मासिक राशिफल: किसी का बीमारी में पैसा खर्च होगा, किसी की संपत्ति में होगा इजाफा, कैसा होगा आपके लिए नवंबर

साल 2020 का ग्यारहवां महीना यानी नवंबर शुरू हो चुका है। इस महीने में गुरु, सूर्य, बुध व शुक्र ग्रह राशि बदलेंगे। सभी ग्रहों के योग का आपके जीवन पर क्या असर होगा, जानिए राशिफल से

Asianet News Hindi | Published : Oct 31, 2020 7:02 PM IST

उज्जैन. साल 2020 का ग्यारहवां महीना यानी नवंबर शुरू हो चुका है। इस महीने में गुरु, सूर्य, बुध व शुक्र ग्रह राशि बदलेंगे। वहीं मंगल ग्रह मीन राशि में वक्रीय स्थिति से मार्गी हो जाएगा। शनि, राहु और केतु की स्थिति में कोई परिवर्तन नहीं होगा। चंद्रमा हर ढाई दिन में राशि बदलेगा। इन सभी ग्रहों के योग का आपके जीवन पर क्या असर होगा, जानिए राशिफल से…

मेष
इस महीने चंद्रमा मेष राशि का लग्न में, राहु वृषभ राशि का दूसरे भाव में, शुक्र कन्या राशि का छठे भाव में, सूर्य, बुध तुला राशि का सातवें भाव में और मंगल मीन राशि का बारहवें भाव में रहेगा। इस महीने आप स्वयं को समर्थ और स्वतंत्र महसूस करेंगे। दूसरे भाव का चंद्रमा आपको पैसों का फायदा करवाएगा। आप अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभाने में सफल रहेंगे। बिजनेस बढ़ाने को लेकर आपके पास नए विचार आ सकते हैं। नौकरी में आप कुछ ऐसा काम करेंगे, जिससे आपकी रचनात्मकता सामने आएगी। अगर आप स्टॉफ या नौकरी बदलना चाहते हैं तो ये बिल्कुल सही समय है। इस महीने आपको अपने स्वास्थ्य का खास ख्याल रखना होगा। आंखों से जुड़ी समस्या आपको परेशान करेगी। बीमारी में पैसा भी खर्च होगा। पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो सकता है। संतान की पढ़ाई को लेकर आप असंतुष्ट रहेंगे। पिता से किसी बात पर बहस हो सकती है। इस महीने आप वाहन आदि खरीद सकते हैं। कोई शुभ कार्य भी आपके परिवार में हो सकता है। महीने के अंत का समय बहुत अच्छा गुजरेगा। आप हर कसौटी पर खरे उतरेंगे।

वृष
इस महीने राहु वृषभ राशि का लग्न में, शुक्र कन्या राशि का पांचवें भाव में, सूर्य-बुध तुला राशि का छठे भाव में, केतु वृश्चिक राशि का सातवें भाव में, गुरु धनु राशि का आठवें भाव में, शनि मकर राशि का नवें भाव में, मंगल मीन राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में आप लगातार होने वाली हानि से परेशान रहेंगे। इस समय कहीं से कोई अशुभ समाचार मिल सकता है। महीने का दूसरा सप्ताह थोड़ा सुखद रहेगा। आपकी योग्यता उभरकर सामने आएगी। 7 नवंबर को यात्रा हो सकती है, जो कि सफलता देने वाली रहेगी। कढ़ी मेहनत से एक के बाद एक उपलब्धि हासिल करेंगे। महीने के मध्य में सम्मान में कमी आ सकती है। आप अपनी बुद्धि से संकट को दूर करेंगे। 
14-15 को किसी समारोह में शामिल हो सकते हैं। संपत्ति में इजाफा होगा। 18-19 को समय ठीक नहीं है, किसी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। 20-21 को गृह स्थितियां पुन: पक्ष में आएंगी। शनि मकर राशि का स्वगृही होकर भाग्य में गोचर में परिभ्रमण भाग्य के द्वार खोल देगा।

मिथुन
इस महीने में शुक्र कन्या राशि का चौथे भाव में, सूर्य-बुध तुला राशि का पांचवें भाव में, केतु वृश्चिक राशि का छठे भाव में, गुरु धनु राशि का सातवें भाव में, शनि मकर राशि का आठवें भाव में, मंगल मीन राशि का दसवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में किसी धार्मिक कार्यक्रम में जाने का मौका मिलेगा। इस समय लंबी यात्रा का टाल दें तो बेहतर रहेगा। पिता-पुत्र में किसी बात पर विवाद हो सकता है। विद्यार्थियों का मन पढ़ाई में नहीं लगेगा। आपकी जिद के कारण कोई बनता काम बिगड़ सकता है। महीने के दूसरे सप्ताह में आपकी कोई मंहगी चीज चोरी या गुम हो सकती है। 14-15 को जॉब व करियर संबंधी शुभ समाचार मिल सकते हैं। तीसरे सप्ताह में पर स्वयं को थोड़ा रिलेक्स फील करेंगे। नया वाहन खरीदने का योग बन रहा है। नौकरी से संबंधित परीक्षा का परिणाम आपके पक्ष में आ सकता है। महीने के अंतिम सप्ताह में बड़े बुजुर्गों का आशी‌र्वाद आपको मिलेगा। आप अपनी जिम्मेदारी को निभाने में सफल रहेंगे। खान-पान का विशेष ध्यान रखें, नहीं तो पेट से जुड़ी बीमारी हो सकती है।

कर्क
इस महीने शुक्र कन्या राशइ का तीसरे भाव में, सूर्य-बुध तुला राशि का चौथे भाव में, केतु वृश्चिक राशि का पांचवें भाव में, गुरु धनु राशि का छठे भाव में, शनि मकर राशि का सातवें भाव में और राहु वृष राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में लंबे समय से रूके काम या इंक्रीमेंट के समाचार मिल सकते हैं। शत्रु आपका नुकसान करने की कोशिश करेंगे, लेकिन सफल नहीं हो पाएंगे। 7 को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। बिजनेस में की गई लापरवाही नुकसान पहुंचा सकती है। महीने के दूसरे सप्ताह में पति-पत्नी के बीच तनाव गहरा सकता है। बिजनेस में भी मुश्किलों का सामना करना पडे़गा। महीने के बीच में रुका हुआ पैसा मिल सकता है। इस समय आपकी आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी रहेगी। 16 से 20 नवंबर के बीच काम-काज में मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा, लेकिन सबकुछ ठीक हो जाएगा। महीने के अंतिम सप्ताह में अधिकारियों से संबंध आपके काम आएंगे। प्रमोशन के योग भी इस समय बन रहे हैं। आप इस समय ऊर्जा से भरे रहेंगे। संतान पक्ष से कोई शुभ समाचार भी मिल सकता है।

सिंह
इस महीने शुक्र कन्या राशि का दूसरे भाव में, सूर्य-बुध तुला राशि का तीसरे भाव में, केतु वृश्चिक राशि का चौथे भाव में, गुरु धनु राशि का पांचवें भाव में, शनि मकर राशि का छठे भाव में और मंगल मीन राशि का आठवें भाव में रहेगा। नवंबर का पहला सप्ताह आपके लिए शानदार साबित होगा। किसी बड़े आदमी से मुलाकात होगी, जो फायदेमंद साबित होगी। अपना काम निकलवाने के लिए आप हर तकनीक आजमां सकते हैं। परिवार की जरूरतों को भी पूरा करने में सफल रहेंगे। इस समय किसी समारोह में जाने का भी मौका मिलेगा। दूसरे सप्ताह में आप किसी अन्य के मामलों में टांग न अड़ाएं। पिता से मतभेद हो सकते हैं। जीवनसाथी से भी किसी बात पर विवाद हो सकता है। 14-15 को धन लाभ के योग बन रहे हैं। तीसरे सप्ताह में पेट या रक्त से जुड़ी बीमारी का शिकार हो सकते हैं। इस समय गोचर ग्रह स्थिति के अनुसार करियर में स्थायित्व आएगा। रोजगार के नए अवसर इस सप्ताह में मिलेंगे। महीने का अंतिम सप्ताह मिश्रित फल देने वाला रहेगा। विद्यार्थियों के लिए भी ये समय ठीक नहीं रहेगा।

कन्या
इस महीने शुक्र कन्या राशि का लग्न में, बुध-सूर्य तुला राशि का दूसरे भाव में, केतु वृश्चिक राशि का तीसरे भाव में, गुरु धनु राशि का चौथे भाव में, शनि मकर राशि का पांचवें भाव में, मंगल मीन राशि का सातवें भाव में रहेगा। महीने का पहला दिन थोड़ा अस्त-व्यस्त रहेगा। आठवां चंद्रमा मानसिक तनाव पहुंचा सकता है। हेल्थ भी इस समय थोड़ी गिरी हुई रहेगी। इसके बाद आप अपनी क्षमता को करियर, प्रोफेशन, अध्यात्म और धर्म की प्रगति में लगाएंगे। 8 से 15 नवंबर के बीच लाभ के साथ हानि, सुख के साथ दुख जैसे मिश्रित फलों की प्राप्ति होगी। आर्थिक मामलों में थोड़ा पिछड़ सकते हैं। 12-13 को सन्मुख चंद्रमा सफलता दिलाएगा। ये समय मानसिक शांति से भरपूर रहेगा। तीसरे सप्ताह में अचानक धन लाभ हो सकता है। अतिरिक्त आय होने से मन प्रसन्न रहेगा। लंबी दूरी की यात्रा में परेशान हो सकते हैं। 24 नवंबर को उत्तम फलों की प्राप्ति होगी। इसके बाद जीवनसाथी से किसी बात पर विवाद हो सकता है। आप किसी धर्म संकट की स्थिति में फंस सकते हैं। प्रयासों के अनुरूप सफलता नहीं मिल पाएगी।

तुला
इस महीने सूर्य-बुध तुला राशि का लग्न में, केतु वृश्चिक राशि का दूसरे भाव में, गुरु धनु राशि का तीसरे भाव में, शनि मकर राशि का चौथे भाव में, मंगल मीन राशि का छठे भाव में, शुक्र कन्या राशि का बारहवें भाव में रहेगा। महीने के आरंभ में आप कुछ चिड़चिड़े हो सकते हैं। बच्चों के साथ आपका व्यवहार ठीक नहीं रहेगा, इस कारण परिवार में वाद-विवाद की स्थिति बन सकती है। आपको इस समय थोड़ा धैर्य रखने की जरूरत है। 8-9 को माता-पिता व बच्चों से संबंधो में फिर से मजबूती आएगी। 10-11 को समय धन लाभ वाला रहेगा। आप बड़ी तेजी से पेंडिंग काम निपटाएंगे। कोई उपलब्धि भी इस समय आपको मिल सकती है। 12-13 को विरोधियों से चुनौती मिल सकती है। स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानी भी हो सकती है। घरेलू समस्याएं हावी रहेंगी। 16 से 23 नवंबर के बीच किसी खास इच्छा की पूर्ति हो सकती है। ससुराल पक्ष के किसी कार्यक्रम में जाने का मौका मिलेगा। इस समय आपके भाग्य का सितारा चमक सकता है। महीने का अंतिम समय मिला-जुला फल देने वाला रहेगा।

वृश्चिक
इस महीने केतु वृश्चिक राशि का लग्न में, गुरु धनु राशि का दूसरे भाव में, शनि मकर राशि का तीसरे भाव में, मंगल मीन राशि का पांचवें भाव में, राहु वृषभ राशि का सातवें भाव में, शुक्र कन्या राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में संतान को लेकर चिंता हो सकती है। खर्च में बेतहाशा वृद्धि होगी। ऑनलाइन खरीदी में धोखा हो सकता है। वैवाहिक जीवन में भी उतार-चढ़ाव इस समय बने रहेंगे। 7 नवंबर से स्थितियों में बदलाव आएगा। इस समय किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिलेगा। 8 से 15 नवंबर के बीच इंक्रीमेंट और मनचाही जगह तबादले के योग बन रहे हैं। इस समय आपको मान-सम्मान और पद भी मिल सकता है। आप स्वयं को ऊर्जावान महसूस करेंगे। महीने के तीसरे सप्ताह में बिजनेस को पटरी पर लाने के लिए आपको काफी मशक्कत करनी पड़ेगी। आपकी योग्यत और काबिलियत का फल आपको मिलेगा। महीने का अंतिम सप्ताह में नए मित्र बनेंगे, जिनसे भविष्य में आपको फायदा होगा। अनुचित व दो नंबर के काम करने वाले इस समय मुसीबत में फंस सकते हैं।

धनु
इस महीने गुरु धनु राशि का लग्न में, शनि मकर राशि का दूसरे भाव में, मंगल मीन राशि का चौथे भाव में, राहु वृषभ राशि का छठे भाव में, शुक्र कन्या राशि का दसवें भाव में, सूर्य-बुध तुला राशि का ग्यारहवें भाव में रहेगा। महीने के पहले सप्ताह में आप अपनी प्रतिभा के दम पर अलग मुकाम हासिल करने में सफल रहेंगे। ये आपके सपने साकार करने का समय है। इंटरव्यू में सफलता मिलेगी। पारिवारिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। नए संपर्क भी इस समय बनेंगे। 8-9 नवंबर का समय थोड़ा चिंताजनक रहेगा। खर्च की अधिकता के कारण कर्ज लेना पड़ सकता है। विरोधी आपकी गतिविधियों पर नजर रखेंगे। मनमौजी रवैया नुकसानदायक हो सकता है। किसी को काम को धैर्य से करें। 16-17 को बारहवां चंद्रमा चिंता बढ़ाएगा। इस समय आपकी हेल्थ पर बुरा असर पड़ेगा। मौसमी बीमारियां हो सकती हैं। जरूरी कामों के लिए भी ऑफिस से छुट्‌टी नहीं मिल पाएगी। 27 नवंबर के बाद समय में थोड़ा सुधार आएगा। आर्थिक स्थिति थोड़ी मजबूत होगी। कानूनी अड़चने कुछ कम होंगी। मनोरंजन में समय बीतेगा।

मकर
इस महीने शनि मकर राशि का लग्न में, मंगल मीन राशि का तीसरे भाव में, चंद्रमा मेष राशि का चौथे भाव में, राहु वृष राशि का पांचवें भाव में, शुक्र कन्या राशि का नौवें भाव में, सूर्य-बुध तुला राशि का दसवें भाव में रहेगा। महीने की शुरूआत में कई समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। किसी को काम को पूरा करने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ेगा। बेकार के कामों में समय और पैसा खराब हो सकता है। विद्यार्थियों को भी इस समय असफलता का सामना करना पड़ सकता है। 8 नवंबर के बाद किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इस दौरान नए लोगों को मेल-मुलाकात हो सकती है। नया वाहन खरीदने का मन बनेगा। 14-15 को समय शानदार तरीके से बीतेगा। जीवन का आनंद उठाएंगे। संतान की ओर से भी शुभ समाचार मिलेगा। महीने के तीसरे सप्ताह में आपके मन में तरह-तरह की शंकाएं जन्म लेंगी। देवभाव में चंद्रमा शारीरिक सुख प्रदान करेगा। महीने के अंतिम दिनों में पैसा कमाने का मौका मिलेगा। 28 नवंबर के बाद एक बार फिर ग्रह स्थितियां आपके विपक्ष में हो जाएंगी।

कुंभ
इस महीने मंगल मीन राशि का दूसरे भाव में, चंद्रमा मेष राशि का तीसरे भाव में, राहु वृष राशि का चौथे भाव में, शुक्र कन्या राशि का आठवें भाव में, सूर्य-बुध तुला राशि का नौवें भाव में, केतु वृश्चिक राशि का दसवें भाव में रहेगा। महीने के प्रारंभ में संतान या परिवार के किसी सदस्य का गिरता हुआ स्वास्थ्य आपकी चिंता का कारण बन सकता है। निवेश में धोखा होने की संभावना है। बिना वजह ही लोग आपके दुश्मनी करेंगे। पैसों के मामले में सावधान रहने का समय है। 8 नवंबर के बाद स्थितियां आपके पक्ष में बनेंगी। बॉस आपके काम से खुश होंगे। किसी मित्र की सलाह आपके काम आ सकती है। इस समय बिजनेस में धन लाभ के योग बन रहे हैं। अपनी सूझबूझ से आप मुश्किल काम भी आसानी से कर लेंगे। 16 से 25 के बीच में कोर्ट केस में सफलता मिल सकती है। अचानक कोई बड़ा खर्च होने से किसी से पैसा उधार लेना पड़ सकता है। महीने के अंतिम दिनों में प्रेम प्रसंगों के कारण तनाव की स्थिति बन सकती है। इस समय धन हानि के योग भी बन रहे हैं।

मीन
इस महीने मंगल मीन राशि का लग्न में, चंद्रमा मेष राशि का दूसरे भाव में, राहु वृष राशि का तीसरे भाव में, शुक्र कन्या राशि का सातवें भाव में, सूर्य-बुध तुला राशि का आठवें भाव में, केतु वृश्चिक राशि का नौवें भाव में रहेगा। नवंबर की शुरूआत में आप लोगों के सामने अच्छे से पेश आएंगे। बिजनेस में बढ़ोत्तरी होगी। आप लक्ष्य पाने के लिए दूसरे तरीके भी उपयोग कर सकते हैं। वैवाहिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगे। आर्थिक स्थितियों में पहले से सुधार आएगा। 10 नवंबर के बाद का समय विद्यार्थियों के लिए शुभ रहेगा। प्रतियोगी परीक्षा में सफलता मिलेगी, साथ ही रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त हो सकते हैं। 14-15 को हेल्थ से जुड़ी छोटी-मोटी समस्या हो सकती है। 16 नवंबर के बाद नौकरी में प्रमोशन के योग बन रहे हैं। आप खुले हाथों से पैसा खर्च करेंगे। अविवाहितों के लिए विवाह के प्रस्ताव आ सकते हैं। 24 के बाद समय थोड़ा चिंताजनक रहेगा। प्रेम संबंधों में दरार आ सकती है। त्वचा या खून से संबंधित कोई रोग हो सकता है। बिजनेस को लेकर बनाई नई योजना खटाई में पड़ सकती है।

Share this article
click me!