मासिक राशिफल: जून 2020 में 5 ग्रह बदलेंगे राशि, किस राशि पर कैसा होगा असर?

जून 2020 में ग्रहों की चाल के अनुसार, ये महीना राजनैतिक उठापटक वाला रहेगा। शेयर मार्केट में मंदी हो सकती है। डीजल, पैट्रोल आदि में मामूली बढ़त हो सकती है। देश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश के कारण जन-धन की हानि हो सकती है। 

Asianet News Hindi | Published : May 31, 2020 6:33 PM IST

उज्जैन. इस महीने में 9 में 5 ग्रह राशि बदलेंगे। ये ग्रह है सूर्य, मंगल, बुध, गुरु और शुक्र। ग्रहों के परिवर्तन का आपकी राशि पर क्या असर होगा जानिए…

मेष राशि
इस महीने में सूर्य, शुक्र वृषभ राशि का दूसरे भाव में, बुध, राहु मिथुन राशि का तीसरे भाव में केतु धनु राशि का नवे भाव में और गुरु, शनि मकर राशि का दसवे भाव में रहेंगे। महीने के पहले सप्ताह में उत्तर सुखों की प्राप्ति के योग बन रहे हैं। संतान की सफलता से मन प्रसन्न रहेगा। किसी मांगलिक कार्यक्रम में जा सकते हैं। नौकरी में अधिकारियों के साथ अच्छा तारतम्य बैठेगा। सेहत भी इस महीने में पहले से ठीक रहेगी। साझेदारी के बिजनेस के लिए भी समय उत्तम है। महीने के मध्य में छोटी-मोटी परेशानियां हो सकती है, लेकिन आप सब कुछ मैनेज कर लेंगे। प्रतियोगी परीक्षा में भी सफलता इस महीने मिल सकती है। नौकरी तलाश रहे लोगों को सफलता मिल सकती है। पूंजी का सही रूप से उपयोग कर पाएंगे। इस महीने आप में गजब का आत्मविश्वास दिखाई देगा। 24 और 25 जून का समय थोड़ा कलहकारी रहेगा। इस दौरान कोई घटना आपको परेशान कर सकती है। प्रेम संबंधों में विच्छेद हो सकता है। महीने के अंत का समय महत्वपूर्ण रहेगा। इस समय नए लोगों से संपर्क आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

 

वृष राशि
महीने की शुरूआत में सूर्य, शुक्र वृषभ राशि का लग्न में, बुध, राहु मिथुन राशि का दूसरे भाव में, चंद्रमा कन्या राशि का पंचम भाव में, केतु धनु राशि का आठवे भाव में, गुरु, शनि मकर राशि का नवे भाव में, मंगल कुंभ राशि का दसवे भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में आपके काम की तारीफ होगी। इस महीने विदेश यात्रा का योग भी बन रहा है। 3 और 4 जून को अचानक धन लाभ हो सकता है। प्रेम प्रसंगों में सफलता मिल सकती है। इस समय कुछ नया सीखने को मिल सकता है। 7 जून के बाद समय थोड़ा कष्टकारी रहेगा। परिश्रम ज्यादा और लाभ कम मिलने वाली स्थिति बनेगी। पैतृक संपत्ति को लेकर भाइयों से विवाद हो सकता है। 14 और 15 को चंद्रमा की ग्यारहवें भाव में गति लाभ दिला सकती है। कोई शुभ समाचार भी मिल सकता है। नौकरी में बदलाव इस महीने हो सकता है। लॉटरी, शेयर में नुकसान हो सकता है। कोर्ट-कचहरी के मामलों में आंशिक सफलता मिल सकती है।

मिथुन राशि
इस महीने बुध-राहु मिथुन राशि का लग्न में, चंद्रमा कन्या राशि का चौथे भाव में, केतु धनु राशि का सातवें भाव में, गुरु-शनि मकर राशि का आठवें भाव में, मंगल कुंभ राशि का नवें भाव में, सूर्य-शुक्र वृषभ राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में ही किसी घनिष्ठ व्यक्ति से वाद-विवाद हो सकता है। अपने क्रोध पर काबू रखें नहीं तो बात और भी बिगड़ सकती है। बिजनेस से जुड़े एग्रीमेंट सोच-समझकर करें। घर-गृहस्थी से जुड़े सामान खरीद सकते हैं। 7 जून को परिवार में कोई मांगलिक कार्यक्रम हो सकता है। महीने के दूसरे सप्ताह में शत्रु आप पर हावी होने की प्रयास करेंगे। वाहन आदि के इस सप्ताह थोड़ा ध्यान से चलाएं। निवेश से जुड़े फैसले भी थोड़ा सोच-समझकर लें। इस महीने प्रेम संबंधों में सफलता मिल सकती है। आपकी राशि में 13 जून तक महालक्ष्मी योग बना हुआ है, इसके प्रभाव से आपको सभी कामों में सफलता मिलेगी। इस महीने आप भविष्य की योजनाओं पर गंभीरता से विचार करेंगे। महीने के अंतिम सप्ताह में माता-पिता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी रहेगी। ये समय घोर निराशा का रहेगा। अपने ही लोग आपको धोखा दे सकते हैं।

कर्क राशि
इस महीने चंद्रमा कन्या राशि का तीसरे भाव में, केतु धनु राशि का छठे भाव मं, गुरु-शनि मकर राशि का सातवें भाव में, मंगल कुंभ राशि का आठवें भाव में, सूर्य-शुक्र वृषभ राशि का ग्यारहवें भाव में, बुध-राहु मिथुन राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में आप बिजनेस को बढ़ाने का काफी प्रयास करेंगे। जमीन-जायदाद से मामले आपसी सहमति से सुलझने के आसान बनेंगे। इस समय पर अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें, नहीं तो बनती बात बिगड़ जाएगी। घर से जुड़े कामों के लिए पैसा उधार लेना पड़ सकता है। महीने का दूसरा सप्ताह विद्यार्थियों के लिए अच्छा नहीं रहेगा। मनचाहा परिणाम न मिलने से मन उदास रहेगा। इस समय राजनेताओं से लाभ मिल सकता है। भाई-बहन से चला आ रहा विवाद खत्म होगा। इस समय आप मौसमी बीमारियों का शिकार हो सकते हैं। खान-पान पर भी विशेष ध्यान रखें। महीने के अंत में प्रमोशन के मामले में तेजी आएगी। परिवार के बीच सामंजस्य नही बैठ पाने से आंशिक तनाव का सामना करना पड़ सकता है। आपकी मेहनत देखकर अधिकारी खुश होंगे और आपकी वाहवाही करेंगे।

सिंह राशि
इस महीने चंद्रमा कन्या राशि का दूसरे भाव में, केतु धनु राशि का पांचवें भाव में, गुरु-शनि मकर राशि का छठे भाव में, मंगल कुंभ राशि का सातवें भाव में, सूर्य-शुक्र वृष राशि का दसवें भाव में, बुध-राहु मिथुन राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। महीने के प्रारंभ में शुभ समाचार मिल सकते हैं। धन लाभ के योग भी इस समय बन रहे हैं। दुश्मन आपके सामने टिक नहीं पाएंगे। किसी खास व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है। तनाव से छुटकारा मिलेगा। महीने का दूसरा सप्ताह आपके पक्ष में रहेगा। साझेदारी लाभदायक साबित होगी। मनमाफिक काम मिलने से उत्साह बना रहेगा। जल्दबादी में कोई गलत निर्णय ले सकते हैं। युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं। 16 से 19 जून के बीच पारिवारिक विवाद सुलझ सकते हैं। इस समय कोई पुरस्कार या उपहार आपको मिल सकता है। इस समय वाहन सावधानी से चलाएं। महीने के अंत में व्यर्थ के कामों पर पैसा खर्च होगा। शनि-गुरू की युति नीचभंग राजयोग बना रही है। इसका मिला-जुला असर आपकी लाइफ पर होगा।

कन्या राशि
इस महीने केतु धनु राशि का चौथे भाव में, गुरु-शनि मकर राशि का पांचवें भाव में, मंगल कुंभ राशि का छठे भाव में, शुक्र-सूर्य वृषभ राशि का नौवें भाव में, बुध-राहु मिथुन राशि का दसवें भाव में रहेगा। महीने की शुरुआत में जमीन संबंधी विवादों का हल होगा। आपका काम सभी को पसंद आएगा। कारोबार में भी पहले से सुधार आएगा। प्रेम प्रसंगों में सफलता मिल सकती है। सप्ताह के अंत में किसी से विवाद हो सकता है। अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें। दूसरे सप्ताह में पैर से जुड़ा कोई रोग हो सकता है। एड़ी में भी दर्द रह सकता है। इस समय जीवनसाथी का पूरा साथ मिलेगा। बाधाएं समाप्त होंगी। बिजनेस में नया एग्रीमेंट हो सकता है। 16 से 20 तक का समय थोड़ा परेशान करने वाला रहेगा। मेहनत का पूरा फल नहीं मिल पाएगा। वाहन चलाने में थोड़ी सावधानी रखें। अंतिम सप्ताह में विवादित मामलों को किसी की मदद से सुलझा पाएंगे। संतान की किसी हरकत से मन दुखी होगा। इस समय नसों में खिंचाव हो सकता है।

तुला राशि
इस महीने केतु धनु राशि का तीसरे भाव में, शनि-गुरु मकर राशि का चौथे भाव में, मंगल कुंभ राशि का पांचवें भाव में, सूर्य-शुक्र वृषभ राशि का आठवें भाव में, बुध-राहु मिथुन राशि का नौवें भाव में रहेगा। 1 और 2 जून का समय थोड़ा चिंताकरक रहेगा। इसके बाद का समय आपके पक्ष में रहेगा। सरकारी नौकरी के इच्छुक लोगों को सफलता मिल सकती है। नए काम की शुरुआत हो सकती है। मन प्रसन्न रहेगा। 7 को धन लाभ के योग बन रहे हैं। 8 से 15 जून के बीच बिजनेस से जुड़ी समस्याओं का समाधान होगा। पारिवारिक यात्रा के योग भी इस समय बन रहे हैं। इस समय अतिरिक्त आय भी हो सकती है। छुटि्टयों का मजा लेंगे। 19-20 को आठवां चंद्रमा कामों में रुकावटें आ सकती है। बच्चों को लेकर चिंता बनी रहेगी। कोई ठोस निर्णय नहीं ले पाएंगे। मन में उलझन बनी रहेगी। 26-27 को काम गति पकड़ेगा और मान-सम्मान में वृद्धि होगी। अपनी बुद्धि और विवेक से आप हर काम में सफलता प्राप्त करेंगे। कुछ नया सीखने का मौका मिलेगा।

वृश्चिक राशि
इस महीने केतु धनु राशि का दूसरे भाव में, शनि-गुरु मकर राशि का तीसरे भाव में, मंगल कुंभ राशि का चौथे भाव में, शुक्र-सूर्य वृषभ राशि का सातवें भाव में, बुध-राहु मिथुन राशि का आठवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं। नौकरी में अधिकारी आपके काम से खुश रहेंगे। ऑफिस में कोई नया पद भी आपको मिल सकता है। 7 जून को परिवार में किसी बात पर विवाद हो सकता है। 8 से 15 जून के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव से मुक्ति मिलेगी। भाइयों से मधुर संबंध बनेंगे। इस समय आपको मौसमी बीमारियां हो सकती हैं। विरोधी आपके विरुद्ध कोई षड़यंत्र रच सकते हैं। राजनीति से जुड़े लोगों को फायदा मिलेगा। महीने के तीसरे सप्ताह में आप सफलता के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे। पति-पत्नी का विवाद खत्म होगा और मधुरता बढ़ेगी। महीने के अंतिम दिनों में धन लाभ के योग बन रहे हैं। लव लाइफ के लिए भी ये समय ठीक रहेगा। काम में बिजी रहने के कारण परिवार को समय नहीं दे पाएंगे।

धनु राशि
इस महीने केतु धनु राशि का लग्न में, गुरु-शनि मकर राशि का दूसरे भाव में, मंगल कुंभ राशि का तीसरे भाव में, शुक्र-सूर्य वृष राशि का छठे भाव में, बुध-राहु मिथुन राशि का सातवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत अच्छी रहेगी। आपके कामों को पसंद किया जाएगा। आप सही दिशा में आगे बढ़ेंगे, जिससे बिजनेस में फायदा होगा। प्रेम प्रसंगों में सफलता मिलेगी। परिवार के साथ बाहर मनोरंजन का कार्यक्रम बन सकता है। 5-6 जून को काम का बोझ बहुत अधिक रहेगा। कुछ चुनौतियों का सामना भी नौकरी में करना पड़ेगा। 8 को सन्मुख चंद्रमा लाभ की स्थिति बनाएगा। 11 से 13 के बीच का समय शुभ फल देने वाला रहेगा। किसी खास इच्छा की पूर्ति हो सकती है। महीने के तीसरे सप्ताह में पैसा कमाने के नए साधन मिलेंगे। इस समय आप किसी हिल स्टेशन पर परिवार के साथ जा सकते हैं। 23 को समय की चाल विपरीत रहेगी, इसलिए थोड़ा संभलकर रहें। महीने के अंतिम दिनों में असफलता का सामना करना पड़ सकता है। रोजमर्रा के कामों में अड़चने आएंगी।

मकर राशि
इस महीने गुरु-शनि मकर राशि का लग्न में, मंगल कुंभ राशि का दूसरे भाव में, सूर्य-शुक्र वृष राशि का पांचवें भाव में, बुध-राहु मिथुन राशि का छठे भाव में, केतु धनु राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत सुखद घटनाओं से होगी। योजनाएं पूरी होने के प्रसन्नता रहेगी। इस समय आप भौतिक और शारीरिक सुख प्राप्त करेंगे। जमीन-जायदाद से लाभ होने के योग इस समय बन रहे हैं। कम मेहनत से भी अधिक लाभ प्राप्त करेंगे। महीने के दूसरे सप्ताह में आपका मन किसी काम में नहीं रहेगा। इस समय आप सतर्क रहते हुए काम करें, क्योंकि बिजनेस से जुड़े गुप्त राज आपके विरोधियों को पता चल सकते हैं। अच्छी संगत का फायदा इस समय आपको मिलेगा। 16 से 23 जून के बीच आपको विवाद, कानूनी मुकद्मे, आदि का सामना करना पड़ सकता है। इसके चलते आपका समय और पैसा दोनों बर्बाद होंगे। इस समय आप जोखिम भरे काम करने से बचें। महीने के आखिर में आपकी आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी। माता-पिता का स्नेह मिलेगा। बच्चों से जुड़े किसी काम को लेकर दौड़-भाग करनी पड़ सकती है।

कुंभ राशि
इस महीने मंगल कुंभ राशि का लग्न में, सूर्य-शुक्र वृष राशि का चौथे भाव में, बुध-राहु मिथुन राशि का पांचवें भाव में, चंद्रमा कन्या राशि का आठवें भाव में, केतु धनु राशि का ग्यारहवें भाव में, गुरु-शनि मकर राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में आपके ही लोग आपसे विश्वासघात कर सकते हैं। मंगल के कारण क्रोध अधिक आएगा, जिसके कारण आपका बना बनाया काम बिगड़ सकता है। हाथ में आता हुआ पैसा अटक जाएगा। परिवार में भी मतभेद हो सकते हैं। महीके दूसरे सप्ताह में आप किसी अन्य के मामले में टांग न अड़ाएं तो अच्छा रहेगा, नहीं तो लेने के देने पड़ सकते हैं। इस समय किसी धार्मिक यात्रा का योग भी बन रहा है। पति-पत्नी में विवाद का अंत होगा और सबकुछ सामान्य हो जाएगा। 21 जून से स्थितियां आपके पक्ष में होंगी। ये समय स्टूडेंट्स के लिए विशेष शुभ रहेगा। महीने के अंतिम सप्ताह में उच्च अधिकारियों से संपर्क बढ़ेगा। आप सामाजिक गतिविधियों में व्यस्त रहेंगे। इस समय बिजनेस में कोई भी रिस्क न लें तो बेहतर रहेगा।

मीन राशि
इस महीने सूर्य-शुक्र वृषभ राशि का तीसरे भाव में, राहु-बुध मिथुन राशि का चौथे भाव में, चंद्रमा कन्या राशि का सातवें भाव में, केतु धनु राशि का दसवें भाव में, गुरु-शनि मकर राशि का ग्यारहवें भाव में, मंगल कुंभ राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने के आरंभ का समय सुख-शांति वाला रहेगा। इस समय सातवां चंद्रमां परिवारिक सुख का कारक बनेगा। जीवन में स्थायित्व का भाव आएगा। 5-6 को आप धैये से काम लेंगे, जिससे सारी परिस्थितियां आपके पक्ष में होती जाएंगी। इस समय आपकी प्रतिष्ठा का ग्राफ ऊपर की ओर बढ़ेगा। 11 से 15 के बीच आपका मूड ऑफ रहेगा। ऑफिस में कोई आपकी शिकायत कर सकता है। पति-पत्नी में समर्पण का अभाव रहेगा, जिसके कारण दांपत्य जीवन में अधूरापन महसूस होगा। मित्रों से किसी बात पर अनबन हो सकती है। महीने का तीसरा सप्ताह शुभ फल देने वाला रहेगा। उत्तम प्रकार की धन-संपत्ति के योग बन रहे हैं। कोई शुभ समाचार भी मिल सकता है। संतान आपकी हर बात मानेंगी। महीने के अंतिम दिनों में करियर को लेकर असमंजस की स्थिति बनेगी। इंटरव्यू में असफलता का सामना करना पड़ सकता है।

Share this article
click me!