मासिक राशिफल: अप्रैल 2020 में कितने ग्रह बदलेंगे राशि, क्या असर होगा आपकी लाइफ पर, जानिए

अप्रैल 2020 में कई प्रमुख त्योहार आ रहे हैं। इस महीने की 2 तारीख को चैत्र नवरात्रि का अंतिम दिन रहेगा। इसी दिन श्रीराम नवमी का पर्व मनाया जाएगा।

Asianet News Hindi | Published : Apr 1, 2020 4:17 AM IST / Updated: Apr 01 2020, 03:56 PM IST

उज्जैन. इसके अलावा अप्रैल माह में हनुमान जयंती, अक्षय तृतीया और गंगा सप्तमी आदि पर्व मनाए जाएंगे। इस महीने में 3 ग्रह राशि बदलेंगे। ये हैं ग्रह  हैं सूर्य और बुध। इसके अलावा चंद्रमा हर ढाई दिन में राशि परिवर्तन करेगा। जानिए आपके लिए कैसा रहेगा अप्रैल 2020-

मेष राशि
इस महीने शुक्र वृष राशि का दूसरे भाव में, चंद्रमा, राहु मिथुन राशि का तीसरे भाव में, केतु धनु राशि का नवम भाव में और सूर्य मीन राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने के पहले सप्ताह में लोग आपकी उदारता का गलत फायदा उठा सकते हैं। कठिन परिश्रम करने के बाद भी ज्यादा फायदा नहीं हो पाएगा। लाइफ में अकेलापन हावी रहेगा। फिर भी आप स्वयं को सही दिशा देने में सफल रहेंगे। दूसरे सप्ताह की शुरूआत में महत्वपूर्ण लेन-देन हो सकता है। 11 और 12 को आठवां चंद्रमा अशुभ फल प्रदान करेगा। काम की भागम-भाग में कोई गड़बड़ भी हो सकती है। भूमि, भवन आदि की खरीदी-बिक्री करते समय सावधानी रखें। आपके साथ धोखा हो सकता है। 15 अप्रैल के बाद समय थोड़ा अनुकूल हो सकता है। इस दौरान आप पूरी ईमानदारी से काम करेंगे, जिसका फल भी आपको मिलेगा। 24 अप्रैल को सन्मुख चंद्रमा की स्थिति शुभ फलदायक रहेगी। धन की आवक भी बढ़ेगी। संतान की ओर से कोई शुभ समाचार भी महीने के अंत में मिलेगा। इंटरव्यू में सफलता के योग भी महीने के अंत में बन रहे हैं। माता-पिता से जमीन या भवन संबंधी फायदा हो सकता है।

वृषभ राशि
इस महीने शुक्र वृषभ राशि के लग्न में, चंद्रमा, राहु मिथुन राशि का दूसरे भाव में, केतु धनु राशि का आठवें भाव में, मंगल, गुरु, शनि मकर राशि का नवे भाव में, बुध कुंभ राशि का दसवें भाव में, सूर्य मीन राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। इस महीने आपको इंटरव्यू में सफलता मिल सकती है। सरकारी काम में किसी की मदद मिलेगी। ऑफिस में अधीनस्थ कर्मचारी आपका सहयोग करेंगे। पुराना वाहन अगर खरीदें तो टेस्ट ड्राइव जरूर लें। 7 से 10 अप्रैल के बीच आप कोई महत्वपूर्ण फैसला ले सकते हैं। इस समय कोई नया सदस्य भी आपके परिवार में आ सकता है। पेट और छाती से संबंधित बीमारियां इस महीने हो सकती हैं। मसालेदार खाना न खाएं। शुगर और बीपी की जांच भी नियमित रूप से करवाएं। करियर में युवा वर्ग को संघर्ष करना पड़ेगा। वहीं नौकरी में काम का अतिरिक्त दबाव हो सकता है। बिजनेस में नई योजनाओं पर अमल करेंगे। विद्यार्थियों को अधिक मेहनत करनी होगी, परीक्षा परिणाम पक्ष में आएंगे। महीने के अंत में किसी विशेष व्यक्ति से आपकी मुलाकात हो सकती है, जिससे भविष्य में आपको फायदा मिलेगा।

मिथुन राशि
इस महीने में चंद्रमा-राहु मिथुन राशि का लग्न में, केतु धनु राशि का सातवें भाव में, मंगल-गुरु-शनि मकर राशि का आठवें भाव में बुध कुंभ राशि का नवें भाव में, सूर्य मीन राशि का दसवें भाव में, शुक्र वृष राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में चंद्रमा और राहु की युति तनाव तो कराएगी, लेकिन धन लाभ की स्थिति भी निर्मित करवाएगी। 5-6 अप्रैल को आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर होती नजर आएगी। महीने के दूसरे सप्ताह में कोई अशुभ समाचार मिल सकता है। मौसमी बीमारियों से परेशान हो सकते हैं। इस महीने प्रेम प्रसंगों में सफलता मिल सकती है। 15 अप्रैल को कोई अप्रिय घटना हो सकती है। बॉस या अधिकारी की डांट फटकार सुननी पड़ सकती है। आठवें स्थान पर चर्तुग्रही योग के कारण कोई कोई व्यक्ति आपके साथ धोखा कर सकता है। लोग आपकी भावनाओं का गलत फायदा उठा सकते हैं। महीने के अंत में जमीन या मकान से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण काम हो सकता है। किसी उच्च अधिकारी से किसी बात पर बहस हो सकती है। किसी सामाजिक कार्यक्रम में आपका सम्मान हो सकता है।

कर्क राशि
इस महीने केतु धनु राशि का छठे भाव में, मंगल-शनि-गुरु मकर राशि का सातवें भाव में, बुध कुंभ राशि का आठवें भाव में, सूर्य मीन राशि का नवें भाव में, शुक्र वृषभ राशि का ग्यारहवें भाव में, चंद्रमा-राहु मिथुन राशि का बाहरवें भाव में रहेंगे। महीने की शुरूआत में आमदनी अठन्नी खर्चा रुपया वाली स्थिति रहेगी। बारहवें भाव में चंद्रमा और राहु की स्थिति परेशान करने वाली रहेगी। 3-4 अप्रैल को जैसे ही चंद्रमा आपकी राशि में आएगा, स्थिति आपके पक्ष में बनती जाएगी। जीवन के हर मोर्च पर आप सफल साबित होंगे। 7 अप्रैल तक आप महसूस करेंगे कि काम के हालात सुधर रहे हैं। करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। इस महीने आप किसी कानूनी अड़चन का शिकार हो सकते हैं। जीवनसाथी से संबंधों में सुधार आएगा। 16-17 को चार ग्रह एक साथ सातवें स्थान पर रहेंगे। इस समय थोड़ा संभलकर रहें। वाहन आदि भी सावधानी से चलाएं। किसी खास काम की जिम्मेदारी आपको मिल सकती है। महीने के अंत में प्रेम प्रसंगों में सफलता मिल सकती है। संपत्ति से जुड़े विवाद भी खत्म होंगे। बिजनेस में कोई बड़ी डील हो सकती है। धन लाभ के अवसर इस समय पर बन रहे हैं।

सिंह राशि
इस महीने केतु धनु राशि का पांचवें भाव में, शनि-मंगल-गुरु मकर राशि का छठे भाव में, बुध कुंभ राशि का सातवें भाव में, सूर्य मीन राशि का आठवें भाव में, शुक्र वृषभ राशि का दसवें भाव में, चंद्रमा-राहु मिथुन राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में आप थका हुआ महसूस करेंगे। कोई बीमारी भी इस समय हो सकती है। मन में चिड़चिड़ापन रहेगा। इस समय अतिरिक्त काम हाथ में न लें तो अच्छा रहेगा। महीने के दूसरे सप्ताह में बिजनेस गति पकड़ेगा। भौतिक सुख-सुविधाओं की प्राप्ति होगी। बाहर घूमने-फिरने का प्रोग्राम बन सकता है। 11-12 को समय ठीक नहीं है। 15 अप्रैल को उत्तम फलों की प्राप्ति होगी, लाभ के अवसर मिलेंगे। तीसरे सप्ताह में आपकी कार्यकुशलता में बढोत्तरी होगी। भाग्य का सितारा साथ देगा, समाज में रूतबा बढ़ेगा। 20 से 23 के बीच बिजनेस में सोच-समझकर निवेश करें। वाहन से जुड़े खर्च परेशान करेंगे। महीने के अंत में प्रमोशन का योग बन रहा है। कोई नया काम इस समय शुरू कर सकते हैं। तकनीक से जुड़े लोगों को इस समय ज्यादा फायदा होगा।

कन्या राशि
इस महीने केतु धनु राशि के चौथे भाव में, मंगल-शनि-गुरु मकर राशि का पांचवें भाव में, बुध कुंभ राशि के छठे भाव में, सूर्य मीन राशि का सातवें भाव में, शुक्र वृषभ राशि का नवें भाव में, चंद्रमा-राहु मिथुन राशि के दसवें भाव में रहेंगे। महीने का पहला सप्ताह लाभकारी रहेगा। अधीनस्थ कर्मचारी और भागीदार आपको सहयोग करेंगे। पैसों के मामले में भाग्यशाली रहेंगे। बिजनेस के सिलसिले में नए लोगों से मुलाकात होगी। विदेश यात्रा भी हो सकती है। 13-14 अप्रैल को समय अशांति वाला रहेगा। आप थकान से भरे रहेंगे। परिवार में किसी से विवाद भी हो सकता है। काम में मन नहीं लगेगा। बॉस की फटकार भी सुननी पड़ सकती है। 15 से 20 अप्रैल तक का समय हंसी-खुशी में व्यतीत होगा। किसी शादी-समारोह में जाने का मौका मिलेगा। संतान पक्ष की ओर से शुभ समाचार मिल सकता है। कोई नया निवेश भी इस समय कर सकते हैं। महीने के अंतिम सप्ताह में पेट से जुड़े रोग हो सकते हैं। माता का विशेष आशीर्वाद इस समय आपको मिलेगा।

तुला राशि
इस महीने केतु धनु राशि का तीसरे भाव में, मंगल-गुरु-शनि मकर राशि का चौथे भाव में, बुध कुंभ राशि का पांचवें भाव में, सूर्य मीन राशि का छठे भाव में शुक्र वृष राशि का आठवें भाव में, चंद्रमा-राहु मिथुन राशि का नौवें भाव में रहेगा। इस महीने का आरंभ सुखदायक रहेगा। आप समय का सही उपयोग कर पाएंगे। ऑफिस में आपके काम की तारीफ होगी। घर के बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। आपकी काबिलियत सबके सामने आएगी। महीने के दूसरे सप्ताह में कहीं घूमने जा सकते हैं। पुराने रोगों में आराम मिलेगा। बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है। इस समय वाहन सावधानी से चलाएं। 16-17 को समय ठीक नहीं है। बनते काम रुक सकते हैं। धन हानि के योग भी इस समय बन रहे हैं। ससुराल पक्ष से कोई बुरी खबर मिल सकती है। भाइयों से विवाद हो सकता है। 24 से 30 अप्रैल के बीच आय कम रहेगी और काम भी देरी से पूरे होंगे। बुरे सपने आएंगे। आप अपने लक्ष्य से भटक सकते हैं।

वृश्चिक राशि
इस महीने केतु धनु राशि का दूसरे भाव में, मंगल-गुरु-शनि मकर राशि का तीसरे भाव में, बुध कुंभ राशि का चौथे भाव में, सूर्य मीन राशि का पांचवें भाव में, शुक्र वृषभ राशि का सातवें भाव में रहेगा। इस महीने आपके स्वास्थ्य में भयंकर उतार-चढ़ाव की स्थिति बन रही है। वाहन भी सावधानी पूर्वक चलाएं। चंद्रमा-राहु की युति के कारण मौसमी बीमारियों का शिकार हो सकते हैं। आपकी उत्साही प्रवृत्ति के कारण बना बनाया काम बिगड़ सकता है। महीने के दूसरे सप्ताह में बिजनेस में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। भविष्य की जो योजनाएं आपकी बनाई हैं, उसमें अवरोध आ सकता है। 10 अप्रैल से आपके सितारे बदलेंगे। इस दौरान आप अपनी पारिवारिक जिम्मेदारी ठीक से निभा पाने में सफल रहेंगे। बिजनेस से जुड़े नए एग्रीमेंट हो सकते हैं। महीने के तीसरे सप्ताह में थोड़े ही प्रयासों से सफलता मिल सकती है। इस समय ऐशो-आराम की चीजें सुलभ होंगी। कोई शुभ समाचार भी मिल सकता है। महीने के अंत में आठवां चंद्रमा आपके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। शत्रु पक्ष आप पर हावी होने की कोशिश करेगा।

धनु राशि
इस महीने केतु धनु राशि का लग्न में, गुरु-मंगल-शनि मकर राशि का दूसरे भाव में, बुध कुंभ राशि का तीसरे भाव में, सूर्य मीन राशि का चौथे भाव में, शुक्र वृष राशि का छठे भाव में, चंद्रमा-राहु मिथुन राशि का सातवें भाव में रहेगा। महीने का पहला सप्ताह सामान्य रहेगा। आप लोगों को खुश रखने में सफल रहेंगे। इस समय वैवाहिक जीवन में कष्ट हो सकता है। बच्चों से जुड़े मामलों में अड़चन आ सकती है। महीने का दूसरा सप्ताह बिजनेस में नई संभावनाएं लेकर आएगा। चारों तरफ से लाभ की प्राप्ति होगी। रुका हुआ पैसा मिल सकता है। 11-12 को थोड़ा मानसिक तनाव रहेगा। बिजनेस में संभलकर कोई कदम उठाएं, नहीं तो घाटा हो सकता है। 16 से 23 के बीच नए लोगों से संपर्क बनेंगे। कम मेहनत से भी अधिक कमाई कर सकते हैं। किसी समारोह में जाने का मौका मिलेगा। मान-सम्मान और पद में वृद्धि होने के संकेत हैं। महीने के अंतिम सप्ताह में आपमें समर्पण का भाव रहेगा। माता-पिता की सेवा करेंगे। किसी महापुरुष से आपकी मुलाकात हो सकती है।

मकर राशि
इस महीने मंगल-गुरु-शनि मकर राशि का लग्न में, बुध कुंभ राशि का दूसरे भाव में, सूर्य मीन राशि का तीसरे भाव में, शुक्र वृष राशि का पांचवें भाव में, चंद्रमा-राहु मिथुन राशि का छठे भाव में, केतु धनु राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में नया वाहन, भूमि, फ्लैट आदि खरीद सकते हैं। इस समय आप बिजनेस को बढ़ाने की नई-नई योजना बनाएंगे। ऑफिस में आपकी छबि सुधरेगी। विरोधी आपसे कमतर साबित होंगे। 11-12 अप्रैल को समय लाभ पहुंचाने वाला रहेगा। इस समय आपने अहंकार का भाव आ सकता है, जिससे आपका काम बिगड़ सकता है। 15 को ग्रह स्थितियां आपके पक्ष में रहेंगी। महीने के तीसरे सप्ताह में 4 ग्रहों की युति आपकी राशि के लग्न में बन रही है, ये समय शानदार परिणाम देने वाला रहेगा। आपकी कई चिंताएं एक साथ खत्म हो सकती हैं। पुराने रोगों से भी छुटकारा मिलेगा। महीने के अंतिम दिनों में खर्च ज्यादा हो सकता है। इस समय मौसमी बीमारियां भी आपको हो सकती हैं। सफलता के लिए आपको कई पापड़ बेलने पड़ेंगे।

कुंभ राशि
इस महीने बुध कुंभ राशि का लग्न में, सूर्य मीन राशि का दूसरे भाव में, शुक्र वृष राशि का चौथे भाव में, चंद्रमा-राहु मिथुन राशि का पांचवें भाव में, केतु धनु राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। 1-2 को ग्रहण योग बन रहा है। संतान को लेकर चिंता व तनाव की स्थितियां बन रही है। ऐसी कोई बात उजागर हो सकती है, जिसे आप गुप्त रखना चाहते थे। 5-6 को सेहत में पहले से सुधार होगा। 7 अप्रैल को अशुभ समाचार सुनने को मिल सकता है। तमाम दौड़-भाग के बाद आप स्वयं के लिए समय निकाल ही लेंगे। 8 से 15 के बीच आपका ध्यान लक्ष्य से भटक सकता है, जिसके कारण आपको नुकसान हो सकता है। इस समय किसी प्रभावशाली व्यक्ति से आपकी मुलाकात हो सकती है। 18-19 अप्रैल का समय करियर के लिए नई प्लानिंग के लिए परफेक्ट है। परिवार के बीच गलतफहमियों का निराकरण होगा। चिंताएं व तनाव कम होगा। महीने के अंतिम समय में जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा। इस समय धन हानि के प्रबल योग बन रहे हैं। बिजनेस में नया सौदा सोच-समझकर करें।

मीन राशि
इस महीने सूर्य मीन राशि का लग्न में, शुक्र वृष राशि का तीसरे भाव में, चंद्रमा-राहु मिथुन राशि का चौथे भाव में, केतु धनु राशि का दसवें भाव में, मंगल-गुरु-शनि मकर राशि का ग्यारहवें भाव में, बुध कुंभ राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत ठीक नहीं रहेगी। काम को लेकर आपको अपनी नीतियों को बदलना होगा। 4 अप्रैल के बाद काम में तेजी आएगी। इस समय कहीं घूमने जाने का योग बन सकता है। 7 अप्रैल को सुख-समृद्धि की प्राप्ति होगी। जीवन सुखदायक रहेगा। महीने के दूसरे सप्ताह में अचानक आपके बनते काम रुक जाएंगे। परिवार के किसी बुजुर्ग सदस्य से विवाद हो सकता है। इस समय आपकी हेल्थ में गिरावट के कारण अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। 18-19 को खर्च की अधिकता परेशानी का कारण बन सकती है। इसके बाद का समय मध्यम फल देने वाला रहेगा यानी अधिक मेहनत के बाद भी सामान्य फल ही प्राप्त होंगे। महीने के अंतिम दिनों में आप पर काम की बड़ी जिम्मेदारी आ सकती है। लोगों को आपसे उम्मीदें रहेंगी और आप उसमें खरे भी उतरेंगे।
 

Share this article
click me!