्होंने 2014 में समरेश सिंह को हराया था जबकि, 2009 के चुनाव में यहां से झारखंड विकास मोर्चा के टिकट पर समरेश सिंह विधायक चुने गए थे। 2005 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के मोहम्‍मद इजराइल अंसारी ने जीत हासिल की थी।

बड़कागांव सीट का समीकरण

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी झारखंड के बड़कागांव विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी अंबा प्रसाद के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के अंबा प्रसाद के खिलाफ बीजेपी से पूर्व विधायक लोकनाथ महतो और आजसू ने गिरिडीह सांसद सह झारखंड के पूर्व मंत्री रहे चंद्रप्रकाश चौधरी के भाई रोशनलाल चौधरी मैदान में है, जिसके यहां मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है। यह इलाका कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता है। 2014 के विधानसभा चुनाव में यहां से अंबा प्रसाद की मां निर्मला देवी ने कांग्रेस के टिकट से चुनाव जीती थी। जबकि, 2009 में इस सीट से अंबा प्रसाद के पिता योगेंद्र साव ने कांग्रेस के टिकट से चुनाव जीत दर्ज किया था। 

खिजरी सीट पर कांटे का टक्कर

राहुल गांधी खिजरी विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राजेश कच्छप के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। राजेश कच्छप के खिलाफ बीजेपी के राम कुमार पाहन चुनावी मैदान में हैं। 2014 के विधानसभा चुनाव में यहां बीजेपी के राम कुमार पाहन ने जीत दर्ज की थी। जबकि, 2009 के विधानसभा चुनाव में यह सीट बीजेपी के हाथ से निकल गई थी और यहां कांग्रेस प्रत्याशी सावना लकड़ा ने जीत दर्ज की थी। 

(प्रतीकात्मक फोटो)
 

PREV

झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Jharkhand Crime News: सरकारी नौकरी के लिए पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को मार डाला? CCL कर्मचारी की हत्या से सनसनी
Jharkhand Crime: चॉकलेट मांगी तो मामा ने थमा दी पिस्तौल, गोली चलने से 3 साल के भांजे की मौत