
जमशेदपुर (झारखंड). जमशेदपुर में चोरी, लूट-पाट, हत्या समेत अन्य अपराधिक घटनाएं आम हो गई हैं। शहर में रोज कहीं, चोरी तो कहीं छिनतई-लूट जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस इन घटनाओं पर रोक लगाने में विफल साबित हो रही है। 7 अगस्त की देर रात भी शहर में चोरी की एक बड़ी घटना हो गई। कदमा थाना क्षेत्र के बीएच एरिया रोड नंबर चार स्थित क्वार्टर नंबर 33 में रहने वाले टाटा स्टील कर्मी मो गालिब आलम के बंद क्वार्टर से लाखों की चोरी हुई है। टाटा स्टील कर्मी का कहना है कि चोरों ने दो घंटे के भीतर ( 7 से 9 बजे तक) उनके घर से 30 लाख के गहने और 1.25 लाख रुपए नगद की चोरी कर ली। चोरी होने से पूरा परिवार सदमे में है। बंद क्वार्टर के पीछे का दरवाजा तोड़ चोर घर में घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया। रात करीब 10 बजे टाटा स्टील कर्मी का परिवार घर वापस लौटा तो घर में घुसते ही उनके होश उड़ गए। घर में रखे दोनों अलमीरा का लॉक टूटा था। उसमें रखे गहने और नगद रुपए गायब थे। चांदी का गहना चोर छोड़ गए।
रिश्तेदार के घर गई थी पत्नी, ड्यूटी पर गए थे पति
टाटा स्टील कर्मी ने बताया कि वे टाटा स्टील में नौकरी करते हैं। 7 अगस्त को बी शिफ्ट की डूयूटी में गए थे। जबकि पत्नी समेत घर के अन्य लोग बीएचएच एरिया रोड नंबर एक स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर दो घंटा के लिए गए थे। रात 9 बजे उनके परिवार जब घर वापास आया तो घर का दरवाजा भीतर से बंद मिला। उन्हें आभास हो गया कि घर में चोरी हो गई है। पड़ोसियों की मदद के दरवाजा तोड़ वे लोग भीतर घुसे तो घर में सारे सामान बिखरे पड़े थे। दोनों अलमीरा का लॉक टूटा हुआ था और उसमें रखे गहने और पैसे गायब थे। चोर घर से पांच जोड़ा बाला, चार हार, अंगूठी समेत अन्य गहनों के अलावा नगद रुपए भी साथ ले गए। पीछे का दरवाजा तोड़ चोर घर में घुसे थे। मेन गेट को भीतर से लॉक किया और चोरी की। फिर पीछे के रास्ते से ही चोर चलते बने।
स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी
घटना के बाद टाटा स्टील कर्मी के घर पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी। स्थानीय लोगों का कहना था कि एक युवक सफेद टोपी और जूता पहने देर शाम इलाके में घुम रहा था। लोगों ने आशंका जताई कि उसी युवक ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। इधर, पुलिस सीसीटीवी कैमरे से चोरों का पता लगाने में जुटी है। थाना प्रभारी अशोक राम का कहना है कि बंद क्वार्टर से चोरी की गई है। परिवार के लोगों का कहना है कि 30 लाख के गहने और सवा लाख रुपए की चोरी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।