
रांची (झारखंड ). आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार द्वारा देश भर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी के तहत केंद्र सरकार ने फैसला लिया है कि पूरे देश के सभी घरों में तिरंगा झंडा फहराया जाए। इसके लिए हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए सभी राज्यों को केंद्र की आरे से दिशा-निर्देश भी दिए गए है। इसी क्रम में झारखंड के 80 लाख घरों में हर घर तिरंगा के तहत राष्ट्रध्वज फहराया जायेगा। इसके लिए झारखंड में 16 गुना 24 इंच का राष्ट्रीय ध्वज बनाया जा रहा है। राज्य सरकार का पर्यटन विभाग इसकी तैयारियां जोर शोर से कर रहा है।
राज्य की सखी मंडल की महिलाएं बनाएंगी 10 लाख तिरंगा
झारखंड राज्य आजीविका मिशन सोसाइटी की तरफ से सात अगस्त से पहले 10 लाख तिरंगा झंडा बनाया जायेगा। जेएसएलपीएस की इकाईयों की तरफ से विभिन्न सखी मंडलों की तरफ से यह तिरंगा बनवाया जा रहा है। रांची ट्रेनिंग सह प्रोडक्शन सेंटर समूह की तरफ से तिरंगा निर्माण का कार्यादेश मिला है। राज्य भर में 16 टीपीसी कार्यरत हैं। जिन्हें दो तरह के राष्ट्रीय झंडे के निर्माण का कार्यादेश दिया गया है। जेएसएलपीएस के सखी मंडलों को राष्ट्रीय झंडा बनाने के लिए 1.35 करोड़ रुपये का कर्ज उपलब्ध कराया गया है। एक झंडा 20 रुपये की दर से बेचा जायेगा।
केंद्र सरकार झारखंड को देगी 20 लाख झंडे
खेलकूद कला संस्कृति और पर्यटन सचिव अमिताभ कौशल के अनुसार केंद्र सरकार की तरफ से 80 लाख घरों में हर घर तिरंगा के तहत राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा। जेएसएलपीएस और उद्योग विभाग की तरफ से 20 लाख राष्ट्रीय ध्वज राज्य सरकार को उपलब्ध कराया जायेगा। झारखंड को केंद्र सरकार भी 20 लाख झंडा उपलब्ध करायेगा। शेष 40 लाख झंडे लोगों को खुद खरीदने होंगे। आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान तिरंगा फरहाने का कैंपेन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इससे राष्ट्र की आजादी का 75वां वर्षगांठ भी जोड़ा गया है।
झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।