क्या लॉकडाउन में हैं किसी अनजाने डर का शिकार, इन 5 तरीकों से मिलेगी राहत

कोरोनावायरस महामारी और लंबे लॉकडाउन का असर लोगों के दिलो-दिमाग पर बहुत ही खराब पड़ रहा है। ज्यादातर लोग किसी न किसी तरह की चिंता में डूबे नजर आते हैं। बहुत से लोगों को एक अनजाना भय महसूस होने लगा है।
 

Asianet News Hindi | Published : Jun 15, 2020 11:27 AM IST / Updated: Jun 15 2020, 04:59 PM IST

लाइफस्टाइल डेस्क। कोरोनावायरस महामारी और लंबे लॉकडाउन का असर लोगों के दिलो-दिमाग पर बहुत ही खराब पड़ रहा है। ज्यादातर लोग किसी न किसी तरह की चिंता में डूबे नजर आते हैं। बहुत से लोगों को एक अनजाना भय महसूस होने लगा है। लोग भय के कारण को समझ भी नहीं पाते। कई लोग कोरोना से होने वाली मौतों और दूसरी परेशानियों के बारे में जानकर घबरा जाते हैं। वे सोचने लगते हैं कि कहीं उनके साथ भी ऐसा हुआ तो क्या होगा। इसमें कोई दो राय नहीं है कि कोरोना संकट लोगों में मानसिक परेशानी भी पैदा कर रहा है। काफी लोग चिंता, तनाव और डिप्रेशन की समस्या के शिकार हो गए हैं। जिन लोगों के मन में कोरोना का डर समा गया है, उन्हें ठीक से नींद भी नहीं आती। वे बुरे सपने देखते हैं और चौंक कर उठ बैठते हैं। उनमें खाने-पीने की रुचि भी कम हो जाती है और वे सुस्त नजर आते हैं। जानें ऐसी स्थिति से बचने के लिए क्या करना चाहिए।

1. सहज रहने की कोशिश करें
सबसे पहले यह सोचें कि कोरोना कोई पहली महामारी नहीं है। इसके पहले भी कई तरह की और इससे भी बड़ी महामारियां आ चुकी हैं। लोगों ने कोरोना से भी बड़ी-बड़ी मुसीबतें झेली हैं। इसलिए यह सोचें कि यह महामारी भी जाएगी, भले ही इसमें कुछ समय लगेगा। इसलिए अपने बचाव का उपाय तो करें, लेकिन सहज रहें। ज्यादा चिंता करने से नुकसान ही होगा।

2. योग और एक्सरसाइज जरूर करें
लॉकडाउन में घर में रहते हुए हर आदमी सुस्त महसूस करने लगता है। इसलिए नियमित योग और एक्सरसाइज जरूर करें। इससे आप बेहतर महसूस करेंगे। एक्सरसाइज करने से जहां शारीरिक स्फूर्ति बनी रहती है, वहीं योग और प्राणायाम से मन शांत रहता है। 

3. आर्थिक परेशानियों का हल सोचें
कोरोना महामारी में काम-धंधे बंद हो जाने से ज्यादातर लोग आर्थिक संकट के शिकार हो रहे हैं। प्राइवेट सेक्टर में काम करने वालों की नौकरियों पर हर समय खतरा मंडरा रहा है, बहुत लोगों की नौकरियां जा रही हैं, तो कुछ को सैलरी नहीं मिल पा रही है। ऐसी स्थिति में परेशान होना स्वाभाविक है। इस समस्या के हल के लिए परिवार के लोगों से मिल-बैठ कर चर्चा करें। हर मुसीबत का कोई न कोई समाधान जरूर निकलता है।

4. किताबें पढ़ें, संगीत सुनें
दिमाग को राहत देने के लिए कोई अच्छी मनोरंजक किताब पढ़ें। इसमें समय बढ़िया से बीतेगा। संगीत भी सुन सकते हैं। अच्छा संगीत सुनने से दिल को सुकून मिलता है। कोराना से संबंधित खबरें पढ़ने से बचें। इसकी ज्यादा चर्चा नहीं करें। 

5. सकारात्मक बने रहें
किसी भी समस्या को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं। अगर घबराहट होती हो तो एक जगह बैठ कर लंबी सांसें लें और धीरे-धीरे छोड़ें। कुछ देर ऐसा करने पर मन ठीक लगेगा। किसी दोस्त से फोन पर बातचीत भी कर सकते हैं। जो काम आपको अच्छा लगता हो, वही करें। सेल्फ कॉन्फिडेंस कमजोर मत पड़ने दें। घबराहट महसूस होने या डर लगने पर पानी पिएं। ऐसी स्थिति में किसी से बातचीत करना अच्छा होगा। खाना ठीक से खाएं और समय पर सोने की कोशिश करें। 

Share this article
click me!