मासिक राशिफल: मार्च में 5 ग्रह बदलेंगे राशि, बनेगी मंगल, गुरु और शनि की युति, क्या होगा आप पर असर?

मार्च 2020 में सूर्य, चंद्रमा मंगल, गुरु और शुक्र ग्रह राशि बदलेंगे। बुध कुंभ राशि में वक्रीय होगा। शनि, राहु और केतु अपनी राशि में स्थिर रहेंगे। इन ग्रहों के राशि बदलने से सभी लोगों पर इसका शुभ-अशुभ असर देखने को मिलेगा।

Asianet News Hindi | Published : Mar 1, 2020 4:15 AM IST

उज्जैन. इस महीने में मंगल, गुरु और शनि की युति भी बनेगी, जो कष्टकारी हो सकती है। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. प्रवीण द्विवेदी के अनुसार जानिए कैसा बीतेगा आपके लिए ये महीना- 

मेष
इस महीने शुक्र और चंद्रमा मेष राशि का लग्न में, राहु मिथुन राशि का तीसरे भाव में, मंगल, गुरु, केतु धनु राशि का नवम भाव में, शनि मकर राशि का दशम भाव में और सूर्य व बुध कुंभ राशि के ग्यारहवें भाव में रहेंगे। महीने की शुरूआत में जीवनसाथी से मधुर संबंध रहेंगे। परिवार के साथ-साथ काम की जिम्मेदारी भी बढ़ सकती है। 6 और 7 मार्च को चंद्रमा की स्थिति चतुर्थ भाव में होने से आप परेशानी का अनुभव करेंगे। इस दौरान वाहन आदि मशीनरी खराब हो सकती हैं। महीने के बीच में थोड़ी मुश्किलें कम होंगी। धन की आवक भी पहले से थोड़ी अधिक होगी। बिजनेस के लिए विदेश यात्रा भी हो सकती है। इस महीने निवेश करने से पहले किसी अनुभवी की सलाह जरूर लें, नहीं तो नुकसान हो सकता है। इस महीने दुश्मन आपको नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे, लेकिन सफल नहीं हो पाएंगे। माता-पिता का सहयोग मिलेगा। लव लाइफ भी अच्छी रहेगी। लंबे समय से चल रहे प्रयास सफल होंगे। महीने के अंत में अचानक धन लाभ हो सकता है। काम के प्रति आपकी ईमानदारी देखकर अधिकारी भी आपके खुश रहेंगे। पुराने मित्रों से मुलाकात हो सकती है।

वृषभ
इस महीने राहु मिथुन राशि का दूसरे भाव में, मंगल, गुरु व केतु धनि राशि का आठवे भाव में, शनि मकर राशि का नवम भाव में, सूर्य, बुध कुंभ राशि का दसवे भाव में, शुक्र और चंद्रमा मेश राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में आप धन, उन्नति और शक्ति में संपन्न रहेंगे। बड़े बुजुर्गों की सलाह आपके लिए फायदेमंद साबित होगी। धर्म की ओर आपका रूझान बढ़ेगा। प्रेम प्रसंग की शुरूआत इस महीने हो सकती है। 6 और 7 मार्च को धन लाभ के योग बन रहे हैं। नया निवेश करने से भी फायदा होगा। महीने के मध्य में सेहत बिगड़ सकती है। खर्च भी बढ़ सकता है। जमा पूंजी खर्च होगी। दुर्घटना के योग भी इस समय पर बन रहे हैं। महिलाओं को भी इस समय थोड़ा संभलकर रहना होगा, कोई अनहोनी घटना इस दौरान हो सकती है। महीने के अंतिम सप्ताह में आप बहुत व्यस्त रहेंगे। पारिवारिक विवादों के कारण मन उदास रहेगा। हालांकि इस दौरान जीवन साथी का सहयोग आपको मिलता रहेगा।

मिथुन
इस महीने में राहु मिथुन राशि का लग्न में, मंगल-केतु-गुरु धनु राशि का सातवें भाव में, शनि मकर राशि का आठवें भाव में, सूर्य-बुध कुंभ राशि का नवें भाव में, शुक्र-चंद्रमा मेष राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में बिजनेस की स्थिति थोड़ी धीमी रहेगी, जो आगे जाकर बढ़ सकती है। परिवार में तालमेल का अभाव रहेगा, इस वजह से छोटे-मोटे विवाद भी हो सकते हैं। महीने के पहले सप्ताह में कोई शुभ समाचार मिलेगा। इस महीने जितनी तेजी से धन आएगा, उतनी तेजी से खर्च भी होगा। प्रेम प्रसंग का मामला सार्वजनिक हो सकता है। कुछ खास कामों के लिए किसी से पैसा उधार लेना पड़ सकता है। 21 से 23 मार्च के मध्य ग्रह स्थितियों के बदलाव के साथ आपकी परिस्थितियों में भी तेजी से बदलाव आएगा। घर में किसी धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है। सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। बिजनेस को लेकर समय थोड़ा चिंताजनक हो सकता है। किसी के बहकावे में आकर अपना नुकसान करवा सकते हैं। खर्च पर नियंत्रण नहीं रख पाएंगे।

कर्क
इस महीने में मंगल-केतु-गुरु धनि राशि का छठें भाव में, शनि मकर राशि का सातवें भाव में, सूर्य-बुध कुंभ राशि का आठवें भाव में, शुक्र-चंद्रमा मेष राशि का दसवें भाव में, राहु मिथुन राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत ठीक रहेगी। लक्ष्य को पूरा करने के लिए मेहनत अधिक करनी पड़ेगी। बिजनेस को बढ़ाने की योजना बन सकती है। भाई-बहन या किसी रिश्तेदार से किसी बात पर विवाद हो सकता है। महीने के दूसरे सप्ताह में शत्रु नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे। काम की भी अधिकता रहेगी। इस समय ग्रहों की स्थिति आपके पक्ष में न रहने से कई परेशानियां आ सकती हैं। 19-20 को शनि-चंद्रमा की सप्तम स्थान पर युति आर्थिक पक्ष को लेकर जोड़-तोड़ करवाएगी। इस समय आप किसी विवाद में भी फंस सकते हैं। किसी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर विश्वास न करें। महीने के अंतिम सप्ताह में आप काफी व्यस्त रहेंगे। समाज में मान-सम्मान मिलेगा। योजना से अपने लक्ष्यों को पाने में सफल रहेंगे। इस समय आपका रुका हुआ पैसा भी मिल सकता है।

सिंह
इस महीने मंगल-गुरु-केतु धनु राशि का पंचम भाव में, शनि मकर राशि का छठे भाव में, सूर्य-बुध कुंभ राशि का सातवें भाव में, शुक्र-चंद्रमा मेष राशि का नौवें भाव में, राहु मिथुन राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में धन प्राप्ति के प्रयास सफल होंगे। ऑफिस में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी। करियर में स्थायित्व आएगा। सरकारी कामकाज गति पकड़ेंगे। कोर्ट-कचहरी के मामलों में सफलता मिलेगी। आप जो भी काम हाथ में लेंगे, उसे पूरा करके ही मानेंगे। 8 और 9 मार्च को सन्मुख चंद्रमा सुखदायक रहेगा। प्रतियोगी परीक्षा में सफलता मिल सकती है। स्वास्थ्य भी उत्तम रहेगा। 14-15 को समय ठीक नहीं रहेगा, विरोधी खुलकर सामने आएंगे। महीने के तीसरे सप्ताह में खर्च की अधिकता रहेगी। मौज-मस्ती और मनोरंजन पर पैसा ज्यादा खर्च होगा। इस समय प्रियजनों से मुलाकात हो सकती है। मीडिया और रंगमंच से जुड़े लोग, प्रोफेसर आदि के लिए ये समय बेहतरीन रहेगा। महीने के अंत में आठवां चंद्रमा अशुभ रहेगा। पति-पत्नी में विवाद हो सकता है। वाहन सुधरवाने में पैसा खर्च हो सकता है। व्यस्तता के चलते परिवार को समय नहीं दे पाएंगे।

कन्या
इस महीने मंगल-केतु-गुरु- धनु राशि का चौथे भाव में, शनि मकर राशि का पांचवें भाव में, सूर्य-बुध कुंभ राशि का छठे भाव में, शुक्र-चंद्रमा मेष राशि का आठवें भाव में, राहु मिथुन राशि का दसवें भाव में रहेगा। इस महीने काम-काज की स्थिति पहले से सुधरेगी। सरकारी कर्मचारियों के लिए समय लाभ देने वाला है। नए वस्त्र और आभूषण खरीद सकते हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत होने से मन प्रसन्न रहेगा। महीने के दूसरे सप्ताह में आपकी परीक्षा की घड़ी रहेगी। मन निराशा की ओर अग्रसर होगा। वाहन दुर्घटना के योग भी बन रहे हैं। प्यार में धोखा मिल सकता है। 14-15 किसी खास व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है। राजनीति से जुड़े लोगों को बड़ा पद मिल सकता है। तीसरे सप्ताह में परिवार में खींचतान की स्थिति बनेगी। आपकी कोई गुप्त बात सबके सामने आ सकती है। विद्यार्थियों को परीक्षा में सफलता मिल सकती है। मकान की मरम्मत या साज-सज्जा पर खर्च हो सकता है। अंतिम सप्ताह में धन लाभ के योग बन रहे हैं। नौकरी से भी फायदा हो सकता है। इस समय आप कुछ ज्यादा ही व्यस्त रहेंगे।

तुला
इस महीने मंगल-गुरु-केतु धनु राशि का तीसरे भाव में, शनि मकर राशि का चौथे भाव में, सूर्य-बुध कुंभ राशि का पांचवें भाव में, शुक्र-चंद्रमा मेष राशि का सातवें भाव में, राहु मिथुन राशि का नौवें भाव में रहेगा। इस महीने की शुरूआत थोड़ी कष्टप्रद रहेगी। मन में वैराग्य का भाव आ सकता है। दुर्घटना के योग बन रहे हैं। अपने काम के लिए किसी को रिश्वत देनी पड़ सकती है। परिवार में भी बिखराव की स्थिति रहेगी। 8 मार्च से समय पक्ष का बनेगा। बिजनेस और घरेलू खर्च के लिए संतुलित और उपयोगी बजट बनाएंगे। इस समय आप जोखिम भरे कामों से दूर रहें। बेकार के कामों में समय और पैसा दोनों नष्ट हो सकते हैं। 16 मार्च के बाद कठिन से कठिन काम आप आसानी से कर पाएंगे। कोर्ट केस में भी सफलता मिल सकती है। किसी नए काम की शुरूआत कर सकते हैं। इस समय हेल्थ को लेकर थोड़ा सजग रहें। महीने के अंतिम सप्ताह में आपका रूख पहले से ज्यादा सकारात्मक रहेगा। आपकी लोकप्रियता बढ़ेगी। इस समय का सदुपयोग करें।

वृश्चिक
इस महीने मंगल-गुरु-केतु धनु राशि का द्वितीय भाव में, शनि मकर राशि का तीसरे भाव में, सूर्य-बुध कुंभ राशि का चौथे भाव में, शुक्र-चंद्रमा मेष राशि का छठे भाव में, राहु मिथुन राशि का आठवें भाव में रहेगा। महीने की शुरुआत में पुराने साथियों व प्रियजनों से मुलाकात होगी। हंसी-मजाक का माहौल बनेगा। 4-5 मार्च को कोई अशुभ समाचार मिल सकता है। मौसमी बीमारियां भी परेशान करेंगी। आर्थिक मामलों में किसी पर भरोसा न करें। सप्ताह के अंत में परिवार के साथ घूमने जाने का प्लान बनेगा। 8 से 15 मार्च के बीच काम का बोझ अधिक रहेगा। इस समय किसी अनुभवी से सलाह लेकर ही पैसा निवेश करें। रोजी-रोजगार के उचित अवसर मिलेंगे। भोग-विलास की नई चीजें खरीदने का मन होगा। बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। 24 मार्च से सितारे आपके पक्ष में आएंगे। इस समय आप बिजनेस से जुड़ा कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। हालांकि हेल्थ में इस दौरान थोड़ा उतार-चढ़ाव बना रहेगा। सरकारी अधिकारियों को इस समय किसी जांच का सामना भी करना पड़ सकता है।

धनु
इस महीने मंगल-केतु-गुरु धनु राशि का लग्न में, शनि मकर राशि का दूसरे भाव में, सूर्य-बुध कुंभ राशि का तीसरे भाव में, शुक्र-चंद्रमा मेष राशि का पांचवें भाव में, राहु मिथुन राशि का सातवें भाव में रहेगा। महीने के पहले सप्ताह में करियर को लेकर सही मार्गदर्शन मिलेगा। उत्तम सुख आपको इस समय मिलेंगे। पैसों का फायदा भी होगा। आप ऊर्जा और जोश से भरे रहेंगे। नए काम की शुरूआत इस समय हो सकती है। बेरोजगारों को रोजगार मिल सकता है। 14-15 के बीच जीवनसाथी के स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनेगी। ये समय थोड़ा कष्टकारी रहेगा। आप जितनी तेजी से आगे बढ़ेंगे, मंजिल उतनी ही दूर होती जाएगी। विद्यार्थियों के लिए ये समय सफलता देने वाला रहेगा। 16 से 23 मार्च के बीच घर की मरम्मत से जुड़े खर्च हो सकते हैं। घर में सौहार्दपूर्ण माहौल रहेगा, जिससे आपको मानसिक शांति मिलेंगी। विरोधी आपका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। मार्च के अंतिम सप्ताह में संतान से किसी बात पर विवाद हो सकता है। कुछ गुप्त बातें सबके सामने आने से अपमान का सामना करना पड़ेगा।

मकर
इस महीने शनि मकर राशि का लग्न में, सूर्य-बुध कुंभ राशि का दूसरे भाव में, शुक्र-चंद्रमा मेष राशि का चौथे भाव में, राहु मिथुन राशि का छठे भाव में, मंगल-गुरु-केतु धनु राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने का पहला सप्ताह आपका आत्मविश्वास बढ़ाएगा। आप मुश्किल काम भी आसानी से कर पाएंगे। वरिष्ठ अधिकारी आपसे प्रसन्न रहेंगे। आपका रूतबा बढ़ेगा। पति-पत्नी में आपसी तालमेल बेहतर रहेगा। 8 से 15 मार्च के बीच आपकी योजनाएं सफल नहीं हो पाएंगी। धन हानि के प्रबल योग इस समय बन रहे हैं। फैक्ट्री में प्रोडक्शन भी कम होगा। 12-13 को आप कुछ नया करने का प्रयास करेंगे, जिससे आपको यश मिलेगा। इस समय धार्मिक कार्यक्रमों में जाने का अवसर मिलेगा। 16 से 18 के बीच बारहवां चंद्रमा विवाद का कारण बन सकता है। मित्रों से किसी पर वैचारिक मतभेद होगा। 20 मार्च के बाद ग्रह स्थितियां आपके पक्ष में बनेंगी। महीने के अंतिम सप्ताह में आप कड़ी मेहनत करेंगे। आपको इसकी नतीजा भी शानदार मिलेगा। किसी की बात से आपका दिल दुख सकता है। धन संबंधी मामलों में सावधानी रखें।

कुंभ
इस महीने सूर्य-बुध कुंभ राशि का लग्न में, शुक्र-चंद्रमा मेष राशि का तीसरे भाव में, राहु मिथुन राशि का पांचवें भाव में, मंगल-गुरु-केतु धनु राशि का ग्यारहवें भाव में, शनि मकर राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में मन में उत्साह का अभाव रहेगा। इस समय चंद्रमा आपके चौथे भाव में रहेगा, जिसके कारण आपका किसी से विवाद हो सकता है। 4 मार्च के बाद स्थितियां आपके पक्ष में आने लगेगी। इस समय शत्रु चाहकर भी आपका कुछ बिगाड़ नहीं पाएंगे। 10-11 को आठवें चंद्रमा के कारण आप कोई गलत निर्णय ले सकते हैं, इसका खामियाजा आपको आर्थिक नुकसान के रूप में उठाना पड़ेगा। संतान का व्यवहार आपकी परेशानी का कारण बन सकता है। 16 से 23 के बीच धन लाभ का रास्त खुलेगा। किसी मित्र से जुड़ा कोई शुभ समाचार भी मिलने की संभावना है। इस समय आप दूसरों की मदद करने को तैयार रहेंगे। महीने के अंत में हाथ में आता काम अचानक रूक जाएगा। कोई बड़ी डील हाथ से निकल सकती है। बॉस आपके काम करने के तरीके से नाराज हो सकते हैं।

मीन
इस महीने शुक्र-चंद्रमा मेष राशि का दूसरे भाव में, राहु मिथुन राशि का चौथे भाव में, मंगल-गुरु-केतु धनु राशि का दसवें भाव में, शनि मकर राशि का ग्यारहवें भाव में, सूर्य-बुध कुंभ राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने का आरंभ बहुत ही शानदार रहेगा। पैसा कमाने के नए अवसर मिल सकते हैं। बिजनेस के सिलसिले में यात्रा का योग बन रहा है। लाभ के भरपूर अवसर इस समय आपको मिलेंगे। 4 मार्च के बाद समय थोड़ा परेशान करने वाला है। दांपत्य जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। महीने के दूसरे सप्ताह में स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा, जिसके कारण रक्त से जुड़ी बीमारियां हो सकती हैं। 14-15 को समय फिर से आपके पक्ष का बन जाएगा। मान-सम्मान में वृद्धि होगी। किसी के प्रति आपका झुकाव अधिक रहेगा। 21 से 25 के बीच आपको कानूनी मामलों में हार का सामना करना पड़ सकता है। इस समय हेल्थ को लेकर भी सावधानी रखनी जरूरी है। महीने के अंतिम दिनों में साझेदारी के कामों में लाभ होगा। पति-पत्नी में किसी बात पर तू-तू मैं-मैं हो सकती है।
 

Share this article
click me!