चुनाव ड्यूटी पर आए जवान ने कंपनी कमांडर को मारी गोली, बाद में की आत्महत्या

Published : Dec 09, 2019, 12:23 PM ISTUpdated : Dec 09, 2019, 01:06 PM IST
चुनाव ड्यूटी पर आए जवान ने कंपनी कमांडर को मारी गोली, बाद में की आत्महत्या

सार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता ने बताया कि यह घटना सुबह लगभग 6:30 बजे खेल गांव परिसर में हुई जहां इन जवानों को द्वितीय चरण के मतदान के बाद ठहराया गया था

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव ड्यूटी पर आए छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की एक बटालियन के जवान ने आपसी विवाद के बाद अपने कंपनी कमांडर को सोमवार तड़के गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और इसके बाद उसने अपने हथियार से खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

सुबह लगभग 6:30 बजे घटना

कंपनी कमांडर की पहचान मेला राम और आत्महत्या करने वाले जवान की पहचान विक्रम राजबाड़ी के रूप में की गई है। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता ने बताया कि यह घटना सुबह लगभग 6:30 बजे खेल गांव परिसर में हुई, जहां इन जवानों को द्वितीय चरण के मतदान के बाद ठहराया गया था।

किसी बात को लेकर हुआ था विवाद 

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार कंपनी कमांडर और जवान में किसी बात को लेकर विवाद हुआ जिसके बाद गुस्से में जवान ने अपने हथियार से कंपनी कमांडर को गोली मार दी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद जवान ने अपने हथियार से स्वयं को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

गोलीबारी की इस घटना में दो अन्य जवानों को छर्रे लगे हैं और उन्हें घायल स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है जिसके बाद इसके वास्तविक कारणों की जानकारी हो सकेगी।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(प्रतीकात्मक फोटो)

PREV

झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

झारखंड: गैस लीक से 2 महिलाओं की मौत, लोगों ने किया धनबाद-रांची रोड जाम
कांग्रेस के हाथ से जाएगा एक और राज्य? NDA में शामिल होंगे झारखंड CM?